Header Ads Widget

Responsive Advertisement

बराली और आम दोनों के घालमेल की मिठास भई वाह

बराली एक्सप्रेस-3 
...जगमोहन चोपता 
आम के दो विशालकाय पेड़ बराली की पहचान जैसे थे। बराली और आम दोनों का ये घालमेल अपने आप में सुखद ही नहीं बल्कि पूरे इलाके के लिये स्वादिष्ट भी था। आने-जाने वाले बटोही चटनी के लिये कच्चे आम और पेड़ से टपके रसीले पके आमों को नजरअंदाज कर जायें ऐसा संभव नहीं था। चोपता स्कूल में पढ़ने आने वाले नौनिहालों, गांव की घस्यारी, गोदा लगाने वाले मछौल्या सभी आते जाते इन आमों को बिनते थे। कई बार ऐसा लगता था कि ये आम छोटू के परिवार की निजी सम्पति नहीं बल्कि पूरे इलाके के लोगों की साझा सम्पत्ति हो। वे लोग भी पूरे अधिकार के साथ आमों को बिनते थे। लोग तो आम का आनंद लेते लेकिन छोटू के लिये यही सबसे बड़ी समस्या थी। हर रोज घर आते वक्त ताऊ को ताकिद कर देता कि स्कूल के बच्चों के आने से पहले आप मेरे लिये पके आम बिन लेना और ताऊ हां हां करके विश्वास दिलाते। वे हर रोज बीने गये आमों में से दो-तीन झक्क पीले आम को सिलोटे के पीछे रख देते। कभी-कभी इनके साथ कुछ तिमले भी होते थे। बसग्याल में तिमले के पेड़ पर चढ़ना किसी चुनौति से कम नहीं होता। पानी और काई से फिसलन ऐसी होती कि आप सीधे जमीन कब गिर गये पता ही नहीं चलता। लेकिन ताऊ के तिमले खिलाने के प्रयासों के आगे ये बाधायें बौनी साबित होती। 
बराली आने के लिये रास्ता पहाड़ी ढ़लान वाला था जिसमें छोटू खूब कुलांचे मारते हुए जल्दी से जल्दी छप्पर पहुंचना की कोशिश में लगा रहता। छप्पर पहुंचते ही ताऊ का इशारा पाते ही सिलोटे के पीछे रखे आमों पर पिल पड़ता। आम खाकर गुठलियों को दूर सेरों में फेंकना और सेरे से छपाक की आवाज का जो संगीत उपजता उससे आम खाने का मजा और बढ़ जाता। लेकिन ताऊ थे कि बीच में टोक देते, अरे वहां मत फेंक खेत में मूसा लग जायेंगे। मन मारकर छोटू इन गुठलियों और छिलकों को धुएं के लिये लगाई आग में डाल देता। 
बंदर द्वारा खाये आमों की गुठलियां पेड़ के नीचे एक नया ही संसार रचने लग जाती। इनकी खटाण से पूरा क्षेत्र महकते रहता। दिन में खूब सारे कीट-पतंगे इन पर पिले पड़े रहते तो रात को सोला का आगमन होता। सोला को आम की गुठलियां खूब भाती। सोला के खूब सारे कांटे वहां बिखरे मिल जाते थे जिनको जमा कर छप्पर की छत पर पिरो दिया जाता। 
एक बार तो ताऊ ने सोला पकड़ने के लिये गड्ढ़ा भी बनाया जिसको पतले सरकंडों और आम की गुठलियों से ढ़क दिया। लेकिन पूरा बसग्याल गुजरने के बावजूद एक भी सोला उस गड़ढे में नहीं फंस पाया। अंत में तंग आकर उस गडढ़े को भर दिया गया। 
जारी......

Post a Comment

0 Comments