Header Ads Widget

Responsive Advertisement

मास्साबः सिर्फ व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचार हैं!

भाग-8
- रूपेश कुमार सिंह
मास्साब भारतीय समाज को अर्द्ध उपनिवेशिक/अर्द्ध सामंती और अर्द्ध पूंजिवादी मानते थे। समाज की जटिलता और कमजोर नब्ज को अच्छे से पहचानते थे। उन्होंने समाज में व्याप्त अंधविश्वास, रूढ़िवादिता, आडंबर और भेद-भाव को मिटाने के लिए बहुत संजीदगी से काम किया। ‘‘सांप भी मर जाए और लाठी भी न टूटे’’ युक्ति की तर्ज पर उन्होंने अनेक काम किये। जातिगत भेद-भाव को वह समाज के विकास में सबसे ज्यादा बाधक मानते थे। इसलिए उन्होंने तमाम गैर जातीय विवाह कराये। जिसमें दीपा-प्रशान्त, तारा-अजीत, गीता-अजय, रीना-कुन्दन आदि प्रमुख हैं। सभी साथी बेहतरीन साथ निभाते हुए जिन्दगी जी रहे हैं। गैर जातीय विवाह कामयाब नहीं होते हैं, उन्होंने इस मिथक को तोड़ा। मास्साब जो कहते थे उसे अपने ऊपर लागू भी करते थे। छोटे भाई रवि और अनुज की शादी भी गैर बिरादरी में हुई। मास्साब सहकारिता और साझा कार्यक्रम को हर जगह लागू करते थे। उन्होंने अपने परिवार को संयुक्त परिवार के संस्कार दिये। वह एकल परिवार से सहमत नहीं होते थे। आज भी हमारा परिवार मास्साब के सिद्धांतों और आदर्शों पर गतिमान है। 
बड़ा परिवार होने के बावजूद एक ही रसोई और साझा काम, बहुत कम देखने को मिलता है। मास्साब ‘‘सादा जीवन उच्च विचार’’ को ही सर्वोत्म जीवन शैली मानते थे। वह खुद तो इस विचार की शानदार प्रतिमूर्ति थे ही, साथ ही उन्होंने हमें भी इसके लिए प्रेरित किया। वह कहते थे ‘‘श्रम ही सुख का आधार है। जो किसी योग्य नहीं है, वही पराधीन है।’’ वास्तव में उन्होंने हम सबको मेहनत करना सिखाया। ‘‘सब कुछ सीखा हमने न सीखी होशयारी, सच है दुनिया वालों कि हम हैं अनाड़ी’’ यह गाना मास्साब अक्सर गुनगुनाया करते थे। आनन्द फिल्म का एक संवाद ‘‘जिन्दगी लम्बी नहीं बड़ी होनी चाहिए’’ का जिक्र वह अपनी बातचीत में अक्सर करते थे।
जीवन के अन्तिम दिनों में भी मास्साब देश-दुनिया, समाज, व्यवस्था, मजदूर-किसानों के लिए चेतनशील थे। वो किसानों की समस्या और उनके समाधान पर किताब भी लिख रहे थे। सोशल मीडिया और अपनी डायरी पर विचारों को लगातार उतार रहे थे। ‘प्रेरणा-अंशु’ के सम्पादकीय में देश के हालात पर वो मुखर थे। निधन से एक दिन पूर्व भी उन्होंने मुझसे और पलाश विश्वास से लम्बी-बातचीत की थी। मास्साब को यदि मैं सिर्फ पापा के तौर पर याद करुं तो मेरे पास लिखने को कुछ खास नहीं होगा। क्योंकि उन्होंने पत्नी, बच्चे, परिवार से ज्यादा समाज के उत्थान के लिए काम किया। 
उनका मानना था कि जब समाज बेहतर होगा, तो मेरा परिवार भी बेहतर होगा। मैं इतना जरूर कहूँगा कि उन्होंने हम चारों भाईयों में जो विचार व संस्कार दिये हैं, वो हमारे जीवन को निखार रहा है। उन्होंने हमें पूंजीकेन्द्रित, आत्मकेन्द्रित, और भौतिकवादी नहीं बनाया। यह एक बड़ी पूंजी है और एक पिता के तौर पर शानदार काम है। मैंने तमाम कामरेड देखे हैं जो अपने ही परिवार का विरोध झेल रहे होते हैं। वो समाज को तो बदलने की बात करते हैं। लेकिन अपने परिवार को नहीं बदल पाते है। मास्साब ने अपने हर संघर्ष में पत्नी, बच्चों को साथ रखा। संघर्ष की जरूरत से परिवार को सहमत किया। यही वजह है कि मास्साब के जाने के बाद भी मम्मी, हम चारों भाई, बहुएं और बच्चे उनके बताए संघर्ष के रास्ते पर चल रहे हैं। हम मास्साब के विचारों के साथ न्यायपसंद, समतामूलक और समाजवादी समाज की स्थापना के लिए होने वाले हर संघर्ष में सहयोगी रहेंगे।
वास्तव में मास्साब गरीब, मजदूरों-किसानों, शोषित वर्ग की आवाज हैं, वो सिर्फ एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचार हैं। मास्साब आप हमेशा जिन्दा रहोगे हमारे विचारों में...........
लाल सलाम मास्साब!!!
फिलहाल बस यहीं तक........
(साथियों मास्साब से संबंधित तमाम लेख, संस्मरण, कविताएं आदि सामग्री विस्तार से ‘प्रेरणा-अंशु’ के मई अंक में प्रकाशित है। मैंने यहां उन पलहुओं को ही दर्शाया है जिनका जिक्र कम या विस्तार से नहीं हो पाया है। आप सभी फेसबुक के मित्रों का बहुत बहुत धन्यवाद! मास्साब के अधूरे सपनों को साकार करने में आप सभी यथासंभंव सहयोग करेंगे, ऐसा मुझे विश्वास है। - रूपेश कुमार सिंह) 09412946162

Post a Comment

0 Comments