बराली एक्सप्रेस-9
Jagmohan chopta
जैसे-जैसे बसग्याल खत्म होता वैसे-वैसे बेल पर सब्जियों का लगना भी कम होता जाता। उधर सेरों में अब धान पककर कटने को तैयार होती। धान कटाई से पहले दाथुली (दरांती) को आगरी (लुहार) के यहां मर्राने (धार लगाने) के लिये दिया जाता। इस दौरान आगरी को घड़ी भर की फुर्सत नहीं रहती थी। किसी के औजार मर्राने में जरा देर होने पर उलाहना मिलती कि फसल खड़ी है और अभी तक तुमने दाथुला नहीं मर्राये। आगरी बड़ी गंभीरता से कहते मां कसम रोजी आज ह्वे जाल बस!
धान के पक जाने पर कटाई से पहले गूल का पानी बंद कर दिया जाता। सेरों में पानी बंद होते ही चूहे सक्रिय हो जाते। वे धान की फसल को खूब नुकसान पहुंचाना शुरू कर देते। धान कटाई में ताई, मां और दीदी लोग जुट जाते। मां बताती कि चूहे अपने परिवार को कहते हैं कि ऐ माच्यों फटाफट काटो देखो लोगों ने हमारी फसल पूरी काट दी है। धान कटाई के दौरान खूब सारे तोते, लम्पुछिया (लॉगटेल), टोपुलिया और गौरेया के झुण्ड के झुण्ड खेतों में अपना डेरा डाल देते। इनके कलरव से सेरों में एक नया ही संगीत बह रहा होता। इन सबको देखते हुए लगता जैसे धान पकने का असली उत्सव तो ये पोथले ही मना रहे हों।
धान को काटकर कुनिका (शंकुनुमा ढेर) लगाया जाता। इसके लिये पहले धान की पराली को बिछाकर उसके ऊपर धान के गट्ठर को आड़े तिरछे एक के सामने एक रखा जाता। फिर उनके ऊपर गोलाई में धान को गटठर को सिलसिलेवार गोलाई में लगाया जाता था। एक गोलाई पूरी होने को एक हार कहते थे। ज्यादातर कुनिके तीन, पांच, सात या नौ हार के होते थे। धान कटाई के साथ ही खेतों में मांजी लोग खूब गीत लगाते थे। इन गीतों में धरती माता से लेकर बैल, त्यौहार और सालभर के कठिन जीवन का वर्णन होता। गीतों को गाते-गातें गाने वाले भावुक हो उठते उनके गले की भर्रा जाने की आवाज साफ-साफ सुनाई देती। ऐसा लगता मानों ये गीत सदियों से पहाड़ की महिलाओं के कष्ट और विपदाओं की अभिव्यक्तियां हों।
धान कटाई के बाद लगाये गये कुनिकों को पांच या सात दिनों बाद पांवों से इसकी मंडाई की जाती। मंडाई का काम ज्यादातर चाचा और बड़े भाई ही करते थे। छोटू भी उनके साथ धान मंडाई में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेता। धान की मंडाई करते वक्त पांवों पर गर्म भाप का अहसास उसे बहुत अच्छा लगता था। धान मंडाई के बाद धान की पराली को लाईन में फैलाकर सुखाने डाला जाता। यह पूरी प्रक्रिया इतनी सधी होती कि इसमें जरा सी भी गलती की गुंजाइश नहीं रहती थी। धान की मंडाई के बाद इनको कट्टों में भरकर घर तक पहुंचाया जाता।
धान के घर पहुंचने पर एक हिस्सा डाडू में भूनकर उखल में कूटा जाता जिसे खाजा या च्यूड़ा कहते हैं। इस दौरान धान के भुनने और कूटे जाने की खुशबू से पूरा गांव महक रहा होता था। बच्चे संतरे या अन्य पेड़ों की पत्तियों में खाजा रखकर मंदिर में चढ़ाने जाते। यह एक तरह से देवताओं को नये अनाज का अर्पण होता जिसे नौनाज चढ़ाना कहा जाता था।
बाकी अनाज को दो हिस्सों में बांटा जाता। एक बड़ा हिस्सा कोठार में भर दिया जाता जो कि साल भर परिवार के भरण पोषण में काम आता। दूसरा हिस्सा आगरी, बाजगी, दर्जी और पुजारी का होता था। आगरी, बाजगी और दर्जी को दिये जाने वाले हिस्से को खौव कहा जाता तो
पुजारी को दिये जाने वाले हिस्से को डडवार कहा जाता। भुमियाल की डडवार लेने के लिये पुजारी एक दिन पंचायती चैक मे आता और जोर से शंख बजाता। लोग अपने अपने घरों से डडवार देने उमड़ पड़ते। लेकिन सालभर मेहनत करने वाले आगरी, बाजगी, दर्जी डडवार लने परिवार सहित घर घर आते। चावल के साथ साथ उनको नमक, मिर्च, झंगोरा आदि अनाज भी दिये जाते। फसल कटाई के बाद उस फसल पर आश्रितों को अनाज के वितरण की यह प्रक्रिया कृषि आधारित समाज के शुरूआती दिनों से छोटू के बचपन तक तक चला आ रहा था। समय के साथ साथ कृषि आधारित यह व्यवस्था को भी बाजारवाद और रूपयों की धमक ने लील लिया।
जारी.....

0 Comments