पहाड़ समाचार.com
प्रदीप रावत (रवांल्टा)
‘‘बत्ती गुल, मीटर चालू’’ ये है तो फिल्म का नाम, लेकिन इस फिल्म ने उत्तराखंड में बाॅलीवुड फिल्मों की शूटिंग का मीटर जरूर चालू कर दिया। फिल्मों की शूटिंग इससे पहले भी हो चुकी है, लेकिन जितनी चर्चा इस फिल्म की हुई। उतनी चर्चा कोई दूसरी फिल्म नहीं बटोरी सकी। फिल्म का ट्रेलर रिलीज होने के बाद फिल्म की चर्चाओं ने और जोर पकड़ लिया है। कुमाऊं और गढ़वाल में ‘‘ठैरा’’ और ‘‘बल’’ शब्द का प्रयोग लोग अक्सर कर देते हैं। खासकर कुमाऊं में अधिक प्रयोग होता है।
सवाल इस बात का नहीं है कि ठैरा और बल का प्रयोग कुमाऊं में होता है या गढ़वाल में। सवाल यह है कि कम से कम किसी बाॅलीवुड फिल्म में इस तरह से उत्तराखंडी शब्दों का प्रयोग तो किया गया है। हालांकि इससे पहले भी कुछ फिल्मों में गाने गाये जाते रहे हैं। फिल्मों की शूटिंग का दौर राम तेली गंगा मैली जैसी फिल्मों से शुरू हुआ था, लेकिन एक लंबे अरसे के लिए उस पर ब्रेक लग गया था।
एफआरआई में स्टूडेंट आॅफ दी ईयर फिल्म की शूटिंग हुई। दक्षिण के सुपर स्टार रजनीकांत भी यहां फिल्मों की शूटिंग कर चुके हैं। अब बाहुबली के निर्देशक राजामौली भी अपनी फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में उत्तराखंड में लोकेशन तलाश रहे हैं। जाॅन इब्राहिम की प्रमाणु की शूटिंग मसूरी में हो चुकी है। एक नहीं कई फिल्मों के नाम आपके सामने हैं।
इन फिल्मों में से किसी भी फिल्म में आपको उत्तराखंड में शूटिंग होने जैसा कुछ महसूस नहीं हुआ। सलमान खान की फिल्म ट्यूबलाइट में उन्होंने कुछ गढ़वाली और कुमाऊंनी शब्दों का प्रयोग किया था। फूलदेई से जुड़ा एक गाना भी फिल्म में था। लेकिन, बत्ती गुल, मीटर चालू ने वास्तव में फिल्मों में उत्तराखंड का मीटर चालू करा दिया है। फिल्म में बल और ठैरा के अलावा भी बहुत कुछ है। पूरी फिल्म में कई जगहों पर स्थानीय चीजों को जोड़कर डायलाॅग बोले गए हैं। मसलन ‘‘अबे यूके मतलब तो उत्तराखंड ठैरा बल...। ऐसे ही कई अन्य डायलाॅग भी आपको फिल्म में सुनने को मिलेंगे।
थोड़ी बात फिल्म के टाइटल को लेकर भी कर लेते हैं। दरअसल, फिल्म बार-बार गुल होती बिजली पर ही आधारित है। असल में आप और हम इस समस्या से सबसे ज्यादा परेशान हैं। पहाड़ में बिजली के आने और जाने का पता ही नहीं चल पाता। फिल्म में इस बात को गहराई से दिखाया गया है कि बिजली तो आती नहीं, पर विभाग मोटे-मोटे बिल जरूर थमा देता है। हालांकि पहाड़ में और भी समस्याएं हैं, लेकिन सबसे ज्यादा पाॅवर प्रोजेक्टों के नाम पर बर्बादी के बाद भी हम बिजली के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
जहां तक शूटिंग की बात है। टिहरी को इस फिल्म से नई पहचान मिलना तय है। फिल्म में टिहरी की हर लोकेशन को शानदार ढंग से फिल्माया गया है। झील से लेकर गांव और बाजार तक टिहरी ही टिहरी नजर आ रहा है। फिल्म का ट्रेलर सुपरहिट हो रहा है। उम्मीद करते हैं। गढ़वाली-कुमाऊं के डर्टी गेम को छोड़ कर सभी लोग उत्तराखंड को प्रमोट करने का काम करेंगे। हम उत्तराखंडी पहले हैं। गढ़वाली-कुमाऊंनी बाद में। वैसे भी केदारखंड और मानसखंड को जोड़कर ही उत्तराखंड बनता है।
0 Comments