Header Ads Widget

Responsive Advertisement

सरकार कैसे लगेंगे उद्योग...? क्या सरकार इस सवाल का जवाब दे पाएगी!

...दिनेश मानसेरा
उत्तराखंड में उद्योग लगाओ का आह्वान, अक्टूबर के पहले हफ्ते होने वाली, इन्वेस्टर मीट के लिए सरकार ने किय है। खबर है कि पहले 25 करोड़ उसके बाद कुल 250 करोड़ का खर्चा करके होने वाले इस आलीशान समारोह से पहले ही कुछ ऐसे विषय सामने आ गए हैं, जिनको लेकर उद्योगपति संशय में पड़ गए हैं। खबर है कि पहले से यहां लगे बड़े औद्योगिक घरानों का फीडबैक अच्छा नही है। उत्तराखंड की बेलगाम अफसरशाही ने उन्हें खासा तंग किया हुआ है। उद्योगपति वहीं अपना डेरा जमाते हैं, जहां उन्हें पूछा जाए। सरकार हर वक्त हॉटलाइन पर रह कर, उनके मसले सुलझाए पर, ऐसा तिवारी शासन काल के जाते ही खत्म हो गया था। 

तिवारी शासनकाल के बाद खंडूरी आये वो सख्ती में रहे। निशंक ने आते ही कुछ ठीक भी किया, उनके जाते ही सिडकुल की दशा फिर से खराब हो गयी। आज ये हालात है कि हरिद्वार, उधम सिंह नगर में सिडकुल की 740 फैक्टरियां बंद हो गयी हैं। हाल ही में हरिद्वार की 2800 से ज्यादा उद्योगों पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने अपना चाबुक चला दिया है, कभी नमामी गंगे तो कभी एनजीटी का फरमान गंगा प्रदूषण को लेकर आये दिन उद्योगपतियों को परेशान करे पड़ा है। उद्योग लगाने के लिए उत्तराखंड में केवल चार जिले हैं, जहां प्रदूषण बोर्ड ने सख्ती की हुई है, क्योंकि ये चारों जिले गंगा-यमुना के पठारी जिले हैं। ऐसे में नया उद्योग लगाने आने वाले सौ बार सोचेंगे। 

बिजली सप्लाई के हालात भी कुछ अच्छे नहीं हैं। कभी-कभी रोज दस घंटे बिजली गुल रहने के बारे में उद्योगपति बातया करते हैं। इन सबसे और अहम बात ये है कि कोई भी काम देहरादून में हो या जिले में बिना लिए दिए नहीं हो रहे, जिससे उद्योगपति परेशान हैं। राजनीतिक चंदेबाजी से घिरे उद्योगपति रोज नए सरकारी आदेशों से डरे और परेशान हैं, एक स्टोन क्रेशर मालिक ने बताया कि उन्हें स्टॉक यदि पत्थर रेता का रखना है तो एक पटवारी से लेकर जिलाधिकारी, सचिवालय और सीएम आवास तक फाइल बनाकर लेजाने और उस पर होने वेक खर्चे से उनकी जान निकली जा रही है और दावा करती है कि यहां उद्योगों के लिए सिंगल विंडो सिस्टम है। ऐसी विंडो जो बगैर लिए-दिए खुलने का नाम ही नहीं लेती। स्टोन क्रेशर मालिकांे का समूह कहता है कि जो उद्योग यहां लगे हैं, सरकार उन्हें तो पहले बचाये फिर नये की बात करे। 

रेता-बजरी का धंधा रॉयल्टी टैक्स इतना महंगा करके चैपट कर दिया कि यहां बनने वाले राष्ट्रीय राजमार्गों के लिए रोड़ी पत्थर राजस्थान से रेल बोगी से लाकर इसलिए डाला जा रहा है, क्योंकि वो सस्ता पड़ रहा है। स्टोन क्रशर, खनन से जुड़े उद्योगपति पार्टियों को चंदा देकर भी धंधा नहीं कर पा रहे हैं। जिसका बड़ा कारण यह है कि अफरशाही हर रोज नया नियम थोपकर उनको परेशान करती है। कुछ साल पहले देहरादून जिले में कोका कोला ने उद्योग लगाने की घोषणा की, बाद में राज्य सरकार ने उनका साथ नहीं दिया, जिसके बाद से बहुराष्ट्रीय कंपनियों ने यहां से मुंह फेर लिया। 

उधम सिंह नगर के पंतनगर और सितारगंज में बड़े उद्योगों के आने की घोषणाएं हुई। विमान बनेंगे, जूते बनेंगे, फिर वो यहां क्यों नही आये? ये बड़ा सवाल है। इन्वेस्टर मीट कोई इवेंट नहीं है। उद्योगपति यहां आए और गंगा आरती, चारधाम दर्शन करके या पहाड़ो में पिकनिक मना कर चले जाएं। सरकार अपने प्रोजेक्ट्स की फाइल्स तो बनाये, उन्हें फारेस्ट से क्लेअर्नेंस कैसे और कितने दिन में मिलेगी? इसके लिए टाइम बाउंडेशन योजना चाहिए। उद्योगपति तभी भरोसा करेगा। नहीं तो वो क्यों रोपवे प्रोजेक्ट, पर्यटन के लिए जू प्रोजेक्ट्स में पैसा इंवेन्स्ट करेगा? सेलखड़ी लाइमस्टोन, लीसा बिरोजा, इमारती लकड़ी जैसे यहां के परंपरागत उद्योग हिमांचल से तक मुकाबला नहीं कर पा रहे हैं। वजह, अफसरशाही की लालफीताशाही ही खत्म नहीं हो रही। देश दुनिया घूमने पर भी मुख्यमंत्री को इंवेस्टरमीट के लिए कोई बड़ा आश्वासन नहीं मिला, जिसको लेकर त्रिवेन्द्र सरकार को अब चिंता करने की जरूरत है।

नोट: लेखक एनडीटीवी के सीनियर पत्रकार हैं। पिछले 30-32 सालों से पत्रकारिता कर रहे हैं। उनकी दो पुस्तकें भी प्रकाशित हो चुकी हैं। 

Post a Comment

0 Comments