नई दिल्ली: राम मंदिर निर्माण को लेकर अब कांग्रेस भी भाजपा पर हमलावर हो गई है। आरएसएस प्रमुख ने हाल ही में राम मंदिर को लेकर बयान दिया था, जिसके बाद कांग्रेस ने उन पर पलटवार किया है। कांग्रेस ने कहा कि कलयुग की कैकेयी भाजपा ने भगवान राम को 30 सालों से वनवास भेजा हुआ है। आरोप लगाया कि भाजपा को चुनाव के समय भगवान राम की याद आती है और चुनाव निपटने के बाद फिर से भगवान राम को वनवास भेज देती है।
कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि मोहन भागवत का बयान हमने सुना। बारिश और चुनाव के मौसम में बहुत सारे मेंढक आवाज करते हैं, पर हर आवाज यथार्थ और सच्चाई में नहीं बदल जाती। भगवान राम तो कण-कण में हैं, देश के मन-मन में है। उन्होंने कहा कि सतयुग में कैकेयी ने भगवान राम को 14 वर्ष का वनवास दिलवाया था। कलयुग की कैकेयी भाजपा और आरएसएस ने तो भगवान राम को 30 साल से वनवास पर भेज रखा है। हर चुनाव के बाद भगवान राम को वनवास पर भेज देते हैं और चुनाव से चार महीने पहले फिर भगवान राम को याद कर लेते हैं।
सुरजेवाला ने कहा, भाजपा और आरएसएस का चरित्र क्या है? मुंह में राम और मस्तिष्क में नाथूराम। ये है भारतीय जनता पार्टी की सच्चाई। उन्होंने कहा, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने स्पष्ट तौर से वर्षों से कहा है कि राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद का जो मामला है वह न्यायालय में विचाराधीन है। जो निर्णय न्यायालय करे वह सब पक्षों को मानना चाहिए और सरकार को उसे लागू करना चाहिए।
गौरतलब है कि बीते दिनों संघ प्रमुख मोहन भागवत ने कहा था कि अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण का विरोध विपक्षी दल नहीं कर सकते क्योंकि देश का बहुसंख्यक समुदाय भगवान राम की पूजा करता है। ऐसे में कांग्रेस का बयान नई राजनीति को जन्म देने की ओर बढ़ रहा है। हाल में कांग्रेस राहुल गांधी को शिव भक्त और राम भक्त के रूप में पेश कर चुकी है। कांग्रेस के इन आरोपों को इसी रूप में देखा जा रहा है।

0 Comments