प्रदीप रावत (रवांल्टा)
आज विश्व पर्यावरण दिवस है। आज लोगों ने पेटभर कसमें खाई होंगी। सच कह रहा हूं ना...? क्यों खाई आपने पेटभर कसमें, जब आप उनको पचा ही नहीं पाओगे। उन कसमों को खाने और दूसरों को भाषण पिलाने का क्या लाभ जब उससे कुछ होना ही नहीं है। ऐसी चिंताओं का क्या, जिनमें चिंतन ही ना हो। वक्त भाषण देने और चिंता करने का नहीं। गंभीर चिंतन और उस पर विचार कर एक सकारात्मक राह पर आगे बढ़ने का है। इस पर चलते हुए उस मुकाम तक पहुंचना है, जहां से हम यह तय कर सकें कि पर्यावरण दिवस के वास्त्व में क्या मायने हैं। यह निश्चत करना है कि हम किस तरह पर्यावरण को बचा सकते हैं और संरक्षित कर सकते हैं।
सवाल इस बात का है कि उत्तराखंड में पर्यावरण को लेकर सबसे अधिक चिंता व्यक्त की जाती हैं। बावजूद इसके हम और हमारे हुकुमरान संवेदनशील और विल्कुल भी चिंतत नहीं हैं। जो भी सत्ता में आता है। जनता के सपनों से छेड़छाड़ कर फिर से उन सपनों को तोड़ने के षडयंत्र में जुट जाते हैं। आखिर कब तक ऐसा चलता रहेगा। क्या हम फिर से चिपको आंदोलन जैसे आंदोलन नहीं खड़े कर सकते। अगर गंभीरता से सोचें तो जरूर कर पाएंगे। क्योंकि चिपको आंदोलन की तर्ज पर दक्षिण अफ्रिका में भी एक आंदोलन चल रहा है। सोचिए यहां से हजारों मील दूर वो सोच जिंदा है। जिसे उत्तराखंड की महिलाओं ने दिया और हम उस सोच को जिंदा रखने के पक्ष में ही नहीं हैं।
![]() |
| फोटो - गूगल |
गंगा केवल उत्तराखंड ही नहीं। पूरे देश की जीवन रेखा है। सामाजिक चिंतक प्रमोद शाह की यह बात मुझे बेहद पसंद आई कि अलकनंदा और भागीरथी ने देवप्रयाग में अपने अस्तित्व को मिटाकर गंगा बनना स्वीकार किया और हम हैं कि अपने स्वार्थ नहीं त्याग सकते। बात करते हैं नमामी गंगे की। ऐसी योजना जिसके लिए देश में अलग से मंत्रालय हो। गंगा को साफ करने के लिए पिछले चार साल में 22 हजार करोड़ से ज्यादा खर्च किया जा चुका है। क्या किसी के पास इस सवाल का जवाब है कि गंगा कितनी फीसदी साफ हुई है...? क्या कोई बता पाएगा कि गंगा का पानी ऋषिकेश के बाद बिना किसी डर के पी सकते हैं। जबकि ये वही गंगा जल है, जिसे अमृत के समान माना जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वाराणसी में मां गंगा ने बुलाया था। उन्होंने कहा था कि गंगा में जहाज चलेंगे। जहाज चलना तो दूर की बात गंगा में अब नाव भी ठीक से नहीं चल पा रही है। उसका सबसे बड़ा और एक मात्र कारण हैं उत्तराखंड में बड़े-बड़े वाटर बम वाले बांध। ओ बांध, जिन बांधों ने वर्षों पुरानी सभ्यताओं को डुबो दिया। वो बांध, जिनमें लोगों के सपने समा गए। वो बांध, जिनमें इतिहास आज भी गोते लगा रहा है। ई-को सिस्टम दम तोड़ कर मर चुका है। अब तक जो भी बांध बने, उन बांधों ने केवल बर्बादी लाई। सपने दिखाए थे रोजगार और बिजली मिलने के। रोजगार मिलने के बजाय लोग ताबह हो गए। कई गांवों को पलायन करना पड़ा। हजारों लोग अब भी पुनर्वास के लिए तरस रहे हैं। और हम तैयारी कर रहे हैं एक और वाटर बम की, एक ऐसे बांध की, जो सैकड़ों किलोमीटर में फैली संस्कृति, सभ्यता, ई-को सिस्टम को तबाह कर देगा, बर्बाद कर देगा। उसका नाम है पंचेश्वर बांध। उत्तराखंड के हिस्से केवल बांद ही क्यां आ रहे हैं...?
हम पहाड़ी राज्य हैं। हमें पर्यावरण की अधिक चिंता होनी चाहिए। उन लोगों को कसमें खानी चाहिए, जो लोग जंगलों में आग लगाते हैं। वन विभाग को कसम खाने की जरूरत आम लोगों से ज्यादा है। उनकी पाचन क्रिया भी जरा ठीक-ठाक है। उसका कारण यह है कि पर्यावरण बचाने के नाम पर हर साल लाखों, करोड़ों में से कुछ तो पचा ही लेता है। पौधे लगाने के लिए अरबों का वजट मिलता है। लाखों पौधे रोपे जाते हैं, लेकिन वो पौधे जाते कहां हैं...? प्रदेश के हर गांव में चाल-खाल भी पता नहीं कौन खा गया। जो प्लांटेशन हुआ था, वो भी कहीं गायब हो गए।
![]() |
| फाइल फोटो |
पेजयल स्रोत खूग गए। आजकल पहाड़ से लेकर मैदान तक पानी के लिए लोग तरस रहे हैं। पिछले दिनों एक खबर ने बहुत परेशान किया। खबर यमुनोत्री यात्रा मार्ग की थी, जिसमें कहा गया था कि यात्री कोएक घर के नल से पानी के लिए दो सौ रुपये देने पड़े। अगर हमारे पहाड़ी राज्य का यह हाल है तो दूसरे प्रदेशों का क्या होगा। अगर हम केवल पर्यावरण दिवस ही मनाते रहे, तो हमारा हर शहर शिमला होगा। शिमला इसलिए कि वहां इन दिनों पानी की एक-एक बूंद के लिए लोग तरस रहे हैं। उस शहर को अंग्रेजों ने बसाया था। नैनीताल भी अंग्रेजों ने ही बसाया। नैनीताल के हालात भी बदतर हैं। नैनी झील का पानी हर साल घटता जा रहा है। केवल नैनीताल ही नहीं। उत्तराखंड के लगभग हर गांव में प्राकृतिक जलस्रोत सूख चुके हैं।
बड़ी बातें मत कीजिए। छोटे-छोटे प्रयास कीजिए। एक दिन छोटे प्रयास खुद ही बड़े हो जाएंगे और उनका असर भी बड़ा होगा। पर्यावरण बचाना है, तो गांवों को केंद्र बनाना होगा। हिमालय को चुनना होगा। देहरादून और दिल्ली में बैठकर कुछ नहीं होने वाला। दिल्ली में जीने लायक हवा तक नहीं बची है। देहरादून का भी वही हाल होने जा रहा है। अभी नहीं संभले तो फिर कभी नहीं संभल पाएंगे। हम अपनी आने वाली पढ़ी को कुछ अच्छा भले ही नहीं दे पाएं, लेकिन जहरीली हवा और पानी ना चाहते हुए भी दे जाएंगे।


0 Comments