Header Ads Widget

Responsive Advertisement

रवांई लोक महोत्सव में जीवंत होगी यमुना घाटी की सांस्कृतिक विरासत

देहरादून: उत्तराखंड में रवांई को सांस्कृतिक विरासत का अग्रणी माना जाता है। उत्तरकाशी जिले की अपनी खास संस्कृति है, लेकिन रंवाई घाटी की संस्कृति इसमें सबसे अलग है। क्षेत्र में हर माह कोई ना कोई त्योहार होता है। हर इलाके में त्योहार को अपने ढंग से मनाया जाता है, लेकिन रवांई घाटी की लोक संस्कृति को किसी एक स्थान पर अगर देखना हो, तो रवांई लोक महोत्सव में उसके दीदार आसानी से हो सकते हैं। इस बार रंवाई लोक महोत्सव 23 से 25 नवंबर तक नौगांव में होगा।

इस बार होने वाला रवांई लोक महोत्सव खास होने वाला है। तैयारियां भी जोरों पर हैं। लोक महोत्सव में जहां आपको रवांई की संस्कृतिक विरासत देखने को मिलेगी, वहीं इस महोत्सव में लोक बोली-भाषा का खासा लोकप्रिय कवि सम्मेलन भी सुनने को मिलेगा। कवि सम्मेलन को लेकर लोगों में खासी उत्सुकता भी दिखाई दे रही है।

नौगांव के इंटर कालेज में आयोजित होने वाला रंवाई लोक महोत्सव इस बार बेहद भव्य होने जा रहा है। जिसकी तैयारी भी जोरों पर है। इसमें रवांल्टी, जौनपुरी, बंगाणी, जौनसारी लोकभाषा, सहित लोकसंस्कृति, लोकसाहित्य पर परिचर्चा और उसके दस्तावेजीकरण पर सुझाव और काम रकने के लिए भी प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। बीट्स ऑफ यमुना वैली अपनी खास छाप छोड़ने में सफल रहेगा। यह अपनी तरह का खास कार्यक्रम होगा, जिसमें रंवाई के हर बाध्ययंत्र को बजाने के साथ लोक गीत भी गाए जाएंगे। इसके तहत साथ 40 से अधिक लोक कलाकार मंच पर 19 प्रस्तुति देंगे।
रंवाई लोक महोत्सव में रवांई के उन महापुरुषों को भी याद किया जाएगा, जिन्होंने ना केवल यमुना घाटी, बल्कि पूरे देश में नाम कमाया और विकास कार्यों के लिए अपनी अलग पहचान बनाई। रंवाई को नाम दिया और रंवाल्टों की शान बढ़ाई। महोत्सव में दौलतराम रवांल्टा सम्मान, जोत सिंह रवांल्टा, बर्फीयालाल जुंवाठा सम्मान, राजेंद्र सिंह रावत सम्मान और पति दास सम्मान अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा।

रंवाल्टी के प्रख्यात साहित्यकार महावीर रवांल्टा, साहित्यकार दिनेश रावत, वरिष्ठ पत्रकार और लोकसंस्कृति कर्मी प्रदीप रावत (रवांल्टा), साहित्यकार और पत्रकार प्रेम पंचोली, शशीमोहन रवांल्टा, युवा उद्यमी नरेश नौटियाल सहित पूरी यमुना, गंगा घाटी के संस्कृति प्रेमी और लोग, रंवाई लोक महोत्सव को सफल बनाने में जुटे हैं। रंवाई लोक महोत्सव का सपना संजोने वाले युवा शशिमोहन रवांल्टा का कहना है कि पूरे देश में लोग अपनी संस्कृति को एक मंच पर लाने का काम करते हैं, लेकिन रंवाई में अब तक इस तरह के प्रयास नहीं किए गए थे। उन्होंने अपनी संस्कृति को प्रमोट करने के लिए इस तरफ कदम बढ़ाया और सफलता हासिल की।

Post a Comment

0 Comments