विशेष
प्रमोद शाह
पिछले कुछ समय से दुर्भाग्यवश सरकारी और निजी अस्पतालों में चक्कर लगाने पड़े। जो देखा उससे निपटने और उसका समाधान कैसे हो सकता है। वही बताने का प्रयास है। अस्पतालों की असंवेदनशील प्रशासन से तीमारदार बीमार पड़ने लगता है। उसके पास दो रास्ते हैं या तो वह बौखलाए और अपनी प्रतिक्रिया दे। इसमें भी दोहरे खतरे उसके सामने आ खड़े होते हैं। पहली प्रतिक्रिया या तो हिंसा उत्पन्न होगी और हिंसक हुआ तो अराजक कहलायेगा और अपराधी बन जाएगा। दूसरा रास्ता है चुपचाप खून का घूंट पी ले और खुद को बकरे की तरह हलाल होता देखें। दोनों ही मामलों में नुकसान उसका ही होगा। अगर मुश्किल वक्त में थोड़ा धैर्य रखें तो एक तीसरा रास्ता भी बचता है। वह तीसरा रास्ता है, जागरूक नागिरक का रास्ता। लाइलाज हो चुकी व्यवस्था को कानूनी उपचार और खुद तथा अपने जैसे पीड़ित तीमारदारों को वह मंच उपलब्ध कराना, जहां उसकी समस्याओं का समाधान हो सके।
हमारे संविधान में नागरिकों से एक कल्याणकारी राज्य का वादा करते हुए संविधान के अनुच्छेद-47 में सरकार ने बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का वादा किया है, लेकिन यह दुर्भाग्य है कि स्वास्थय विषय शक्तियों के बंटवारे में, राज्य सूची का विषय हो गया और लगातार उपेक्षित रहा। राज्य सरकारों की प्राथमिकता में वैसे कभी नहीं आया, जैसा संविधान में वादा किया गया था। इस पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।
इसी कारण पूरे देश में उपचार के लिए नागरिकों को भटकना और निराश होना पड़ता है। निराशा तब और बढ़ जाती है, जब कानूनी उपचारों के बाद भी उन उपचारों के विषय में न तो हम उपभोक्ता, न हमारे जनप्रतिनिधि और न सरकारी नुमाइंदे जागरूक होते हैं। समस्याओं का समाधान अक्सर जागरूकता में ही निहित होता है। देश में चिकित्सा और क्लीनिकल सेवाओं की बदहाली और मनमानी को रोकने के लिए केंद्र की सरकार ने क्लीनिकल इस्टैब्लिशमेंट एक्ट-2010 संशोधन 2016 लागू किया। संशोधन 2016 के लागू होने में थोड़ा विवाद है, लेकिन मूल अधिनियम 2010 लागू है, जिसमें प्रावधान है कि केंद्रीय स्तर पर एक चिकित्सा परिषद होगी। ऐसी ही परिषद राज्य स्तर पर भी होगी, जो स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी कर आवश्यक नियम बनाएगी। जिला स्तर पर इन नियमों के क्रियान्वयन के लिए जिला चिकित्सा प्राधिकरण होगा। जिसके अध्यक्ष जिलाधिकारी, संचालक मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा तीन अन्य चिकित्सा व्यवसाय से नामित विशेषज्ञ सदस्य होंगे। इस प्राधिकरण का उद्देश्य होगा कि वह जनपद में समस्त संचालित क्लीनिक का रजिस्ट्रेशन रखेगा (धारा 11), उनमें उपलब्ध संसाधनों की विशेषज्ञता, स्टाफ का प्रशिक्षण और सेवाओं के शुल्क का निर्धारण करेगा और इस बात को भी देखेगा कि क्या क्लीनिक सरकार द्वारा जारी निर्देशों का जनहित में पालन कर रहे हैं अथवा नहीं। जिसके लिए औचक निरीक्षण करेंगे धारा-33, इस एक्ट का यही उद्देश्य है कि मरीजों को मनमाने टेस्ट से निजात मिले, चिकित्सा परामर्श तथा ऑपरेशन कि दर न केवल निर्धारित हो बल्कि उसको साफ-साफ प्रदर्शित भी किया जाए। धारा-12 -2 (5,6) इन निर्देशों का पालन ना होने पर पहली बार 10000 दूसरी बार 50000 तीसरी बार 50,0000 तक जुर्माने के प्रावधान है। धारा 40 अपंजीकृत क्लीनिक को दंड देने के लिए है।
लेकिन, यह दुर्भाग्य ही है कि क्लीनिकल इस्टैब्लिशमेंट एक्ट की व्यवहारिकता का पीड़ित मरीजों को जानकारी ही नहीं है। अस्पतालों पर नियंत्रण रखने की इस एक्ट में अनुमोदित कोई व्यवस्था जमीन पर दिखाई नहीं देती है। परिणाम जानवरांे सा व्यवहार, मनमानी फीस, यहां तक कुछ अस्पताल पुलिस सूचना को सूचना के भी 3000 हजार वसूल रहे हंै। अर्थो ओपीडी 100 रूपये है पर उसी मंे अस्पताल में भर्ती होने पर 500 रूपये वसूले जा रहे हैं। अस्पताल में मरीज 3000 रूपये की डोरमेट्री में रह रहे हैं। ऐसी मनमानी अधिकांश क्लीनिक में लगातार बिना रोकटोक और भय के जारी है। उपचार शुल्क का स्पष्ट प्रदर्शन भी किसी अस्पताल के रिसेप्शन पर शायद ही किया गया हो। याददाश्त में किसी अस्पताल के विरूद्ध इस अधिनियम में कार्रवाई होती भी आज तक नहीं देखी।
परिणाम कई बार हताशा और गुस्से में अराजकता की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। सभ्य समाज में हिंसा और अराजकता को स्वीकार नहीं किया जा सकता है। इसलिए हमें संविधान की भावनाओं को समझते हुए स्वयं जागरुक होकर अपने प्रतिनिधि तथा प्रशासन पर दबाव बनाकर क्लीनिकल इस्टैब्लिशमेंट एक्ट को व्यवहारिक रूप से लागू कराने के सामूहिक प्रयास करने चाहिए। अगर ऐसा कर सके तो काफी हद तक लाचार और मजबूर बीमार तीमारदार कि मदद करने के साथ ही हम बीमार अस्पताल और समाज की सेहत को भी सुधार सकेंगे। आइए कोशिस करें। एक्ट को जमीन पर लागू करा मनमानी रोकें। क्लीनिकल उपचार तो उपभोक्ताओं के संरक्षण के तहत कानून का भी विषय है।


0 Comments