सेवा में,
अग्नि देव और इंद्र देव
देवभूमि उत्तराखंड
...हे अग्नि देव शांत हो जाओ। पापियों के पाप की सजा धर्मियों को क्यों दे रहे हो प्रभु। जंगलों के निवासी आपकी आग की ताप के कारण जल कर मर रहे हैं। बेचारे जंगल जल रहे हैं। उनकी क्या गलती है। हे अग्नि देव नाराज ही होना है तो इस धरती पर राज कर रही सरकार के वन मंत्री पर होइये। हमारा क्या दोष। इंद्र देव आप तो कुछ ज्यादा ही कुपित लगते हो। प्रभु ऐसी क्या भूल हो गई, जो आप बरस ही नहीं रहे।
प्रभु एक कृपा और कर देना कि वन मंत्री श्रीमान 1008 हरक सिंह रावत जी कहीं गायब हो गए हैं। पता नहीं किस स्थान पर वे साधना कर रहे होंगे...? प्रभु उनको दर्शन दो। उनकी तपस्या को स्वीकार करो। बरस जाओ और उनको कह दो कि जाओ वापस जाओ। मैं बरस रहा हूं।
प्रभु क्षमा कर दो उस पापी के सारे पाप। बरस जाओ और शांत कर दो अग्नि देव को। अन्यथा सब तबाह हो जाएगा। उनकी नहीं सुननी है, तो मेरी तो सुन लीजिए प्रभु। मैं श्रीमान हरकु दा के बदले की क्षमा याचना कर देता हूं। मैं तो आपका पक्का भक्त हूं। पर प्रभु यह भी बता देता हूं कि सरकार का भक्त बिल्कुल भी नहीं हूं।आपका आदेश हो तो वन मंत्री जी की गुमशुदगी के लिए इस युग के खोजी गणों के पास अर्जी लगा देता हूं। उनको भी कुछ शक्ति दे देना कि वो जल्दी से वन मंत्री जी को खोज सकें। प्रभु करना-धरना तो उनका कुछ नहीं, पर ये तो पता चल जाएगा कि महाराज श्री 1008 कहां तपस्या कर रहे थे। उनके तप का फल किसी रूप में प्राप्त होगा।
एक विनती और है कि इस बार कोई ऐसा-वैसा वरदान मत दे देना उनको। बेचारे पहले से ही एक लख पुत्र-सवा लख नाती वाली कहावत में फंसे घूम रहे हैं। हे अग्नि देव, हे इंद्र देव प्रशन्न हो जाइए। मुक्त कर दीजिए राज्य वासियों को भयंकर अग्नि पीड़ा से। आपके भक्त आपको पुकार रहे हैं...।
...याचक, प्रदीप रावत (रवांल्टा)


0 Comments