प्रदीप रावत (रवांल्टा)
आर्यन और अनुज को शुभकामनाएं। क्रिकेट एसोसिएशनों और सरकार पर लानत। वो तो भला हो अखबारों का जो, इन खिलाड़ियों के साथ इनके मूल को जोड़ देते हैं। वरना खिलाड़ी तो मजबूरी में यूपी, दिल्ली, तमिलनाडू, केरल और दूसरे प्रदेशों का टैग लिए घूम रहे हैं। आर्यन जुयाल भारतीय अंडर-19 वनडे टीम के कप्तान बन गए और अनुज रावत चार दिवसीय टेस्ट टीम के कप्तान। दोनों उत्तराखंड के ही हैं। काश उत्तराखंड में क्रिकेट एसोसिएशन को बीसीसीआई से मान्यता मिल गई होती, तो हमारी खुशी और बड़ी होती। अब तो देहरादून में अंतरराष्ट्रीय मैच भी हो गया है। अब भी वक्त है। एक हो जाओ। छोड़ दो एसोसिएशनों में मोटी कमाई का लोभ। वरना फिर मौका नहीं मिलेगा और हम अपने प्रदेश के खिलाड़ियों को यूं ही दूसरे प्रदेशों से खेलते हुए उत्तराखंड मूल के लिए ही खुश होते रहेंगे।
ऋषभ पंत, पवन नेगी, पवन सुयाल, मनीष पांडे, कमलेश नागरकोटी, उन्मुक्त चंद समेत कई ऐसे नाम हैं, जिन्होंने हमें गौरवानित होने का मौका दिया। सवाल यह है कि हमने उन्हें क्या दिया। केवल उत्तराखंड मूल। कई और युवा प्रतिभाएं भी हैं, जो दूसरे प्रदेशों की टीमों से खेलने के लिए तैयारी में जुटे हैं। उसका मुख्य कारण यह है कि हमारी क्रिकेट एसोसिएशनों की महाभारत ही समाप्त नहीं हो रही। क्रिकेट एसोसिएशनें मलाई चाटने के चक्कर में इन युवा प्रतिभाओं को अपने प्रदेश में ही गैर कर दे रही हैं।
दोष सरकारों का भी है। अब तक जो भी सरकारें बनी। किसी ने भी इस पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया। बीसीसीआई कई बार कह चुका कि एक हो जाओ। मान्यता मिल जाएगी, लेकिन कोई मानने को तैयार ही नहीं। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने भी बैठकें की और वर्तमान भाजपा सरकार भी एक-दो दौर की बैठकों के बाद चुप हो गई। सरकार को इस मसले में बड़ा निर्णय लेना चाहिए। सरकार को इस बात का लोभ है कि उसके अपने लोग सेट नहीं हो पाएंगे। इसलिए कोई भी सरकार इस गंभीर मामले में खुलकर कुछ करने को तैयार ही नहीं।
हम बस नेतागिरी और क्रिकेट में कमाई के लोभ के चक्कर में अपने सितारों की चमक कम कर रहे हैं। यह भूल रहे हैं कि एसोसिएशन को मान्यता मिल गई होती, तो जो सितारे क्रिकेट की दुनिया में चमक रहे हैं। उनसे कई अधिक सितारे हम भारतीय क्रिकेट को दे सकते। प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जो भी खिलाड़ी दूसरे प्रदेशों का नाम रोशन कर रहे हैं। क्रिकेट की दुनिया में नाम कमा रहे हैं। सभी ने अपने दम पर मुकाम हासिल किया। फिर भी हम इस बात की गंभीरता नहीं समझ पा रहे हैं। आखिर कब तक ऐसे ही चलता रहेगा। कब जागेंगे हम। कब खत्म होगी क्रिकेट एसोसिएशनों की महाभारत...? मान्यता नहीं मिली तो फिर स्टेडियम किस काम के। क्या इन स्टेडियमों में हम दूसरे देशों के खिलाड़ियों को ही देखते रहेंगे। या फिर कभी अपने प्रदेश के सितारों की चमक को भी नजदीक से देख पाएंगे।

0 Comments