Header Ads Widget

Responsive Advertisement

यादें- स्‍पीकरों का कंपि‍टीशन और टीवी का झिलमिलाना : पहाड़ समाचार

प्रदीप रावत (रवांल्टा)
बहुत कुछ ऐसा है, जो अब नहीं है, मगर पहले था। हमारा बचपन उस दौर में गुजरा...जब समय तेजी से बदल रहा था। धीरे-धीरे आधुनिक तकनीकें आने लगी थी। मेरे घर में आज भी रेडियो है और जब हम छोटे थे...तब भी था। अमृत कंपनी का था वो। भाई उसे अपनी छानी में लेकर गए। वहां चूहे उसे खा गए। पापा की दस साल से संभाली कांच की चिमनी को मैने तोड़ दिया। बहुत मार पड़ी थी तब। मुझे आज भी याद है। ये यादें ही हैं जो, हमें किसी के होने और कुछ बीत जाने का एहसास कराती हैं। इन यादों का एहसास कभी-कभार बुरा होता है। कभी शरारतों की यादें, कभी बचपन में किए हर काम की यादें। यादें किसी के साथ भेदभाव नहीं करती। सबको आती हैं और छू कर वापस चली जाती हैं। जैसे मैंने दो-तीन बातों का जिक्र किया है। पक्की बात है कि आपके साथ भी कुछ-कुछ ना कुछ ऐसा ही हुआ होगा। आओ आपको आपकी यादों में लेकर चलते हैं। उन यादों में जिनको आप शायद फिर से जीना चाहें।
कुछ ऐसी ही यादें...आपको जरूर याद होंगी। ...जैसे हर घर की खिड़की से स्पीकर की आवाज का आना। स्पीकरों का कंपिटीशन...। जिनके स्पीकर की ज्यादा आवाज आती थी, फिर उनकी बच्चों के बीच खूब चर्चा भी होती थी...। वो बेटा कि मां कसम...तुम्हारा स्पीकर तो भयंकर है यार...। गानों की कैसेटें लोगों के बीच तब प्यार बांटा करती थी। मेरी खरीदी कैसेट पूरे गांव के डेक और टेपरिकार्ड में बज कर वापस मेरे घर आ जाती थी। जब भी कोई नई कैसेट आती...लोग खरीदने के लिए टूट पड़ते थे। 

आपको याद होगा ब्लैक एंड व्हाइट टीवी की वो झिल-मिल जब ठीक से सि‍ग्‍नल नहीं आता था...। गांवों में बमुश्किल ही एंटिना से टीवी के सिग्नल आ पाते थे। टीवी भी बहुत घरों पर नहीं होता था। जिस घर में टीवी होती थी...वो घर तब का सिनोमाहाल जैसा ही बन जाया करता था। कई बार तो ऐसा होता था कि एंटिना हिलाते-हिलाते प्रोग्राम ही समाप्त हो जाता था...। ...जय हुनमान, रामायण, महाभारत, गंगे मैया और इंस्पेक्टर भारत...याद हैं ना ये प्रोग्राम...। इनको देखने के लिए हर शनिवार रात और हर सुबह रविवार को घर में गांव वालों का जमघट लगना...। जब तक समाप्त ना हो जाए किसी की चूं-मूं नहीं निकलती थी...। एक दम सन्नाटा रहता था। शनिवार को रात 10 बजे के बाद आने वाली पिक्चरें तो याद होंगी ना आपको। पि‍क्‍चर के बीच में प्रचार आता तो अपने साथी कहते कसम से खतरानाक हीरो है यार...क्‍या मारा उसने ओ ढि‍स्‍क्‍यूंं...। कई बार तो हम ही ढि‍सुम...ढि‍सुम... ढि‍सुम की आवाजें नि‍कालने लग जाते थे...। डांट पड़ने के बाद ही चुप होते थे।    

रंगीन टीवी का आविष्कार तो काफी पहले हो गया था, लेकिन पहाड़ में तब कुछ ही लोगों के पास रंगीन टीवी हुआ करती थी। लोग टीवी देखने के लिए दूर-दूर से आते थे। लाइट भी तब बहुत कम घरों में होती थी, रास्तों में अंधेरा पसरा रहता था। लोग छिलकों की मशालें बनाकर टीवी देखने आया-जाया करते थे। महाभारत-रामायण देखने के लिए लोग कई बार संजायती में वीसीआर किराए पर लाते थे। चौक में बैठकर पूरा गांव एक साथ देखता था। वीसीआर भी आसानी से नहीं मिलते थे। पहले बैटरी थी...बाद में जनरेटर आया। कई बार किराए पर बैठरी लाकर भी टीवी देखने का जुगाड़ कर लेते थे।
तब क्रिकेट मैच कम ही देख पाते थे। रेडियो पर प्रसारित होने वाली कमेंट्री में ही मैदान पर मौजूद होने जैसा आनंद लेते थे। पापा का रेडिया चुराकर भी कई बार पूरी रात-रात मैच की कमेंट्री का आनंद लिया है हमने...। जैसे ही छक्का लगता...हम सब दोस्त चिल्ला उठते...। खिलाड़ी आउट होता तो कुछ देरे के लिए रेडियो ही बंद कर देते थे। दूसरी टीम का खिलाड़ी आउट नहीं होता तो कई तरह के टोटके किया करते थे...। मजा तब किरकिरा हो जाता था...जब रेडिया के सेल खत्म हो जाते थे। कई बार तो चंदा जुटाकर रेडियो के सेल खरीदे हैं हमने...। 

वाॅकमैन...दूसरों के पास ही देखा था शुरू में। वाॅकमैन की लीड को कान में डालकर संगीत सुनने का आनंद कुछ और ही होता था। कहीं मेहमानी में जाते तो वाॅकमैन साथ-साथ जाता...लोगों को दिखाना भी तो होता था। गाय चराने जंगल जा रहे होते, तब भी वाॅकमैन साथ होता था। हम किसी के हाथ में देना भी उसे मुनासिब नहीं समझते थे। बहुत संभाल कर रखते थे। किसी के हाथ से गिर ना जाए...इसलिए अपना हाथ नीचे लगाकर रखते थे। आपकी यादें, मेरी यादें...हम सबकी यादें...जो याद आती रहेंगी। यही यादे हैं...जो हमें अपने छोटे से बड़े होने और हमारी हर अच्‍छी-बुरी बातों से रू-ब-रू कराती हैं...।

Post a Comment

0 Comments