प्रदीप रावत (रवांल्टा)
पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के चमोली, बागेश्वर और उत्तरकाशी से चौंकाने वाली तस्वीरें सामने आई हैं। उत्तरकाशी से 31 जुलाई और 2 अगस्त को नौगांव ब्लाक के रस्टाड़ी गांव की दो तस्वीरें सामने आई। इन तस्वीरों में गर्भवती महिलाओं को दर्द से कराहते साफ देखा जा सकता है। पर सरकार और उनके नुमायदों को इन महिलाओं के दर्द की कराहट नहीं सुनाई दे रही। सड़क बनाने की मांग ग्रामीण लंबे समय से कर रहे हैं। सर्वे भी हो चुका है, लेकिन विभाग की शासन में पड़ी फाइल को कोई देखने वाला नहीं है। जिम्मेदारी सीधेतौर पर मुख्यमंत्री की है। लोक निर्माण विभाग और सरकार के मुखिया वही हैं। अगर सड़क बनाने में वन विभाग आड़े आ रहा है, तब भी मुख्यमंत्री को ही इस मामले में पहल करनी चाहिए थी। सरकार और सरकार के नुमायंदे सत्ता की पालकी पर आराम फरमा रहे हैं। उनका ये आराम प्रदेश के मजबूर, बीमार और परेशान लोगों के लिए मौत साबित हो सकता है।
सरकार ने उन गांवों के लिए 108 डंडी-कंडी पालकी योजना शुरू कर थी, जिन गांवों तक सड़क नहीं पंहुच पाई है, लेकिन योजना के तहत जिन पालकियों ने गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पंहुचाना था। उनका आज तक कहीं पता ही नहीं है। इतना ही नहीं। सड़क तक पंहुचने के बावजूद 108 सेवा भी इन गर्भवती महिलाओं को अस्पताल लेजाने के लिए नहींं पंहुच रही । अब तस्वीरों और हालातों की बात करते हैं।
तीन दिन पहले बागेश्वर से एक तस्वीर सामने आई थी, जिसमें लोगों ने 30 किलोमीटर पैदल चलकर गर्भवती महिला को डंडी के सहारे कंधों पर लादकर दो दिन में अस्पताल पंहुचाया था। इसके दो दिन बाद 31 जुलाई को नौगांव के रस्टाड़ी गांव से एक तस्वीर सामने आई। रंगमाला नाम की महिला को अचानक प्रसव पीड़ा हुई। ग्रामीणों ने उनको डंडी के सहारे कीमीगांव तक सड़क पर पंहुचाया। 108 को पहले ही फोन कर चुके थे, लेकिन 108 नहीं आई। मजबूरन लोगों को महिला को निजी वाहन से अस्पताल पंहुचाना पड़ा।
ये भी पढें---https://www.pahadsamachar.com/2018/08/blog-post.html
आज इसी गांव यानि रस्टाड़ी गांव की एक और तस्वीर सामने आई है। गांव की ललीता नाम की महिला को प्रसव पीड़ा हुई। गांव से लेकर लोग उन्हें पैदल लंबा सफर तय कर सड़क तक लाए, लेकिन आज भी 108 नहीं पंचुची। सवाल यह है कि इसके लिए जिम्मेदार कौन है। क्या इसके लिए भी सीधेतौर पर सीएम जिम्मेदार नहीं हैं। क्योंकि यह विभाग भी उन्हीं के पास है। आखिर ऐसा क्या है कि मुख्यमंत्री के विभागों में कोई उनकी नहीं सुनता। 108 को जब पूरा भुगतान किया जा चुका है। फिर भी 108 सेवा गर्भवती महिलाओं को अस्पताल लेजाने के लिए नहीं पंहुचती। इससे पहले भी ऐसी ही कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। फिर किसी को फर्क क्यों नहीं पड़ता। सरकार को इस दिशा में सोचाना और चिंतन करना होगा।
मुख्यमंत्री को लिख चुके पत्र
करीब चार माह पहले भी ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को गांव के लिए स्वीकृत सड़क का निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग को लेकर एक पत्र लिखा था। पिछले करीब छह साल से ग्रामीण सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं। प्रख्यात बाल व्यास आयुष कृष्ण नयन महाराज ने भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखा था। बावजूद शासन से कोई कार्रवाई नहीं की गई।

0 Comments