Header Ads Widget

Responsive Advertisement

हे हो हां...जंबू दीपे...भारतखंडे...भारत खंड मां उत्तराखंडे

सीधी बात-टेढ़ी बात
प्रदीप रावत (रवांल्टा)
हे हो हां...जंबू दीपे...भारतखंडे... भारत खंड मां उत्तराखंडे...उत्तराखंड राज की कथा सुणौंदु। ना भै मि नौछमी नारैण कु गीत कतैई नि लगौणु। पर बतौणु बि भारी जरूरी। अब बात मुद्दे की। उत्तराखंड में कुमाऊं खंड। इस खंड के एक राजदरवारी दिल्ली के बड़े सदन में राज्य के प्रतिनिधि हैं। उनकी पत्नि। कुमाऊं खंड के एक और मंत्री जो उत्तराखंड राज में खजाने के खजांची हैं। उनकी पत्नि। उत्तराखंड राज के गढ़वाल खंड में जंगल मंत्री के खास दरवारी की पत्नि नहीं वो खुद ही सत्ता का सुख भोग रहे हैं। राजा त राजा हुंद, ऊंकि छुंई नि गलौंण। 
उत्तरा पंत बहुगुणा। आपका ट्रांसफर नहीं हुआ। इसमें किसी और का नहीं, आपका ही दोष है। आपके स्वर्गवासी पति कोई राजा, मंत्री, राजदरवारी, सांसद थोड़े थे, जो आपका ट्रांसफर देहरादून मे हो जाए। अब तो एक ही रास्ता बचा है। सरकार को घसीटकर चलाने वाले किसी नौकरशाह को थोड़ा-बहुत दे दो। काम हो जाएगा। पर आप कहां से देंगी। आपके पास तो कुछ बचा ही नहीं। एक साल से नौकरी छूटी है। लानत है...राजा, मंत्री, छुटभैये नेताओं और राजदरवारियों पर, जिनकी पत्नियां और रिश्तेदार देहरादून और आसपास के शहरों में वर्षों से कुर्सियों पर चिपके हुए हैं। सत्ता के फेबीकोल के मजबूत जोड़ से। मैं फेबीकोल का प्रचार बिल्कुल नहीं कर रहा। 
कई ऐसे भी हैं, जो अपनी दोस्ती के दम पर नेता जी, मंत्री जी के साथ मजे कर रहे हैं। हम और आप क्या हैं। कुछ नहीं। जीरो...जीरो टाॅलरेंस के बारे में मत सोचना। बिल्कुल नहीं। पाप लगने की पूरी संभावना है। कुछ ऐसे हैं, जो पगार कृषि विभाग से खाते हैं और काम शिक्षा विभाग के लिए करते हैं। कहने की बात है। वैसे पता नहीं काम करते भी हैं या नहीं। सिंचाई विभाग का कर्मचारी बिजली विभाग में आनंद ले रहा है। पता नहीं बिजली की सिंचाई कर रहा है कि अपने आका की जेबें सींच रहा होगा। ऐसे ही कई दरवारी हैं मंत्रियों के, जो उनकी जेबें सींचने के लिए कहीं की जुगत कहीं भिड़ाकर बैठे हैं। 
उत्तरा पंत ने तो नौकरी करने से पहले लिख कर दिया था। नेताओं, अधिकारियों की पत्नियों की नौकरी लगते समय वो बात लिखते-लिखते पेन की स्याही खत्म हो गई थी बल। सेवा नियमावली भी केवल उत्तरा पंत जैसी आम अध्यापिकाओं और दूसरे कर्मचारियों के लिए ही बन पाई। आम में दशहरी आम खास होता है। वैसे ही नौकरियों में नेताओं, अधिकारियों की पत्नियों और खासमखास की नौकरी खास होती है बल। सीधी सी बात है कि उनके लिए नियमावली भी खास ही होती होगी। बाकी नौकरी करने वाले और नियमावली बनाने वाले जानें। 
ठीक है। उत्तरा पंत ने गलत बोल दिया। मुझे नहीं लगता कि उन्होंने गलत बोला। बस उनका लहजा थोड़ा गलत था। ठीक वैसे ही जैसे सीएम का लहजा बिल्कुल गलत था। उत्तरा पंत आज से अपनी समस्या का रोना नहीं रो रही। पहले रमेश पोखरियाल निशंक, फिर हरीश रावत। हरदा से बात याद आई। हरदा ने सीएम त्रिवेंद्र को तुरंत नसीहत दे डाली। हरदा आपको इसका हक नहीं है। आपने भी उत्तरा पंत की बात नहीं सुनी थी। मान लेते हैं कि अगर उत्तरा पंत गलत भी थीं, तो कम से कम उनकी जो मांग है, जो प्रकरण है। कम से कम उसकी जांच तो कराई ही जा सकती थी। एक जांच हुई भी तो, उसकी रिपोर्ट ही गायब हो गई। क्या सीएम साहब को शिक्षा विभाग के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करनी चाहिए। 
बात ट्रांसफर एक्ट की। क्या करना ऐसे ट्रांसफर एक्ट का, जिसका पालन खुद सरकार ही नहीं करती। हाल ही में लोक निर्माण विभाग में ट्रांसफर हुए। उसमें जबरदस्त खेल हुआ। सारे नियम ताक पर रखकर ट्रांसफर किए गए। कहां गया ट्रांसफर एक्ट। उत्तराखंड में ट्रांसफर नेताओं के और उनके चमचों के लिए केवल विजनेस है और कुछ नहीं। सरकार का जीरो टाॅलरेंस केवल दिखावा है। सरकार पूरी तरह जीरो है। दो जीरो। अंग्रेजी में डबल जीरो...। इसका डबल इंजन से पूरी तरह 100% लेना-देना है...। 

Post a Comment

0 Comments