Pahad samachar.com
अगर आपने उत्तरा पंत की असली कहानी नहीं पढ़ी, तो हम आपके सामने पेश कर रहे हैं उनकी पूरी कहानी। सोशल मीडिया पर पिछले कुछ दिनों से अपडेट की गई उत्तरा पंत की पोस्टें, कविताएं और भी बहुत कुछ। किस तरह से वह सिस्टम से परेशान थी। आज जब वह मुख्यमंत्री के दरबार में गई, उसे वहां न्याय नहीं मिला, बल्कि उसे सस्पेंड करने के आदेश सीएम ने जरूर कर दिए। आदेशों को पूरा करने में मातहतों ने कोई कोताही भी नहीं बरती। यह बात अलग है कि, जो उत्तरा पंत पिछले 2 सालों से अपनी पहली तैनाती वाले विद्यालय की जांच की मांग कर रही हैं। उसका आज तक कुछ नहीं हुआ।
25 सालों से एक महिला अपने गृह जनपद के बाहन नौकरी कर रही है। वह बस इतना चाहती थी कि वो 53 साल की हो गई हैं। पति की मौत हो चुकी है 2 बच्चों की देखभाल करनी है। उनकी एक मात्र मांग है कि उनका ट्रांसफर देहरादून कर दिया जाए। स्थानांतरण तो नहीं हुआ। सस्पेंड जरूर हो गई। ....
वो कहती हैं कि चौबीस साल हो गए मुझे घर से मीलों दूर रहते हुए, पति की मृत्यु के बाद घर की परिस्थितियाँ विपरीत नहीं होती, और शिक्षा विभाग द्वारा मेरा मानसिक उत्पीड़न और आर्थिक हानि न की होती, तो इन भ्रष्ट निरंकुशों के मुँह लगने की जरूरत ही क्यूँ पड़नी थी। अपनी फेस बुक पर 16 जून को ये शब्द पोस्ट करने वाली शिक्षिका ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से हताश होकर आज गुरूवार को देहरादून में चल रहे मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत के जनता दरबार में शिक्षा विभाग में फैले भ्रष्टाचार पर जमकर हंगामा काटा। शिक्षिका ने उनकी बात सही ढंग से न सुने जाने पर मुख्यमंत्री को बहुत खरी खोटी सुनाने के साथ-साथ चोर उचका तक कहा दिया। इस पर गुस्सायें मुख्यमंत्री ने पहले तो शिक्षिका को सस्पेंड करने की धमकी दी लेकिन तब भी शिक्षिका चुप नहीं हुई तो मुख्यमंत्री ने उन्हें सस्पेंड करने का आदेश दे दिया। सस्पेंड करने के आदेश के बाद शिक्षिका और आग बबूला हो गई और उसने मुख्यमंत्री को और अनाप सनाप बोलना शुरू कर दिया।
इधर शिक्षिका के चुप न होने पर मुख्यमंत्री ने भी पद की गरिमा को भूलकर ‘इसको गिरफ्तार करो और बाहर ले जाओ’ कह दिया। आवेश में आये मुख्यमंत्री रावत ने उत्तरकाशी जिले के नौगांव प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत शिक्षिका उत्तरा बहुगुणा पंत के खिलाफ कार्रवाई के आदेश तब दिये जब उसने अपने तबादले के लिए गुहार लगायी।
उत्तरा ने कहा कि वह पिछले 25 साल से दुर्गम क्षेत्र में अपनी सेवायें दे रही है और अब अपने बच्चों के साथ रहना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि उनके पति की मृत्यु हो चुकी है और अब वह देहरादून में अपने बच्चों को अनाथ नहीं छोड़ना चाहतीं। उत्तरा ने कहा, मेरी स्थिति ऐसी है कि ना मैं बच्चों को अकेला छोड़ सकती हूं और ना ही नौकरी छोड़ सकती हूं। मुख्यमंत्री द्वारा यह पूछे जाने पर कि नौकरी लेते वक्त उन्होंने क्या लिख कर दिया था? उत्तरा ने गुस्से में जवाब दिया कि उन्होंने यह लिखकर नहीं दिया था कि जीवन भर वनवास में रहेंगी। इससे मुख्यमंत्री भी आवेश में आ गये और उन्होंने शिक्षिका को सभ्यता से अपनी बात रखने को कहा लेकिन जब उत्तरा नहीं मानीं तो उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उन्हें तुरंत निलंबित करने और हिरासत में लेने के निर्देश दिये।
सरकारी सूत्रों ने बताया कि शिक्षिका को मुख्यमंत्री के निर्देश पर निलंबित कर दिया गया है। हालांकि, बाद में उन्हें हिरासत से रिहा कर दिया गया।
