बराली एक्सप्रेस -10
कहते हैं आवश्यकता अविष्कार की जननी होती है। तभी तो पहाड़ के बच्चों ने जहां-तहां ऐसे डांग (पत्थर) खोज रखे थे जिनको वह फिसलपट्टी की तरह उपयोग कर पायें। इन घुसघुस्या डांग का गजब का आकर्षण होता था। बराली और उसके आस-पास के क्षेत्रों में इस तरह की खूब सारी डांग थी जिन्हें बच्चों ने घुसघुस्या डांग के तौर पर चिन्हित कर उपयोग करते थे। कई डांग तो ऐसे थे जिन्हें कई पिढ़ियों के बच्च्चों ने इस्तेमाल किया था। इन घुस्घुस्यां डांग को चिफला (चिकना) बनाने के लिये कुछ तुफानी प्रवृत्ति के बच्चे कभी कभार कमेड़ा (खड़िया मिट्टी) उपयोग करते जिससे इनमें फिसलने की गति बढ़ जाती। हालांकि इससे खतरा भी दुगुना हो जाता था। बच्चे खेती के काम, गाय भैंसों के साथ आते-जाते इन डांगों का भरपूर उपयोग करते थे।
इन घुसघुस्यां डांगों का ही प्रताप था कि गांव में कोई ऐसा बच्चा नहीं मिलता जिसकी सुलार (पेंट या पैजामा) में पीछे और घुटनों में दो-दो छेद न हो रखे हों। सुलार पर बने ये छेद पहाड़ के बचपन में साम्यवाद के प्रतीक से थे जिसमें गरीब-अमीर, लड़का-लड़की सब बच्चों को बिना कोई भेदभाव किये उपहार में मिल जाते। कपडों पर बने ये छेद किसी मौसम के भी मोहताज नहीं बल्कि सदाबहार बने रहते थे। मजाल है कि सुलार पर बने ये छेद किसी हीनता का बोध कराते हों, क्योंकि सभी बच्चे छेदीलाल बनकर घूमते रहते थे।
घर में बड़े बुजुर्गों की डांट-फंटकार, मारकूट इस घुसघुस्या डांग के तितस्म के आगे हथियार डाल देते। हां कई बार किसी को चोट फटांग लगने की स्थिति में दो-चार दिन इन पर फिसलना कम हो सकता था लेकिन फिर से मौसम पहले जैसा हो जाता।
इन्हीं घुस्सघुस्या डांगों की वजह से दर्जी के यहां भी सुलार पर टल्ले लगाने वालों की भीड़ से रौनक बनी रहती थी। यही वह रौनक थी जो अभावों में भी कुछ तो है का भाव जगाती थी। अपनी सुलार पर टल्ला लगाने के लिये घर से कोई दूसरा उससे पुराना कपड़ा ले जाया जाता।
कुछ जुबाड़ी किस्म के बच्चे दर्जी बौडा को मौसमी फल, मिर्च, खाजा आदि भी भेंट करते। ऐसे में यदि दर्जी बौडा ने कभी नये कटपीस से टल्ले लगा दी तो समझो दुनिया का सबसे बड़ा काम कर दिया हो। पुरानी सुलार पर लगे चार टल्लों से नए तरीके का फैशन सा उभर आता। जिसको पहन कर बच्चे शान से घूमते रहते। कभी-कभी घर के बड़े बुजुर्ग भी सुई-तागे से टल्ले लगा देते ऐसे में टल्लों पर सिकुड़न के साथ साथ नए-नए रंग के धागों के डिजाइन उभर आते। कभी कभी तो मजबूती के लिये स्वेटर के तागे का भी उपयोग कर लेते जिससे खूबसूरत सा डिजाइन बन जाता। दूर से देखने पर ऐसा लगता जैसे टल्लों के चारों ओर रंगीन चिंटियां चल रही हों।
लेकिन कहते हैं न बकरी की मां कब तक खैर मनायेगी। आखिर इन टल्लों को भी तो घुसघुस्या डांग से सामना करना ही होता और हफ्ते दस दिन में फिर पुरानी स्थिति आ जाती। ऐसे में तंग आकर दर्जी बौडा भी झुझलाकर जवाब दे देते कि अभी परसूं तो लगाये थे तुम्हारे टल्ले!
जारी....

0 Comments