प्रदीप रावत (रवांल्टा)
भाजपा चुनावी मोड़ में नजर आ रही है। प्रदेश में भले ही अभी निकाय चुनाव नहीं हुए हों, लेकिन भाजपा की नजर आगामी लोकसभा चुनाव पर है। सायरा बानो का नाम आप सभी ने सुना ही होगा। सायरा ने तीन तलाक और हलाला को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। आज उनकी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट और महामंत्री संगठन से भेंट हुई। इस मुलाकात को वैसे तो आम मुलाकातों की तरह देख सकते हैं, लेकिन भाजपा अपने जिस एजेंडे को लेकर चल रही है। उसके तहत उनका निशाना महिला मुस्लिम वोटरों पर है। सायरा से मुलाकात को भी इस नजरिए से देखा जा सकता है। यह बात भी सामने आ रही है कि उन्होंने भाजपा में शामिल होने की इच्छा जाहिर की है।
सायरा भले ही काशीपुर जैसे छोटे शहर से हों, लेकिन उनका राष्ट्रीय स्तर पर बड़ा नाम है। तीन तलाक को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल करने और उस पर बहस के बाद जिस तरह कोर्ट ने निर्णय दिया। उसने सायरा को उन मुसिल्म महिलाओं का लीडर बना दिया, जो तीन तलाक का विरोध करती हैं और उससे परेशान हैं। तीन तलाक को लेकर सायरा कई मुस्लिम संगठनों के निशाने पर भी आ गई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सायरा खासी प्रभावित हैं। उनके पिता भी पीएम मोदी के फैन हैं। इस लिहाज से यह तय माना जा रहा है कि सायरा बानो भाजपा में शामिल तो होंगी, लेकिन भाजपा उसके लिए फिलहाल किसी खास मौके की तलाश में है। सायरा बानो को हल्के में बिल्कुल भी नहीं लिया जा सकता। इसको ध्यान में रखते हुए उत्तराखंड या दिल्ली में सायरा बानो को किसी बड़े राष्ट्रीय नेता की उपस्थिति में भाजपा में शामिल कराया जा सकता है।
राजनीतिक लिहाज से देखें तो भाजपा के लिए नुकशान और फायदे दोनों तरह से देखा जा सकता है। दरअसल, सायरा बानो के तीन तलाक और हलाला को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने से कई मुस्लिम संगठन उनके खिलाफ हो गए। खासकर मुस्लिम पुरुषों ने उनका खूब विरोध किया। जबकि अधिकांश महिलाओं ने उनका साथ दिया। बड़ी संख्या में महिलाएं देशभर में उनसे जुड़ी हैं। भाजपा उनको मुस्लिम महिलाओं की ब्रांड एंबेस्डर की तरह पेश कर सकती है। लेकिन, दूसरी ओर भाजपा को उन लोगों से भी खतरा होगा, जो सायरा बानो के विरोधी हैं। असल में क्या होता है और भाजपा किस तरह सायरा बानो का उपयोग करती है। इसके लिए कुछ इंतजार तो करना ही होगा।

0 Comments