देहरादून: कहते हैं कि मन में जब कुछ करने के ललक हो तो हर काम आसान हो जाता है। ऐसा ही कुछ कर दिखाया देहरादून के सुपर थर्टी कोचिंग सेंटर में पढ़ने वाली गरीब मेधावी बच्चों ने। उन्होंने अपनी मेहनत के दम पर आईआईटी जैसे कठिन परीक्षा को पहली बार में ही पास कर दिखाया। यह कोचिंग सेंटर बच्चों को निशुल्क कोचिंग कराता है।
इन दिनों देहरादून के अखबार आईआईटी में पास होने वाले बच्चों के विज्ञापनों से भरे हुए नजर आ रहे हैं। अखबारों में कोचिंग सेंटर बच्चों की फोटो छपवा कर अपनी सक्सेस की कहानी मोटी रकम खर्च कर बयां कर रहे हैं। उनके लिए अपनी सक्सेस पर कहानियां मार्केटिंग का एक बड़ा जरिया है, लेकिन दूसरी ओर रेल टेल जैसी कंपनियों के कोचिंग सेंटर भी हैंं, जो बच्चों को निशुल्क कोचिंग देकर सफल बनाने में जुटे हैं। उनके ना तो कहीं विज्ञापन नजर आते हैं और ना ही कोई प्रचार।
रेलटेल कोचिंग सेंटर में पढ़ने वाले सभी 30 स्टूडेंट्स ने इस साल IIT क्रैक करने में सफल हुए हैं। रेलटेल आकांक्षा सुपर-30 नाम के इस कोचिंग सेंटर को टेलीकॉम पीएसयू कंपनी रेलटेल चलाती है। इसमें पढ़ने वाले सभी स्टूडेंट गरीब परिवारों से हैं। इस सेंटर में समाज के पिछड़े और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आने वाले होशियार बच्चों को 11 महीने की कोचिंग दी जाती है।पढ़ाई के अलावा यहीं पर बच्चों के रहने और खाने का भी इंतजाम किया जाता है।
इस प्रोग्राम का मकसद होनहार बच्चों को ऐसा माहौल देना है, जिससे वे सिर्फ अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कर सकें। रेलटेल ने अपने ऑफिशयल ट्विटर हैंडल से बच्चों की इस उपलब्धि पर ट्वीट करते इसे गर्व का क्षण बताया है। सक्सेस की कहानियों को अखबार में बयां करने से दूर रेलटेल के सुपर-30 की क्लास में बच्चे अपनी सक्सेस से संतुष्ट और खुश नजर आ रहे हैं। बच्चों के चेहरे पर उनके ग्रुप फोटो में उनकी खुशी साफ झलक रही है।

0 Comments