नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 2.50 रुपये प्रति लीटर की कटौती करने का ऐलान किया है. केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने गुरुवार को प्रेस कान्फ्रेंस कर बताया कि सरकार 1.5 रुपए प्रति लीटर टैक्स कम करेगी और 1 रुपए लीटर का बोझ तेल कंपनियों को उठाना पड़ेगा. वित्त मंत्री ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि एक्साइज ड्यूटी में कटौती से केंद्र सरकार को 10,500 करोड़ रुपये के टैक्स का नुकसान होगा. इसके साथ ही जेटली ने राज्य सरकारों से भी इसी अनुपात में टैक्स में कटौती करने का आग्रह किया है.
पेट्रोल और डीजल की कीमत इस वक्त रिकॉर्ड शिखर पर है. पिछले कई दिनों से
लगातार बढ़ रही पेट्रोल-डीजल की कीमतों में गुरुवार को भी बढोतरी दर्ज की
गई. इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन की वेबसाइट के मुताबिक, राजधानी दिल्ली में
पेट्रोल 15 पैसे और डीजल 20 पैसे प्रतिलीटर महंगा हुआ. इसके साथ ही राजधानी
दिल्ली में पेट्रोल की कीमत गुरुवार को 84.00 रुपए प्रति लीटर और डीजल की
कीमत 75.45 रुपए प्रति लीटर है. जबकि बुधवार को दिल्ली में पेट्रोल 83.85
रुपये प्रति लीटर और 75.25 पैसे प्रति लीटर की दर से बिक रहा था.
तेल कंपनियों पर बोझ डालने से गिरे शेयर
- भारत पेट्रोलियम - 11%
- हिंदुस्तान पेट्रोलियम- 12.3%
- ओएनजीसी- 3.75%
- इंडियन ऑयल- 10%
- रिलायंस इंडस्ट्रीज- 7%
मुंबई में पेट्रोल 90 और डीजल 80 पार
देश में सबसे ज्यादा महंगा डीजल-पेट्रोल मुंबई में बिक रहा है. यहां गुरुवार को पेट्रोल 14 और डीजल 21 पैसे प्रतिलीटर महंगा हुआ है. मुंबई में गुरुवार को पेट्रोल की कीमत 91.34 रुपए प्रति लीटर और डीजल 80.10 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया. जबकि बुधवार को मुंबई में पेट्रोल 91.20 रुपये प्रति लीटर और डीजल 79.89 रुपये प्रति लीटर था.
क्यों बढ़ रही हैं तेल की कीमतें?
वैश्विक बाजार में क्रूड ऑयल का दाम 4 साल के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है. बताया जा रहा है कि ओपेक देशों के उत्पादन नहीं बढ़ाने के फैसले से क्रूड के दाम में उछाल आया है. सरकारी तेल कंपनियां (इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम, भारत पेट्रोलियम) देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में जारी बढ़ोतरी के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल की महंगाई और डॉलर के मुकाबले रुपए की गिरती कीमत को जिम्मेदार बता रही हैं.

0 Comments