Header Ads Widget

Responsive Advertisement

हादसे ने छीन ली लोक की सुरीली और दमदार आवाज

प्रदीप रावत (रवांल्टा)  
पहाडो ठंडो पांणी...उत्तराखंड की पहली लोक गायिका बकूतरी देवी का यह गाना पप्पू कार्की का पसंदीदा गाना था। पप्पू कार्की ऐसा कलाकार, जिसे गीत-संगीत की गहरी समझ के साथ ही अपनी संस्कृति और रीति-रिवाजों से बड़ा प्यार था। पप्पू कार्की केवल गाने के लिए गायक नहीं थे। वे संपूर्ण संस्कृति कर्मी थे। पप्पू कार्की केवल उत्तराखंड ही नहीं, देश-विदेशों में भी प्रवासी उत्तराखंडियों के बीच काफी लोकप्रिय थे। लोग उनमें कुमाऊं के प्रसिद्ध गायक गोपाल बाबू गोस्वामी का अक्स देखते थे। वो गोपाल बाबू गोस्वामी, जिनकी आवाज का जमाना दीवाना था और आज भी जब कभी गोपाल बाबू के कैल बाजी मुरुली...आम की डाई मां घुघुति ना बास...जैसे गोनों की गूंज कानों पर पड़ती है। मन उनके ही गानों में खो जाता है। पप्पू कार्की की आवाज में भी वही मिठास थी। सुर ऐसे कि मिश्री की मिठास फीकी पड़ जाए। तेरी रंग्याली पिछोड़ी....तेरो रूप-रंग देखी बे...डीडीहाट की कमला छोरी....ऐजा आ रे चट बैसाख...मधुली...तेरो रंगीलो पहाड़...जैसे कई गाने आपने सुने ही होंगे। पर अब वह आवाज हमेशा के लिए खामोश हो गई। सड़क हादसे में युवा लोक गायक पप्पू कार्की की मौत हो गई।  

छम-छम गाने पर नाचने की पप्पू कार्की की हसरत अधूरी रह गई। 3 जून को पप्पू कार्की ने गायिका मांडबी त्रिपाठी के साथ गाया यह गाना यूट्यूब पर अपलोड किया। उनके फेसबुक पेज पर उनके चाहने वालों ने इस गाने को खूब पसंद किया। पप्पू अपने दोस्तों के साथ इस गाने पर नाचना चाहते थे। लेकिन, हसरत अब कभी पूरी नहीं हो पाएगी। यूट्यूब अब तक गोने को 43 हजार से अधिक लोग देख चुके हैं। यह पहला उत्तराखंडी गाना है, जिसकी रिकार्डिंग नेपाल में हुई। पप्पू की मधुली को भी लाखों लोग देख चुके हैं। 
कुमाऊं और उत्तराखंड की एक ऐसी आवाज, जिसकी मिठास हर सुनने वाले को मंत्रमुग्ध कर देती थी। हर गाने में कुमाऊं ही नहीं, पूरे उत्तराखंड की संस्कृति की झलक देखने और सुनने को मिलती थी। पप्पू कार्की को उनकी शानदार कला के लिए 2014 के यूका अवार्ड समेत कई पुरस्कारों से नवाजा गया।
पप्पू कार्की ऐसे कलाकार थे, जिनके गानों का जादू हर किसी पर छाया हुआ था। पप्पू जितने बड़े और अच्छे कलाकार थे। उतने ही सरल हृदय भी। झोड़ा, चांचरी और लगभग समाप्ती की कगार पर पहुंची चुकी लोक कला की विधाओं को जहां आज के युवा छोड़ रहे हैं। वहीं, पप्पू कार्की लोक की पुरानी और खोती कला की विधाओं का संरक्षण करने में जुटे थे। अपनी संस्कृति से ऐसा प्यार कि, उत्तराखंड के जितने भी पुराने गायक हुए। हर किसी का कोई ना कोई गीत पप्पू ने जरूर गाया। लोक कला के प्रति समर्पित पप्पू कार्की के जाने का हमें ही नहीं पूरे उत्तराखंड को बहुत दुख है। पप्पू की आवाज लोगों के कानों में वर्षों-बरस गूंजती रहेगी। उनका नाम लोक संस्कृति के उन पुरोधाओं के साथ लिया जाएगा, जिन्होंने उत्तराखंडी गीत-संगीत को नई ऊंचाइयों पर पंहुचाया। 
....पप्पू कार्की को श्रद्धांजलि...

Post a Comment

0 Comments