प्रदीप रावत (रवांल्टा)
पहाड समाचार : नीचे शोर करती नदी। नदी के ऊपर दोनों छोरों पर बंदी तार। यही लोगों का रास्ता है। इसी रास्ते से लोग आर-पार जाते हैं। पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश ने इस झूलती तार पर भले ही लोगों की आवाजाही कम कर दी है, लेकिन एक जिद्दी और जुनूनी मास्टर हर रोज इसी झूलती तार से सरक कर मौत को मात देते हुए अपने स्कूल पंहुचते हैं। समय से स्कूल पंहुचने का यही एक मात्र रास्ता है। इन पर बच्चों को पढ़ाने का ऐसा जुनून सवार है कि यह अपनी मौत की परवाह भी नहीं करते। और तो और तार के सहारे नदी पार करने के लिए हार्निस भी खुद ही खरीद लाये। शिक्षक के समर्पण को सलाम, सिस्टम पर लानत।
सरकार कब तक बंद आखों से और रात के अंधेरे में आपदा केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। आंखे खोलिए और दिन के उजाले मे तारों पर झूलती जिंदगियों को देखिए। इन्हीं तारों पर झूलते और सरकते हुए प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में कई मौतें भी हो चुकी हैं। क्या अब भी यही कहेंगे कि हालात सामान्य हैं। राहत का हर तरह का प्रबंध किया गया है। लोग अब भी आपदा के जख्मों से कराह रहे हैं। उन जख्मों को सहलाने की जरूरत तो है ही, लेकिन मलहम लगाकर घावों को ठीक करने की आवश्यकता ज्यादा है।
राजकीय प्राथमिक विद्यालय दानीबगड़ ग्राम टागा मुनस्यारी के शिक्षक जोध सिंह की छोटी सी चूक से उनकी जान पर बन सकती है। नदी का तेज बहाव यह फर्क नहीं करता कि यह जो आदमी मेरे वेग में समाया है, नेक काम कर रहा था। सिस्टम ऐसा है कि जोध सिंह और ऐसे ही तमाम खतरों के खिलाड़ियों के साथ हादसा होने के बाद पल्ला झाड़े लेता है। सरकार भी एक-दो अधिकारियों को सस्पेंड करने, पुल बनाने और मुआवजे की घोषणा कर उसे भूल जाती है।
येे भी पढें--https://www.pahadsamachar.com/2018/07/blog-post_79.html
उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, चम्पावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर में हालात खराब हैं। खासकर पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग में झूलती तारों पर सरकती मौत की ट्राली कइयों की जान ले चुकी है। जब भी कोई मौत होती है। उसके बाद हर बार आश्वासन दिया जाता है, लेकिन मौत पर दिए जाने वाले आश्वासन आज तक पूरे नहीं हो पाए। अधिकारियों को दिए जाने वाले आदेश और निर्देश भी हवाई होते हैं। सरकार कब तक जनता को यूंही ठगते रहेंगे। कब तक लोग तारों और ट्रालियों पर अपनी मौत का सफर यूंही करते रहेंगे।

0 Comments