प्रदीप रावत (रवांल्टा)
कसम सेे फेसबुक वाले भाई जी सोबन सिंह ने मोदी जी को गजब का सुझाव दिया है। 15 अगस्त आने वाला है। सुना है इस बार स्वतंत्रता दिवस के दिन लगने वाले लाउड स्पीकरों की आवाज पहले से कहीं अधिक रहेगी। पीएम श्री नरेंद्र भाई जी मोदी जी जो कुछ भी फेंके। मेरा मतलब बोलें। इसमें मेरी गलती नहीं है। लोगों ने फेंकू-फेंकू कहा, तो मेरी अंगुलियां भी ‘‘फ’’ की तरफ फिसल गईं थी। चलो छोड़ो पहले भाई जी की फरमाइस नहीं सुझाव कहना चाह रहा था। उन्होंने मांग की है कि मोदी जी अपने भाषण में मोहम्मद रफी जी के गाने की बस एक लाइन को शामिल कर लें...क्या हुआ तेरा वादा...वो कसम...वो इरादा। मेरा भी मन कर रहा है कि मैं भी सुझाव दूं कि शुक्रिया-शुक्रिया वादा जो तुमने किया...क्या खता हमसे हुई रोजगार क्यों नहीं दिया...। माफी चाहूंगा। आज अंगुलिया काबू में ही नहीं। लिखना कुछ चाह रहा हूं और लिखा और ही जा रहा है।
सरकार के चार साल पूरे हो गए हैं। मोदी जी इस बार 15 अगस्त को देश को संबोधित करते हुए अपनी सरकार के चार साल का लेखा-जोखा और वायदों को पूरा करने के बारे में फेंकेंगे। फिर से माफ कर दीजिए...। गलती हमारी नहीं। अंगुलियों की है और उन लोगों की है, जिन लोगों ने उनका ये नाम रखा...देशद्रोही कहींके...। चलो अब गुस्सा छोड़ भी दो...कसम थोड़े खाई है, जो मुंह फुलाये रहोगे। मोदी जी को वैसे में रोकने वाला कौन है। जिन जनाब के बारे में कपिल, चिंटू और पिंटू कह रहे थ्ाेे कि वाेे पीएम बनेंगे। आजकल आंख मार रहे हैं। ऐसा लोग कहते हैं। मैं तो उनकी इस अदा को उनकी और कांग्रेस की आंख फोडना कहना चाहता हूं। ऐसी मेरी इच्छा है। अब इसे भक्तों को खुश करने वाली बात मत समझ बैठना...। समझ भी लोगे तो मेरा क्या जाता है। समझने में दिमाग तो उनका ही खर्च होगा। मैंने तो अपना खपा दिया है। सीधा और टेढा लिखने में...।
चलो छोडो मैं भी आपको घुमाता-फिराता रहता हूं...। यहां-वहां...यहां-वहां...। अब असल बात पर आते हैं। मामला यह है कि देश से बेरोजगारी पूरी तरह समाप्त हो गयी है। पिछले चार साल में 6 करोड़ युवाओं को रोजगार मिल चुका है। उत्तराखंड को छोड़कर...। यहां के युवा दूसरों को रोजगार देंगे...बल। ऐसा वहां के सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा है। जब से जीरो टाॅलरेंस वाले मुख्यमंत्री बने, तब से नौकरियां निकलनी भी जीरो हो गई।
खैर केंद्र सरकार की उपब्धियां सुनो...कहां इधर-उधर के चक्कर में पड़े हो। विदेशों में जमा कालेधन की सरकार बनने के 99वें दिन ही वापसी हो गई थी। सबके खातों में 15-15 लाख रुपया पड़ा है, जिसमें से रोजाना बैंक वाले 15 लाख वाले गरीबों के खातों से मिनीमत बैलेंस चार्ज काट ले रहे हैं।...हासिल पाई जीरो। भ्रष्टाचार के आरोपी सांसदों-विधायकों के मुकदमों के लिए बनी विशेष अदालतों ने देश के हर भ्रष्टाचारी को भाजपा में पांच साल तक बा-ऐश-ओ-आराम की सजा सुनाई है। महंगाई इतनी कम हो गई कि मुझे बचपन वाले दिन याद आ रहे हैं। जब हम 10 पैसे में 10 मेलचूस (संतरे वाली टाॅफी) चबाकर खा जाया करते थे। गंगा जी के घाटों पर वाराणसी में लोग दूर-दूर से स्नान करने पंहुच रहे हैं। घाटों पर बने पार्कों की हरियाली में लोग आराम किए बगैर वापस ही नहीं लौटते।
डबल इंजिन वाली बुलेट ट्रेन में बैठा। दिल्ली से सीधे देहरादून...। बाबा...इतनी तेज चल रही थी कि मैं तो स्वर्ग की सैर कर आया। देहरादून पंहुचने तक आंखे खोली ही नहीं। जम्मू-कश्मीर में भाजपा के सरकार से अलग होते ही अनुच्छेद 370 भी समाप्त हो गया। कश्मीरी पंडित और दूसरे हिंदू खुशी के मारे भाजपा के बड़े नेताओं के लिए केशर लेकर दिल्ली पंहुचने वाले हैं। गुलाबी क्रांति यानी गोकशी और मांस निर्यात पर पूरी तर प्रतिबंध लग चुका है। सरकार कुछ करे ना करे, पर सरकारी छूट प्राप्त गोभक्त गोसेवा के नाम पर लोगों को स्र्वग के दरवाजे तक जरूर छोड़कर आ रहे हैं। देश में सौ शहरों को स्मार्ट सिटी बनाया जा चुका है। स्मार्ट सिटी वाले सरकार की जय-जयकार करने में लगे हैं। पूरे देश में किसी के बोलने पर कोई पाबंदी नहीं है। बस उसके लिए एक मात्र शर्त है कि जो भी बोलेगा सरकार की तारीफ में ही बोलेगा...वरना बोली ही ना।
यहां तक पढ़ते-पढ़ते कुछ प्रेमियों का तो गला भी सूख चुका होगा। मेरा उनसे अनुरोध है कि विरोध के चक्कर में अपना गला ना सुखाएं। बीपी बढ़ गया तो हार्ट अटैक का भी खतरा हो सकता है। मैं भी मुम्हारी तरह ही हूं। बेरोजगारी का मारा बेचारा। चुगलेर तो हूं पर तुम्हारी तरह चम्चा बनने की कला मुझमें नहीं है...भाई क्या करूं। देखते हैं 15 अगस्त को और क्या-क्या फेंकते हैं।...साॅरी...साॅरी फिर गलती हो गई...।

0 Comments