प्रदीप रावत (रवांल्टा)
कबूतरी देवी। पहाड़ की पहली लोक गायिका। पर अब लोक को यह आवाज कभी सुनने को नहीं मिलेगी। कबूतरी देवी की सांसे थम गई हैं और उनके साथ थम गया उनका संगीत। उनका रचना संसार। वह संसार, जिसने पहाड़ के लोक गीतों और लोक संगीत को अपने सुरों से सबसे पहले पहचान दिलाई। पहाड़ के हर दर्द को अपनी सुरीली आवाज से सुनने वालों के कानों में मिश्री घोली। पहाड़ की सुंदरता से लेकर पहाड़ की पहाड़ सी समस्याओं को उन्होंने अपनी आवाज के जरिए उठाया। ऋतु परंपरा की उत्तराखंड की उनको एक मात्र गायिका भी कह सकते हैं। उन्होंने जितना समृद्ध उत्तराखंड की संस्कृति को किया। खुद जीवन भर संघर्ष कर अपनी तंगहाली को हराती रही, लेकिन कभी उत्तराखंड की संस्कृति को नहीं हारने दिया।
पहाड़ों ठंडो पाणी, कि भली मिठी वाणी गाना हर किसी की जुबां पर आज भी आ ही जाता है। उनके गले से सुर ऐसे निकलते थे। मानो उनको तराश कर बाहर निकला जा रहा हो। हर सुर में मिठास। अगर आप में से किसी ने 70-80 के दशक में लखनऊ आकाशवाणी के गाने सुने हों, तो आपके कानों पर जो पहीे आवाज अपने एहसास का दस्तक देगी। वह किसी और की नहीं, बल्कि पहाड़ की पहली लोक गायिका कबूतरी देवी की होगी। सुना है कि जब भी कबूतरी देवी का गाना आकाशवाणी पर प्रसारित होता था। हर कोई बस रेडियो से चिपका रहता था।
आज पनी जौं-जौं, भोल पनी जौं-जौं, पोरखिन (परसी) त न्हैं जूंला गाना आज भी जब कहीं बजता है तो कान उस गाने के लिए आतुर रहते हैं और कदम खुद-ब-खुद ठिठक जाते हैं। कबूतरी देवी को उत्तराखंड की तीजन बाई भी कहा जाता था। उनके जाने के साथ ही काली पार नेपाल और काली आर भारत में उनके चाहने वालों को अब उनकी चहेती कलाकार कभी नजर नहीं आएगी।
उनका जन्म काली-कुमाऊं के लोक गायक परिवार में हुआ था। सुरों को पिरोने और पहाड़ी गानों के साथ प्रयोग होने वाले रागों को उन्होंने अपने परिवार में अपने पिता से ही सीखा था। उनके पिता देब राम भी लोक के साधक रहे। मां रामकली ने भी संगीत की साधना की। अपने जमाने की बहुत ही प्रसिद्ध लोक गायिका थी। कबूतरी देवी की गायकी अन्य गायिकाओं से बिल्कुल अलग थी।
70 के दशक में ही इनके पती दीवानी राम ने कबूतरी देवी के सुरों की साधना और काबिलियत को पहचाना। वही उनको आकाशवाणी में लेेकर गए। सार्वजनिक मंचों पर गाने का साहस दिया। वे अपने जमाने की अकेली गायिका थीं, जो तब स्टेज शो या किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम में गाती थीं। लोकगीतों को भी सबसे पहले उन्होंने ही आवाज दी थी। पहाड़ों में रचे-बसे संगीत और गीत उनकी आवाज के दम पर देशभर में लोगों की पसंद बने।
वे चाहती तो शहरों में रह सकती थीं, लेकिन उन्होंने कभी भी पहाड़ से दूर नहीं जाना चाहा। यही कारण था कि अपने जीवन के अंतिम क्षणों में कबूतरी देवी पहाड़ में ही रही। अपनी बेटी के साथ पिथौरागढ़ में रह रही थी। उन्होंने आज अंतिम सांस ली।
अलविदा तीजन बाई...लोक की स्वर कोकिला कबूतरी देवी...।

0 Comments