Header Ads Widget

Responsive Advertisement

डबल इंजन की सरकार में हरदा ने तुम्हारा क्या बिगाड़ा है...?


प्रदीप रावत (रवांल्टा)

गजब है भई। सरकार बीजेपी की, पुतला फूंका गया पूर्व सीएम हरीश रावत। अजब विरोध की गजब कहानी है। मंगलौर में जनाब भाजपा कार्यकर्ता पूर्व सीएम हरीश रावत का पुतला लेकर विरोध करने पंहुचे। लोग समझे कुछ गंभीर मामला होगा। हरदा ने कुछ भला-बुरा कह दिया होगा, लेकिन माजरा कुछ और ही निकला। अरे भाई हरदा को क्यों कोस रहे हो। हरदा ने क्या बिगाड़ा है...अपने वालों को बोलो कि हमें नहीं चाहिए स्लाॅटर हाउस...। पर ये भी बताना पडेगा कि‍ क्‍यों नहीं...?

असल बात ये है कि हरदा के कार्यकाल में या यूं कहें कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में मंगलौर, नारसन में स्लाॅटर हाउस खोलने की अनुमति दी गई थी। उस सरकार की विदाई हुए डेढ़ साल हो गए। प्रदेश में जीरो टाॅलरेंस और डबल इंजन की सरकार है। इतनी ताकत वाली सरकार के कार्यकर्ता सड़क पर हरीश रावत मुर्दाबाद के नारे लगा रहे हों, तो लोगों का चैंकना तो बनता है। 

भाई मैं तो कुछ नहीं कह रहा पर लोग ही कह रहे हैं कि कार्यर्ताओं ने इसलिए विरोध किया कि कहीं डबल इंजन में कार्रवाई तेज ना हो जाए और मंगलौर में स्लाॅटर हाउस खुल जाए। और तो और नारे सुनकर तो हर कोई हैरान हुए बगैर नहीं रह पाया। कह रहे थे कांग्रेस शासनकाल में जिस तरह से स्लॉटर हाउस को मंजूरी दी गई, वह गलत है। हरीश रावत मुर्दाबाद...कांग्रेस पार्टी मुर्दाबाद...। पता नहीं कौन सी टाइम मशीन में चल रहे थे बेचारे...। किसीने उनको जगाया भी नहीं कि अब तो तुम्हारी ही सरकार है। 

मंगलौर वाले तो यह भी कह रहे थे कि ये भाजपा कार्यकर्ताओं ने कम छुटभैये नेताओं ने अपनी सरकार को चेतावनी देने की तरकीब खोजी है बल...! इस प्रदर्शन से वो अपनी ही सरकार का विरोध कर रहे थे। असल में हो यह रहा है कि स्लाॅटर हाउस की फाइल कहीं डंप थी और वो अचानक प्रकट होने के बाद तेजी से दौड़ने लगी है। अब सरकार से सीधे कुछ तो कह नहीं सकते। वैसे भी डबल इंजन सरकार है। तेजी कुछ ज्यादा ही है। बेचारे डर रहे थे कि कहीं डबल इंजन कुचल ना दे...। सो उन्होंने कुछ कहा नहीं। सोचा हरदा को ही आग के हवाले कर देते हैं। बाकी अपने वाले खुद ही समझ जाएंगे बल...। 

वैसे समझ में तो हरदा मुर्दाबाद वालों को भी नहीं रहा कि स्लाॅटर हाउस होता क्या है। वरना विरोध थोड़े करते...। जानकारों के अनुसार ये आलाकमान की नजर में आला बनने के लिए उठाया गया आत्मघाती कदम भी हो सकता है...। बाकी राम जी जानें..। मैं जागृत करने वाली डाॅट काॅम का नियमित पाठक हूं...। इस खबर पर नजर पड़ी तो खुद को रोक नहीं पाया। सोचा अपने पाठकों को भी बता दूं।  

Post a Comment

0 Comments