जय हो महाराज की जय हो। चक्कर में पड़ रहे होंगे कि ये कौन से महाराज हैं, जिनकी जय-जयकार हो रही है। महाराज नाराज हैं। ऐसा सुनने में आया है। भोग और जोग से दूर हैं महाराज। ज्यादा पता मुझे भी नहीं है। पर इतना पता है कि दिल्ली की सल्तनत संभाल रहे बाबा द्रोण नगरी आए और चले भी गए, लेकिन महाराज द्रोण की नगरी में पहुंचे दिल्ली सल्तनत के महाराज से मिलना तो दूर। अपनी गद्दी से उतरे तक नहीं। सुनने में आया कि महाराज क्रोधासन लगा रहे थे, जिसका असर द्रोण नगरी तक आ पहुंचा। महाराज की सेना दिल्ली सल्तनत के दरबार पंहुची तो जरूर लेकिन, अपने महाराज को ना पाकर वापस अपने घरों को लौट गए।
अब तक तो आप समझ ही गए होंगे कि कौन से महाराज की बात हो रही है। नहीं समझे तो समझ लेना। दिमाग पर थोड़ा भी और ज्यादा भी दोनों तरह का जोर लगाकर। नाराजगी ऐसे थोड़े बोल रहा हूं। महाराज ने अपनी सेना के लिए बाकायदा पुष्पक वाहनों का इंतजाम किया था। सेना अपने-अपने हथियार लेकर विभिन्न मुद्राएं करने के लिए दिल्ली सल्तनत के राजा के द्रोणनगरी में सजे दरवार में पंहुची भी थी, लेकिन लौट गई। यहीं से सिर चकराया कि कुछ तो जरूर हुआ है।
वैसे तो उत्तराखंड में कई महाराज हैं, लेकिन ये वाले महाराज अलग-अलग सल्तनतों में राजकाज संभाल चुके हैं। ये बात अलग है कि उन सल्तनतों से वो महाराज नहीं बने। वो तो जन्म से ही महाराज हैं। बेताज, बिना ताज धारण किए हुए महाराज। वे राजा भी नहीं हैं। मंत्री जरूर हैं। पर वे खुदको बस सिपाही ही करार दिए फिर रहे हैं। कोई उनको फोटो से हटा देता है। कोई उनको मिली रियासत में आकर फरमान सुना जाता है। उनकी प्रजा उनकी सल्तनत बिल्कुल अलग है।
बेचारी सेना। आई थी कि अपने महाराज की शान बढ़ाएंगे, लेकिन उनके महाराज ही नहीं आए। जैसे गए वैसे ही लौट आए वापस अपनी-अपनी गुफाओं में लौट आए। बेचारे कह रहे थे कि मैदान गीला था। इसलिए वो अपनी कलाएं और मुद्राएं नहीं दिखा पाए। कुछ ने कहा जब महाराज ही नहीं आए, तो प्रजा क्या करेगी। प्रजा तो महाराज के पीछे-पीछे ही चलती है। जो महाराज कहेंगे, प्रजा बस वही करेगी। फिर किसी की क्या मजाल जो उनसे मुद्राएं कराते...। एक बार फिर महाराज की जय हो। वैसे द्रोण नगरी में आए बाबा के लिए जो दरबार सजाया गया था। वह दरबार महाराज से मंत्री बने महाराज की सल्तनत में आता है। महाराज को इसमें ज्यादा तब्बजो नहीं दी गई। बस महाराज ने दरबार में न आने में ही भला समझा...। कहानियां कई हैं। ये भी एक कहानी हो सकती है। लघु कहानी...। एक फिर से जय हो...।

0 Comments