यहां जारी एक सरकारी विज्ञप्ति में भी इस घटना का जिक्र करते हुए कहा गया है कि अपने स्थानांतरण के लिए आई उत्तरकाशी की एक प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका ने अभद्रता दिखाई और अपशब्दों का प्रयोग किया। शिक्षिका से अपनी बात मर्यादित ढंग से रखने का अनुरोध किए जाने पर भी जब शिक्षिका ने लगातार अभद्रता किया तो उक्त शिक्षिका को निलम्बित करने के निर्देश दिए गए।
बताया जा रहा है कि शिक्षिका 24 साल से उत्तरकाशी जिले के दुर्गम में समायोजन पर तैनात थी। इस दौरान उसके पति की भी मृत्यु हो गई। इस पर भी शिक्षा विभाग के अधिकारियों का दिल नहीं पसीजा तो वह न्याय की गुहार को लेकर महानिदेशक के पास गई जिन्होंने उसे एक महिला अधिकारी के पास भेज दिया। वहां पर भी उसके साथ उपहास हुआ। अपनी फेसबुक पोस्ट में इन बातों का जिक्र करते हुए उसने अधिकारी को कहा कि मेरे आवेदन पत्र में कही भी स्थानान्तरण के लिए लिखा गया हो तो जो मर्जी सजा देना। मैं तो केवल शिक्षा विभाग के भ्रष्टाचार की जांच के लिए यह पत्र दे रही हूं।
–--–--------------
पुराना है मामला
उत्तरा पंत बहुगुणा अपनी 16 जून की फेसबुक पोस्ट में लिखती हैं:-इंसान जब तक परिस्थतियों का दास बना रहता है, तब तक वो कुएं के मेढ़क की तरह कुएं में ही रहता है, होने के लिए जो भी होगा, लेकिन मैं कुछ दिन पहले अपना प्रार्थना पत्र लेकर डीजी साहब के पास गई थी, उन्होंने मेरा प्रार्थना पत्र पढ़ा और मुझे वंदना मैडम से मिलने को कहा। मैं मैडम के पास गई, जो कि वित्त अधिकारी सत्ती जी के ऑफिस में बैठी हुईं थीं, को अपना प्रार्थना पत्र दिया। उन्होंने सरसरी निगाह से देखा, और कहा, मैडम आप क्या कहना चाहती है , मैंने कहा मैडम मैंने लिखा हुआ है पढ़ लीजिए। उसके बाद भी उन्होंने मुझसे पूछा, मैंने कहा, मैडम मेरा जो समायोजन बिना जांच पड़ताल के किया गया है, उसकी जांच करवाना चाहती हूँ। वो व्यंग्य भरी हंसी हंस कर बोलीं, कुल मिलाकर स्थानांतरण चाहिए, फिर क्या था, मेरी खोपड़ी घूम गई। और कहा कि झूठ नहीं कहते हैं कि औरत की दुश्मन औरत ही होती है,
उन्होने और एक महोदय और बैठे हुए थे, ने कहा आप ऐसा क्यूँ कह रही हैं, मैंने उन महोदय से कहा। आप तो चमचों की तरह बीच में मत बोलिए। और फिर मैडम से कहा, यदि आप प्रार्थना पत्र ध्यान पूर्वक पढ़ लेतीं, तो शायद आप ऐसा न कहतीं।
मैंने कहा, आप मेरा प्रार्थना पत्र ध्यान से पढ़िए, और एक बार भी यदि मेरे द्वारा स्थानांतरण के लिए लिखा गया होगा, तो जो मर्जी सजा देना, वरना मैं आपको कुर्सी समेत पटकने में देर नहीं करूंगी। फिर वित्त अधिकारी भी मुझे चुप कराने के लिए मेरे ऊपर गुर्राने लगे, मैंने भी चिल्ला कर उन्हें बीच में बोलने के लिए मना किया। तो उन्होंने कहा कि ये मेरा कक्ष है। मैंने कहा, ये आपकी निजी संपत्ति नहीं? सार्वजनिक संपत्ति है। इस पर सरकारी से लेकर गैर सरकारी व्यक्ति का पूर्ण अधिकार है।
फिर मैडम ने कहा, मैडम मैं आपकी एप्लिकेशन पढ़ रही हूँ, आप शांत हो जाईये। मैं भी ये कहकर बाहर आ गई, कि तुम भ्रष्टाचारियों को एक एक करके सबक नहीं सिखाया, तो मेरा नाम उत्तरा नहीं।
घर आने के लिए रास्ते में ही थी कि फोन आ गया, मैडम जांच के आदेश भेज दिए गए हैं , और फोन भी कर दिया है। मैंने भी कहा कि ठीक है, मुझे तो शिक्षा विभाग ने बेमान घोषित किया हुआ है , अब मैं शिक्षा विभाग की ईमानदारी का इंतज़ार करूँगी। उसके बाद घर पहुँचते ही चिन्याली सौड़ कार्यालय से भी फोन आ गया था।
