पहाड़ समाचार.com
पणजी: गोवा में सियासी तूफान थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब तक अपनी सहयोगी पार्टी और कांग्रेस से जूझ रही भाजपा अब अपनेआप में भी उलझने लगी है। मनोहर पर्रिकर कैबिनेट में फेरबदल किया गया है और दो मंत्रियों को मंत्रिमंडल से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोमवार को बताया कि कैबिनेट से बाहर किए गए मंत्रियों में फ्रांसिस डिसूजा और पांडुरंग मडकईकर का नाम शामिल है, जो काफी समय से बीमार चल रहे थे। दोनों ही मंत्री भाजपा के कोटे से हैं और लंबे वक्त से बीमार हैं।
फ्रांसिस डिसूजा के पास शहरी विकास मंत्रालय की जिम्मेदारी थी जो इस समय अमेरिका में अपना ईलाज करवा रहे हैं। वहीं पांडुरंग मडकईकर भी इसी साल जून में आघात लगने के बाद से ही बीमार चल रहे हैं और मुंबई के एक अस्पताल में उनका इलाज किया जा रहा है। मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर स्वयं दिल्ली के आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में इलाज करा रहे हैं। इसको लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। लोगों का आरोप है कि खुद बीमारी मुख्यमंत्री पद छोड़ने का तैयार नहीं और कैबिनेट से मंत्रियों को हटाया जा रहा है। इन दोनों मंत्रियों के बदले दो निलेश काबराल और मिलिंद नाइक को कैबिनेट में शामिल किया गया है और सोमवार शाम को इन्हें मंत्री पद की शपथ दिलवाई जाएगी। ये दोनों ही भाजपा के विधायक हैं। नाइक पहले भी पारसेकर सरकार में बिजली मंत्री रह चुके हैं। इससे पहले विपक्षी कांग्रेस ने भी राज्यपाल से मुलाकात की थी और राज्य में सरकार बनाने की दावेदारी जताई थी।
रविवार को ही भाजपा से स्पष्ट तौर पर कहा था कि पर्रिकर मुख्यमंत्री के पद पर बने रहेंगे। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने ट्वीट कर कहा था, ‘गोवा प्रदेश भाजपा की कोर टीम के साथ चर्चा कर यह निर्णय लिया गया है कि गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर ही गोवा सरकार का नेतृत्व करते रहेंगे। कांग्रेस का आरोप है कि राज्यपाल और केंद्र सरकार मिलकर राज्य को नुकशान पहुंचा रहे हैं। राज्य के सारे कामकाज ठप पड़े हुए हैं।
0 Comments