नई दिल्ली:
जौनपुर की वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर राजा राम यादव का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह छात्रों को विवादास्पद सलाह देते हुए नजर आ रहे हैं. वाइस चांसलर यादव छात्रों को सलाह देते हैं कि अगर आपका किसी से झगड़ा हो जाए तो उसका कत्ल कर देना, बाकि बाद में हम देख लेंगे. उन्होंने गाजीपुर में एक समारोह में छात्रों को संबोधित करते हुए यह कहा.
न्यूज एजेंसी एएनआई की ओर से जारी वीडियो में देखा जा सकता है कि यादव कर रहे हैं, 'अगर आप पूर्वांचल यूनिवर्सिटी के छात्र हैं तो मेरे पास रोते हुए कभी मत आना. एक बात बता देता हूं. अगर आपका किसी से झगड़ा हो जाए तो उसकी पिटाई करके आना. बस चले तो कत्ल कर देना, बाद में हम देख लेंगे.
सोशल मीडिया पर उनके भाषण का वीडियो वायरल हो रहा है. एक वीडियो में इसके साथ ही वह कहते हुए सुने जा सकते हैं, 'युवा छात्र वही होता है जो पर्वत की चट्टानों में पैर मारता है तो पानी की धार निकलती है. उसी को छात्र कहते हैं. छात्र अपने जीवन में संकल्प लेता है, उसको अपनी आंखों से पूरा करता है. उसी को पूर्वांचल विश्वविद्यालय का छात्र कहते हैं.
यूपी के मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने वीसी के बयान पर कहा, 'यह गलत है. वह ऐसी टिप्पणी नहीं कर सकते. उन्हें छात्रों को शांति के बारे में पढ़ाना चाहिए, लेकिन वह गुंडा राज कर रहे हैं. ऐसी मानसिकता वाले वीसी को पद पर नहीं बना रहना चाहिए. उम्मीद है कि डिप्टी सीएम इस पर उचित कार्रवाई करेंगे.

0 Comments