Header Ads Widget

Responsive Advertisement

बलूनी ने चुनाव आयोग सें मांगी सांसद निधि खर्च करने की अनुमति, कहा : विकास कार्य हो रहे प्रभावित

देहरादून : उत्तराखंड से राज्यसभा सदस्य और भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी ने केंद्रीय निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि उन्हें अपनी सांसद निधि को जनहित में जारी करने की अनुमति दी जाए।


बलूनी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुनील अरोड़ा को पत्र लिख कर कहा है कि उत्तराखंड में मतदान 11 अप्रैल को संपन्न हो चुका है लेकिन आदर्श आचार संहिता के कारण लंबे समय से राज्य में सांसद निधि के कार्य लंबित पड़े है।

सांसद बलूनी ने कहा कि आचार संहिता के अंतर्गत नए फैसले नहीं लिए जा सकते हैं, जिसके पीछे चुनाव आयोग की भावना रहती है कि नये निर्णय से मतदाता प्रभावित हो सकता है। लेकिन ऐसे निर्णय जो जनता को बड़ी राहत देते हैं, जिनका मतदाता को प्रभावित या देश के शेष स्थानों पर चल रहे चुनाव को प्रभावित करने से संबंध नहीं है, ऐसे विषयों पर चुनाव आयोग को सहमति देनी चाहिए।

बलूनी ने कहा कि चुनाव अधिसूचना के दौरान विकास से जुड़े जो विषय उनके संज्ञान में आये, उन पर वे अपनी सांसद निधि के माध्यम से शीघ्र मदद करना चाहते हैं। उन्होंने चुनाव आयोग से इस विषय पर जनहित को ध्यान में रखकर निर्णय करने का आग्रह किया है।



Post a Comment

0 Comments