सेवा में,
श्री उत्तराखंड के मुख्यमंत्री जी
सबसे पहले मुद्दे की बात। बाकी सब बाद में। हो सकता है कुछ चीजें मैं भूल गया होंगा। और वो लिखने से रही गई हों। क्योंकि इससे पहले मैंने जो तीन-चार पेज की चिट्टी लिखी थी। वो सब कंप्यूटर हैंग होने के कारण डिलीट हो गयी...और मैं बन गया सुदामा। पर मैंने ठान लिया था कि आज हर हाल में अपने मुख्यमंत्री को चिट्टी लिखकर ही रहूंगा। उसके लिए चाहे दिमाग को कितनी ही बार कृष्ण क्यों ना बनाना पड़े। आखिरकार मैंने फिर से लिखने का निश्चय कर ही लिया। जो आपको भेज रहा हूं। इस नादान चिट्ठी के जिरिये...कृप्या पढ़ियेगा जरूर।
माननीय मुख्यमंत्री जी। मैं आपको मुद्दे से भटकाकर परेशान नहीं करना चाहता। मैं इस बात को लेकर बेहद चिंतित और परेशान हूं कि आप राजनीति छोड़ने की बातें कर रहे हैं। पगला गए हैं क्या...? माफी चाहता हूं। इन शब्दों के लिए, पर क्या करूं चिंता और घबराहट के मारे मुंह से निकल गए। निकले क्या...यूं समझिये कि संभालते-संभालते छूट गए। राजनीति छोड़ें आपके दुश्मन। भला आप क्यों छाड़ेंगे।
वैसे भी आपके मुख्यमंत्री पद से हटने का सबसे ज्यादा नुकसान तो मुझे ही होगा। खैर...अब असल बात पर आते हैं। सुना और पढ़ा कि आपने कहा है बल कि अगर सारे लोग सुदामा बन जाएं, तो आप राजनीति छोड़ देंगे। पर क्यों बनाना चाहते हैं आप सबको सुदामा...? आप कृष्ण क्यों नहीं बन जाते। कृष्ण बनिए और हर लीजिए प्रदेश की जनता का दरिद्र। देखिये साबह सुदामा होने के दो अर्थ हैं। पहला ये कि सुदामा गरीब तो थे, लेकिन लालची कतई नहीं थे। अपनी पत्नि के कई बार कहने पर ही वे भगवान श्री कृष्ण के पास गए थे। एक बार तो उनके महल से वापस भी लौट आए थे। आपके महल से तो हर दिन ही कोई ना कोई लौटता रहता होगा। आदत हो गई होगी। दूसरे अर्थ में देखें तो वो भगवान के मित्र भी थे और उनकी प्रजा भी। अगर आप गौर करेंगे तो आप भी इस वक्त इस दरिद्र उत्तराखंड के कृष्ण बन सकते हैं।
आपके पास कृष्ण बनने का पूरा मौका है। उत्तरा दीदी तो आज नहीं कल मान ही जाएंगी या उनसे मनवा लिया जाएगा। छोड़िये सारे झमेले को और आगे बढ़िये। लोगों के साथ मेरे लिए चिट्ठी टाइप कर रहे इस टिपीकल टाइप के पत्रकार ने भी आपके लिए बहुत भला-बुरा कहा होगा। अक्कड़ ऐसी की माफी मांगने का भी तैयार नहीं...। चलो मैं ही टाइप करने के बदले में इसकी तरफ से आप से माफी मांग लेता हूं। उम्मीद है...आपने चिट्ठी पढ़ ली होगी। यह भी निर्णय कर लिया होगा कि अब आप राजनीति नहीं छोड़ेंगे और सुदामा बन चुके उत्तराखंड के कृष्ण बनने का संकल्प भी ले लिया होगा।
धन्यवाद
जवाब की प्रतिक्षा में आपका प्यारा उत्तराखंड।
0 Comments