प्रदीप रावत (रवांल्टा)
पहाड़ समाचार.com
देहरादून : ये वाले गुरु जी। जिनकी आगे बात होने वाली है। इनकी अक्सर बातें होती भी रहती हैं। क्योंकि गुरु जी की बात की कुछ अलग है। ऐसी बात कर जाते हैं कि इनकी बातें करना लोगों की मजबूरी हो जाती है। गुरु जी केवल बातें ही शानदार नहीं करते। बल्कि काम भी बेहतरीन करते हैं। ऐसे काम, जिनके बारे में लोग कम ही सोचते हैं। करना तो दूर। उनका हर काम एक आदर्श स्थापित करने वाला होता है। ऐसा ही कुछ काम आने वाले दिनों में करने वाले हैं, जिसकी शुरूआत उन्होंने सोशल मीडिया से कर दी है। उनके काम मुझे क्या हर किसी को उनका मुरीद बनाते हैं। कहीं ना कहीं उनकी चर्चा हो ही जाती है। पढ़ाई से लेकर सामाजिक सरोकारों तक हर कहीं। गुरु जी ने आजकल एक चिट्ठी लिखी है। गुरु जी ने लिखा है '' मेरे प्यारे विद्यार्थियों ''।
यहां जिन गुरु जी की बात हो रही है। उनका नाम है प्रोफेसर डाॅ. संतोष मिश्रा। हल्द्वानी डिग्री काॅलेज में अध्यापन कार्य करने के साथ ही डाॅ. संतोष मिश्रा सामाजिक कार्यों में भी पूरी तरह समर्पित हैं। रिश्तों की गर्माहट उनका ऐसा मिशन रहा, जिसने पूरे कुमाऊं के अलावा देश के दूसरे शहरों में भी पहचान बनाई। अपनी स्कूटी लेकर लोगों के घर पर दस्तक देते और लोगों से पुराने कपड़े मांगकर गरीबों को बांटने का काम किया। अब भी कर रहे हैं। अंगदान को लेकर उनकी मुहिम आज भी जारी है। 100 से ज्यादा लोगों को अंगदान के लिए प्रेरित कर चुके हैं। गरीब और भीख मांगने वाले बच्चों के लिए उन्होंने अपने घर की दीवार को ब्लैक बोर्ड बना डाला। जिन थैलियों में पैकैट वाला दूध आता है। उन थैलियों में उन्होंने पौधे तक उगा डालेे। वे राह चलते लोगों को गिलोय का पौदा बांटते हैं। इतना ही नहीं अपने विद्यार्थियों के लिए डाॅ. संतोष मिश्रा समर्पित रहते हैं। जब भी उनका कोई छात्र सफलता को हासिल करता है। वे उसको लोगों के बीच पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ते।
अब उनके हालिया अभियान पर आते हैं। डाॅ. संतोष मिश्रा ने छात्र राजनीति के बदलते स्वरूप पर चिंता जाहिर की है। उन्होंने अपनी चिंता को अलग अंदाज में पेश किया है। उन्होंने विद्यार्थियों के नाम चिट्ठी लिखी है। उसमें उन्होंने लिखा है...पूरे देश में छात्रसंघ चुनाव आने वाले हैं। आप सभी युवा किसी न किसी रूप में इस चुनाव में प्रतिभाग करेंगे। हो सकता है कि आप प्रत्याशी भी हों। ऐसे में चुनाव प्रचार करने के लिए आप विभिन्न नारों का प्रयोग जरूर करेंगे। पुराने नारों के साथ आपसे एक आग्रह है कुछ नए नारे हैं जो, मैं आपको यहां दे रहा हूं। उन्हें अपने चुनाव प्रचार के दौरान प्रयोग करके अपनी बात को सभी विद्यार्थियों तक आसानी से पहुंचा सकते हैं। उम्मीद है कि ऐसे नारे आप जरूर अपनाएंगे।
ये रहे नारे...
- यस वी कैन यस वी कैन, स्टूडेंट पढ़ाई का फैन।
- ट्विंकल-ट्विंकल लिटिल स्टार, अबकी बार पढ़ाई की दरकार।
- हम सब ठैरे बहन औ भाई, नए सत्र में सिर्फ पढ़ाई।
- तुम मुझे जीत दो, मैं तुम्हें पढ़ाई दूंगा।
- एक ही नारा एक ही टीम, नींव है क्लासेज, क्लासेज बीम।
- दिल-दिल जान-जान, पढ़ाई से होगी ऊंची शान।
- जीत हमारी पक्की है, रोज पढ़ाई नक्की है।
- वोट मुझे ही देना अबकी, चलवाऊंगा क्लासेज सबकी।
- जो क्लासेज चलवाएगा, वोट उसी को जाएगा।
- भाई का टैंपो हाई है, भाई का लक्ष्य पढ़ाई है।
- बहन का टैंपो हाई है, बहन का लक्ष्य पढ़ाई है।
- वोट मुझे ही देना भाई, कॉलेज में बस होगी पढ़ाई।

0 Comments