पहाड़ समाचार.com
जम्मू: बिहारी और यूपी के बाद एक बार फिर नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण की खबर सामने आई है. इस बार यौन शोषण की खबर जम्मू के कठुआ जिले के एक अवैध हॉस्टल से आई है, आरोप केयरटेकर पर वहां रह रही बच्चियों ने लगाया है. पुलिस ने इस मामले में कठुआ थाने में धारा 376, 323 के साथ-साथ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है. हाॅस्टल में शुक्रवार देर शाम को अधिकारियों ने यहां छापा मारा। इसमें जम्मू, कठुआ, सांबा और पड़ोसी राज्य पंजाब की बच्चियां रह रही थीं.
छापेमारी में 5 से 15 आयुवर्ग के 20 बच्चों को बचाया जिसमें, 8 लड़कियां और 12 लड़के शामिल हैं. छापे के दौरान अधिकारियों की टीम का नेतृत्व करने वाले कठुआ के असिस्टेंट कमिश्नर (राजस्व) जितेंद्र मिश्रा ने मीडिया से कहा, यह कठुआ के डिप्टी कमिश्नर (उपायुक्त) के निर्देश पर शुक्रवार की देर शाम को यह छापा मारा गया. जितेंद्र मिश्रा ने बताया कि जिला प्रशासन को शिकायतें मिली थीं, जिसके बाद इस गैरकानूनी घर पर छापा मारने का फैसला हुआ और नाबालिगों को सुरक्षित निकाला गया. दो घंटे चली इस छापेमारी में पुलिस और अधिकारियों ने कंप्यूटर और अन्य रिकॉर्ड जब्त किए. यह कथित हॉस्टल पिछले चार सालों से चल रहा है, लेकिन कठुआ प्रशासन में कहीं भी रजिस्टर्ड नहीं है.
मिश्रा ने कहा, हम उनके माता-पिता से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं कि वो यहां कैसे आये थे और कथित हॉस्टल के अंदर किस तरह की गतिविधियां चल रही थीं. छापा मारने वाली टीम के एक अन्य सदस्य ने कहा, छापे के दौरान यह भी पता चला कि ये बच्चे इलाके के ही एक सरकारी स्कूल में पढ़ रहे थे और केयरटेकर इन बच्चों के रहने, खाने-पीने की व्यवस्था किया करता था. कथित हॉस्टल के केयरटेकर की पहचान केरल के फादर एंथनी के रूप में की गई है. मिश्रा ने कहा, ष्जब छापे के दौरान फादर एंथनी से कथित हॉस्टल के रजिस्ट्रेशन से जुड़े सबूत मांगे गये तो वो कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा सके. उनकी पत्नी जो इसी घर में रहती हैं, वो छापे के दौरान केरल गई हुई थीं.
अधिकारियों के मुताबिक इस घर से छुड़ाए जाने के दौरान बच्चों ने इस केयरटेकर के खिलाफ यौन उत्पीड़न की डरावने बातें बताईं. उन्होंने कहा, जब बच्चों ने फादर पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया उसके बाद केयरटेकर को हिरासत में ले लिया गया. बच्चों ने आरोप लगाया है कि केयर टेकर खाने-पीने की चीजों के साथ नाबालिग लड़कियों को नशे की गोलियां दिया करता था. केयरटेकर के खिलाफ गंभीर आरोपों को देखते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. कठुआ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीधर पाटिल ने मीडिया को बताया कि छापे के बाद हम मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं.

0 Comments