Header Ads Widget

Responsive Advertisement

"कस होली विकास नीति, कस हमर नेता"

विशेष कॉलम 
कलम की मार ...
राज्य स्थापना की 19वी सालगिरह पर,बधाई देने की रश्म निभाना चाहता था। मगर दिल ने दिमाग की राह रोक दी। मन मस्तिष्क के संघर्ष ने अजीब हल चल पैदाकर दी। यूं तो नए राज्य और छोटी प्रशासनिक इकाइयों का गठन उस राज्य की आवाम को और अधिक सुविधाजनक सरकार और समाज उपलब्ध कराना होता है। लेकिन, इस मामले में उत्तराखंड दुर्भाग्यशाली राज्य रहा है, कि यहां जिस उद्देश्य के लिए या जिस पीड़ा के कारण पृथक उत्तराखंड राज्य गठन का आंदोलन चला वह पीड़़ा अलग पर्वतीय क्षेत्र के लिए अलग विकास की नीति ना होने, और विकास की दौड़ में उत्तर प्रदेश के पर्वतीय भूभाग का पिछड़ जाना, मुख्य कारण रहा। लेकिन यह कहना और भी अधिक कष्ट कर है, कि अलग उत्तराखंड राज्य बनने के बाद उत्तराखंड के पर्वतीय भूभाग की स्थिति उत्तर प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्र से भी बदतर हो चली है।


राज्य निर्माण से पूर्व जहां पर्वतीय क्षेत्र के ब्लॉक स्तर के चिकित्सालयों में 1 - 2 डॉक्टरों के साथ चिकित्सा की सुविधा उपलब्ध थी ।राज्य गठन के बाद जनपद स्तरीय अस्पतालों का यह हाल हो गया है । दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्र में बलिया, आजमगढ़ गोरखपुर, बिजनौर, मेरठ आदि क्षेत्रो के अध्यापक अध्यापन करते हुए देखे जाते थे। वहीं, राज्य गठन के बाद सीमान्त मे शिक्षक विहीन विद्ययालयो की संख्या बडी है। पर्वतीय उत्पाद मंडल के माल्टा, जोशीमठ मलारी की राजमा सेव आालू, हर्षिल के सेव, राजमा, घाट के आलू , चौबटिया के सेव, रामगढ़ के आडू खुमानी जैसे ख्याति लब्ध कुछ पर्वतीय उत्पादों के लिए आज भी विपणन की समुचित व्यवस्था नहीं है।

राज्य गठन के बाद उत्तर प्रदेश की छाया प्रति की विकास नीति ने असंतुलित विकास की इस कहानी को और तेज कर दिया, परिणाम स्वरूप जहां राज्य के मैदानी जनपदों में कथित विकास का पहिया तेज घुमा और जनसंख्या का दबाव भी तेजी से यहीं बडा। यह कैसी विडंबना है राज्य आंदोलन के दौर में जिस उधम सिंह नगर और हरिद्वार जनपद में राज्य से अलग होने की मुहिम चलाई थी वहीं क्षेत्र राज्य गठन से सर्वाधिक लाभान्वित है और विकास के इस क्षेत्र के आंकड़ों के कारण राष्ट्रीय विकास परिषद में उत्तराखंड को अनुदान दिए जाने की जो मांग रखी जाती है वह ठुकरा दी जाती है। जबकि, पूर्वोत्तर के राज्यों में केंद्र की यह विशेष सहायता जारी है जबकि उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों के हाल विकास मानक में पूर्वोत्तर से खराब है ।


इस असंतुलित विकास से उपजी हताशा ने उत्तराखंड के पर्वतीय अंचल में ऐतिहासिक दर से पलायन प्रारंभ किया , परिणाम स्वरूप आज प्रदेश के 39 सौ से अधिक गांव निर्जन हो चुके हैं। उपजाऊ सेरे बंजर हो गए, गांव में सूअर और बंदरों का पहरा है। राज्य गठन के बाद उल्टे चले विकास के पहिए ने उत्तराखंड की बेहद दर्दनाक तस्वीर प्रस्तुत की है। नफे नुकसान की अवधारणा से चलने वाली सरकारों ने इस पीड़ा को महसूस किए बगैर ही राज्य में करीब 3000 प्राथमिक विद्यालय, 5 नवोदय विद्यालय बंद करने के फरमान जारी किए हैं। वहीं 20 पॉलिटेक्निक, दर्जनों हाईस्कूल व इंटरमीडिएट स्कूल बंद होने के कगार पर पहुंच गए हैं। हमारे शीर्षासन करती विकास की नीति की पुष्टि राज्य में बढ़ रहा वनों का प्रतिशत भी करता है। जो अब बढकर 72% के आसपास हो गया है।


2012 में विधानसभाओं के परिसीमन के बाद पर्वतीय क्षेत्रों की विधानसभाओं की संख्या घटी है। जिस गति से पलायन जारी है। उससे अगले परिसीमन में पर्वतीय क्षेत्र के विधानसभा क्षेत्रों की संख्या और कम होगी जिससे आने वाले समय में पर्वतीय क्षेत्रों को समुचित प्रतिनिधित्व के अधिकार का संकट भी उत्पन्न होना ही है। इस पूरी हताशा को प्रदेश कि राजनीतिक संस्कृति भी बढ़ाती है। आज राजनीति में शामिल अधिकांश राजनेता उत्तराखंड के इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से परिचित नहीं है। और उनके विमर्श में उत्तराखंड की खुशहाली का नजरिया भी नहीं है। इस सब के लिए राजनीति से दूरी बनाकर रखने वाला उत्तराखंड का कथित बुद्धिजीवी ज्यादा जिम्मेदार है।
उत्तराखंड के विकास का पहिया तभी सीधी दिशा में घूम सकता है जब उसके केंद्र में गिर्दा के गीतो से निकलने वाले विमर्श को शामिल किया जाए।
..."कस होलो उत्तराखंड, कस हमारा नेता
कसि होलि विकास नीति, कस होलि ब्यवस्था
जड़ि कंजड़ी उखेड़ी ,भलि के पुरि बहस करुलो
हम लड़ते रया... हम लडते रूलो।"

                                                                                ...पी.के शाह

Post a Comment

0 Comments