Header Ads Widget

Responsive Advertisement

बराली एक्सप्रेस-1 : छोटू का पहला दिन

मेरी मन की बात तो आप पढ़ते ही हैं। लेकिन, आज से अगले कुछ दिनों के लिए आप छोटू के मन की बात को पढ़ेंगे, जरूर पढ़िऐगा। इसको लेकर एक दावा भी है कि यह आपको पसंद आएगी और आपको अपने बचपन के दिनों में लेकर जाएगी। फिलहाल मेरे पास छोटू के मन की बात की नौ कहानियां उपलब्ध हैं। ये छोटी-छोटी कहानियां एक दिन बड़ी कहानी बनेगी। बाल कहानियों का छोटू आपको बचपन के हर उस दिन की यादा ताजा कराएगा, जो बचपन आपने जिया। जिस बचपन को जीवन का सबसे खूबसूरत पल माना जाता है। तो आइए आपको रू-ब-रू कराते हैं...जगमोहन चोपता के छोटू से 
बराली एक्सप्रेस-1
सावन का महीना, चारों तरफ हरियाली ही हरियाली। चोपता गदेरा उफान पर है। कुछ लोग गदेरे से लकड़ी छल्याने पर लगे हैं। महिलाओं का छोटे-छोटे गड़बग्गों का बीनना साफ दिखाई दे रहा है। उफनते गदेरे की गर्जना के साथ-साथ लोगों का चिल्लाना साफ सुनाई दे रहा है। ऐसा लग रहा है जैसे ये बरसात किसी महापर्व की तरह चोपता गदेरे में अवतरित हो गई हो। धान के सेरों से धान के फुल्यार की सौधी गंध मन को प्रफुलित कर रही है। छप्पर के ठीक सामने यकुली सौल से बांदरों का झुण्ड आम के पेड़ों की तरफ लुकाछुपी कर बढ़ रहा है। 
ले रवटा खा! अचानक इस आवाज ने छोटू की तन्द्रा को तोड़ा। वह पलक छपकते ही रोटी को हाथ मे लेते हुए फिर से बांदरों के झुण्ड पर पैनी नजर रखता है। रोटी के बीच में थोड़ा सा मिल्क मेड का तरल लगाया गया है। जो कि किसी महाभोज से कम नहीं लग रहा है। एक-एक कोर चबाते छप्पर की तरफ पलट कर छोटू चिल्लाते हुए कहता है। ताउजी बांदर आ रे हैं। 
अन्दर चूल्हें पर चढ़ी चाय की केतली को ठीक करते हुए ताउ कहते हैं, भगा इन घामड़ों को सारे आम झाड़ दिये है सालों ने। 
इतना कहना था कि छोटू बिजली सी गति से आम के पेड़ों की तरफ भागता है। बादरों के झुण्ड आम के पेड़ों पर चढ़ने से पहले ही पत्थरों के वार और चिल्लाने से तितर-बितर हो जाता है। पत्थर फेंकते हुए छोटू बांदरों का पीछा रोघटू तक करता है। रोघटू की बड़ी डांग पर खड़ा हो बांदरों को लाटूबगड़ की तरफ जाते देखता हे। अब नी आयेंगे ये, बुदबुदाते और हांफते हुए छप्पर की ओर लौट आता है। 
छप्पर में ताउ ने घर के लिये लौंकी, भिण्डी और कुछ कच्चे-पक्के आम थैले में रख दिये हैं। अब ताई और दीदी के साथ वह बराली छप्प्पर से घर की ओर चल पड़ता है। रास्ते की चढ़ाई में बड़े उत्साह के साथ बांदरों को भगाने की पूरी कथा विस्तार से ताई और दी को बताते जाता है।
जारी...

Post a Comment

0 Comments