चौबीस साल हो गए मुझे घर से मीलों दूर रहते हुए, पति की मृत्यु के बाद घर की परिस्थितियाँ विपरीत नहीं होती, और शिक्षा विभाग द्वारा मेरा मानसिक उत्पीड़न और आर्थिक हानि न की होती, तो इन भ्रष्ट निरंकुशों के मुँह लगने की जरूरत ही क्यूँ पड़नी थी।
कौन है कमला पंत बहुगुणा
उत्तरा पंत बहुगुणा अपनी 27 जून की फेसबुक पोस्ट में लिखती हैं:-
स्यांरी का पंतों की बेटी छौं मैं, साबली का बहुगुणों की ब्वारि छौं
यनि वनि नि छौंउं मैं, उत्तराखंड की उत्तरा छौं।
सज्जनों तैं संतोषी छौं, दुर्जनों तैं काली छौं
यनि वनि नि छौंउं मैं, उत्तराखंड की उत्तरा छौं।
सैसुर की पुंड्यासनि अर, मैत की धारी की पुजारी छौं
यनि वनि नि छौंउं मैं, उत्तराखंड की उत्तरा छौं।
नि छोडण्यां अब उंतैं, जौन छुड़वाई हमसे हमारु गौं
यनि वनि नि छौंउं मैं, उत्तराखंड की उत्तरा छौं।
( पंत परिवार की बेटी हूँ , और बहुगुणा परिवार की बहू हूँ । और जिस सरकार ने नौकरी के नाम पर मेरे माता-पिता को घर से मीलों दूर भेज कर मेरी जन्मभूमि और रिश्ते छुड़वाए, और मेरे ससुर जी को देश के नाम पर शहीद करके मेरे पति से रिश्ते और जन्मभूमि छुड़वा कर, आज मुझे और मेरे बच्चों को अनाथों की तरह बेबस और लाचार कर दिया, उस सरकार को अब मैं छोड़ने वाली नहीं ? )
--------------
सुर में सुर मिलाने के लिए अथाह झुंड की जरूरत सियारों को होती है। शेर को नहीं। वो अपनी काबिलियत को जानते हुए अकेले चलता है, और अकेले ही दहाड़ता है।
उसकी मात्र एक दहाड़ से झुंड दुम दबाकर भाग खड़े होते हैं।- कमला पंत बहुगुणा 24 जून की फेसबुक पोस्ट
-----------
प्रधानमंत्री तक भी लगाई थी गुहार
माननीय प्रधानमंत्री जी। आपके द्वारा विपक्षियों के भ्रष्टाचार के खिलाफ निर्भीक होकर विरोध किया जा रहा है। जो कि देश हित के लिए सराहनीय योगदान है, लेकिन मेरा आपसे अनुरोध है कि आप अपनी सत्ताधारी पार्टी पर भी ध्यान देने की कृपा करें। उत्तराखंड में जिनके भ्रष्ट नीति का दंश मैं भोग रही हूँ।
विपक्ष वाले कम से कम सामने से प्रहार करेंगे, लेकिन अपनी पार्टी वाले तो धोखे से पीठ के पीछे से वार करेंगे। क्योंकि सत्ता का नशा जिसके सिर चढ़ जाता है, फिर चाहे वो घर की सत्ता हो या राजकाज की। उसके लिए सत्ता से बढ़कर कोई नहीं है। दूसरों के बच्चों को सुधारने का बीड़ा तभी उठाना चाहिए, जब अपने बच्चे सुधरे हुए हों , और उत्तराखंड के हालात अपनी स्थिति को देखते हुए, मुझे तो ऐसा लगता है मानो साधारण जनता के लिए शकुनि की चौसर बिछाई गई हो।
पार्टी ने भले ही बहुत ख्याति और नाम कमा लिया हो। लेकिन आम जनता में कई लोगों के परिवार की दशा बद से बदतर है।:- कमला पंत बहुगुणा 26 जून की फेसबुक पोस्ट
---------
मामले में क्या कहते हैं मुख्यमंत्री
राजकीय सेवा के अनेक कार्मिकों द्वारा दुर्गम से सुगम में स्थानान्तरण के मामले लाए जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानान्तरण सम्बन्धित अनुरोध जनसमस्याओं की सुनवाई के दौरान बिल्कुल न लाए जाएं। राज्य में ट्रांसफर एक्ट लागू होने से राजकीय सेवाओं के सभी स्थानान्तरण नियामानुसार किए जाएंगे। स्थानांतरण के लिए जनता मिलन कार्यक्रम उचित फोरम नहीं है। कार्यक्रम के दौरान अपने ट्रांसफर के लिए आई उत्तरकाशी की एक प्राईमरी शिक्षिका ने अभद्रता दिखाई और अपशब्दों का प्रयोग किया। शिक्षिका से अपनी बात मर्यादित ढंग से रखने का अनुरोध किए जाने पर भी जब शिक्षिका ने लगातार अभद्रता का परिचय दिया तो उक्त शिक्षिका को निलम्बित करने के निर्देश दिए गए।
-----------
......साभार....विभिन्न स्रोत

0 Comments