Header Ads Widget

Responsive Advertisement

राफ्टिंग तो बंद हो गई, कुत्तों और अतिक्रमण का क्या होगा...?

मेरी बात
...प्रदीप रावत (रवांल्टा)
pahadsamachar.com
हाल ही में नैनीताल हाई कोर्ट ने कई ऐसे निर्णय दिए। उनपर सरकार  कार्रवाई करने को कहा।  आम लोग न्यायालय का पूरा सम्मान करते हैं, लेकिन सवाल यह है कि क्या सरकार न्यायालय का सम्मान करती है...? उसका बड़ा कारण हाल ही में हाईकोर्ट की ओर से दिए गए कुछ फैसले और निर्देश हैं। कोर्ट ने कहा राफ्टिंग बंद कर दो। राफ्टिंग कारोबार जुड़े लोगों ने तुरंत काम बंद कर दिया। कोर्ट ने कहा आवारा कुत्तों से लोगों को निजात दिलाओ। क्या आपको पता है। उस आदेश पर सरकार ने कुछ किया...? अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए। क्या कहीं पर अतिक्रमण हटा...? कोर्ट ने कहा गाड़ी चलाते समय फोन पर बात करने वालों का लाइसेंस निरस्त करो। क्या पुलिस और परिवहन विभाग ने कुछ किया...? मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह की जिम्मेदारी कोर्ट ने निर्धारित की है। क्या आपको कुछ पता है कि मुख्य सचिव ने न्यायालय के फैसलों और निर्देशों पर कहीं पर भी अलम किया...? क्या यह न्यायालय की अवमानना नहीं है...?
पहले आवारा कुत्तों की बात कर लेते हैं। दो दिन पहले की बात है। सुबह पांच बजे स्कूटी से मसूरी बस अड्डे जा रहा था। धर्मपुर बाईपास के पास पहुंचा। सामने चार-पांच खूंखार कुत्ते। सोचा स्कूटी बचते हुए निकाल लूंगा। कोशिश भी वही रही। जैसे ही स्कूटी कुत्तों के नजदीक पंहुचती है। एक साथ पांचों कुत्ते दौड़ पड़ते हैं। पीछे बच्चे और वाइफ भी बैठी थीं। यहां से किसी तरह निकल गया। कुछ आगे रोडवेज वर्कशाॅप के पास फिर कुत्तों का झुंड नजर आया। पहले सबक मिल चुका था। दूर से ही अनुमान लगाने लगा कि किस तरफ से स्कूटी निकाली जाएगी। धीरे-धीरे आगे बढ़ा। इससे पहले कि वहां से स्कूटी निकल पाती कुत्तों ने फिर से धावा बोल दिया। किसी तरह गिरते-गिरते बचा। पत्नी का तो पैर ही पकड़ने वाले थे। वहां से लौटा वापसी में भी वही हाल। यह तब है, जब हम कुत्तों को छेड़ नहीं रहे। कोई पैदल चलने वाला हो, तो उसे तो नोंचकर मार ही डालेंगे। हाईकोर्ट ने कहा था, कुत्तों से लोगों को निजात दिलाएं। निजात मिली क्या...?
अतिक्रमण। प्रदेश में ऐसी शायद ही कोई जगह होगी, जहां अतिक्रमण ना हो। इन दिनों तुंगनाथ और रुद्रनाथ का मामला गर्माया हुआ है। नगर निगम देहरादून से लेकर प्रदेश के हर निगम, नगर पालिका और नगर पांचायत में अतिक्रमण की भरमार है। शहरी विकास विभाग भी खुद मानता है कि अतिक्रमण हर नगर निकाय की जमीनों पर हुआ है। बड़े स्तर पर हुआ है। गांवों की बात करें तो ग्राम समाज की भूमि भी लोग कब्जा चुके हैं। कई जगहों पर कब्जे की जमीनों पर बड़ी इमारतें खड़ी हो चुकी हैं। क्या सरकार ने अतिक्रमण हटाने के लिए अब तक कोई प्लान बनाया...?
पुलिस और परिवहन अब भी चुप है। सीपीयू भी अब काम करती कम ही नजर आती है। क्या कोर्ट को पुलिस के लिए अलग से आदेश जारी करने होंगे। कब जागेंगे। आज ही आईनेक्स्ट ने खबर भी छापी है। बाइक या कोई भी वाहन चलाते समय अपनी जान तो खतरे में होती ही है, दूसरे की मौत को भी ऐसे लोग दावत देते हैं। एमवी एक्ट भी इसकी इजाजत नहीं देता। फिर पुलिस और परिवहन विभाग किसका इंतजार कर रहे हैं। क्या यह भी उच्च न्यायालय की अवमानना नहीं है...?
रीवर राफ्टिंग। इससे सरकार को तो करोड़ों का राजस्व मिलता ही है। कई युवाओं को रोजगार भी मिलता है। राफ्टिंग बंद होने से नदियों में सन्नटा पसरा हुआ है। राफ्टिंग करोबार से जुड़े लोगों ने कोर्ट के आदेशों का पालन किया। सरकार ने क्या किया...? हां एक काम जरूर किया। मुख्यमंत्री टीएसआर ने बयान जरूर जारी किया कि कोर्ट का सम्मान करते हैं। फैसले का परीक्षण कर आगे की कार्रवाई करेंगे, लेकिन कब...? एक बात और इस बयान में कार्रवाई कम प्रतिद्वंदिता अधिक नजर आती है। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज इन दिनों सरकार से कुछ दूर-दूर नजर आते हैं। माना जा रहा है कि सीएम ने इसको देखते हुए ही तुरंत बयान जारी कर दिया। कोर्ट ने नीति बनाने के निर्देश दिए हैं। पर्यटन विभाग से कहिए कि नीति बनाए। वरना राफ्टिंग पूरी तरह ठप हो जाएगी। पैराग्लाइडिंग की उड़ानें भी जमीन पर ही दम तोड़ने लगेंगी। 
                                                                                                                              

Post a Comment

0 Comments