पहाड़ समाचार.com
देहरादून: लगातार हो रही भारी बारिश ने देश के कई राज्यों में जन-जीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। उत्तर भारत बारिश से ज्यादा प्रभावित है। हिमाचल, पंजाब, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हरियाणा में लगातार बारिश हो रही है। पंजाब में भारी बारिश के चलते सोमवार को रेड अलर्ट जारी किया। पंजाब, हरियाणा के अधिकांश इलाकों में तीसरे दिन भी सामान्य से भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित है।
किसानों की खेतों में खड़ी धान अन्य फसलें कटने को तैयार है, लेनिक भारी बारिश के कारण काट नहीं पा रहे हैं। उत्तराखंड में पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश के कारण लोगों की फसलें बर्बाद हो रही हैं। धान की फसल टूटकर खेतों में ही सड़ने लगी है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। ऐसे में फसल को और खतरा हो गया है।
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने राज्य में लगातार बारिश के चलते कल सभी स्कूलों और कॉलेजों को बंद करने का आदेश दिया है। इसके अलावा पिछले 4 दिनों में भारी बारिश के कारण फसलों की हुई क्षति का आकलन करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने खाद्य और नागरिक आपूर्ति और पशुपालन मंत्रियों से भी प्रभावित लोगों को खाद्य पैकेट के वितरण और जानवरों के लिए सूखे चारा के वितरण के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने के लिए कहा है।
जम्मू के कथुआ में भारी बारिश के बाद नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। डिप्टी कमिश्नर रोहित खजुरिया ने कहा, श्हमने कल सुबह से जिले के विभिन्न स्थानों से लोगों को बचाया है। हमने नदियों के आसपास से लगभग 80 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। इसके अलावा यहां रंजीत सागर बांध के गेट इस क्षेत्र में भारी और लगातार बारिश के बाद अतिरिक्त पानी छोड़ने के लिए खोले गए हैं। खजुरिया ने कहा, हमने लोगों को चेतावनी दी थी कि द्वार खोले जाएंगे और उन्हें उससे दूर रहना चाहिए।
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में सोमवार को भूस्खलन की एक घटना में एक परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई। वहीं, उत्तराखंड के ज्यादातर स्थानों पर रविवार से शुरू हुई बारिश आज भी लगातार जारी रही जिससे पहाड़ों से मलबा और पत्थर गिरने से बदरीनाथ, केदारनाथ और यमुनोत्री धामों को जाने वाले मार्गों के अलावा कई अन्य मार्ग भी बाधित हो गए।

0 Comments