हल्द्वानी: हल्द्वानी में ऑटो में सवार लड़की को अकेला देख ऑटो चालक ने उसके साथ बदतमीजी से बातें करनी शुरू कर दी। छात्रा के मना करने पर ऑटो चालक अश्लील बातें करने लगा। इतना ही नहीं वो छात्रा का अपहरण करना चाहता था। जैसे ही उसने ऑटो की गति तेजी की। छात्रा उसके इरादे भांप गई। उसने अपनी इज्जत बचाने के लिए चलते ऑटो से छलांग लगा दी।
छात्रा ने पूरी घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। परिजनों ने अपने स्तर से सीसीटीवी फुटेज खंगाले लेकिन, पुलिस में शिकायत नहीं की। सोशल मीडिया पर एक ऑटो की फुटेज और छात्रा के अपहरण की कोशिश की बात वायरल हो रही है। ललित महिला इंटर कालेज के सामने सोमवार की दोपहर करीब दो बजे चार छात्राएं घर जाने के लिए एक ऑटो में सवार हुईं। तीन छात्राएं बड़ी मस्जिद के समीप उतर गईं, लेकिन नौवीं की एक छात्रा दुर्गा मंदिर के समीप जाने के लिए ऑटो में बैठी रही।
रास्ते में ऑटो चालक छात्रा से अश्लील बातें करने लगा। इस पर छात्रा चालक को खरी-खोटी सुनाकर आटो से कूद गई। चालक मौके से भाग निकला। छात्रा के बताने पर परिजनों ने चालक की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले। परिजन एक आटो का नंबर फुटेज में आने पर पर संबंधित चालक की तलाश कर रहे हैं।

0 Comments