.com
देहरादून: गुरु का स्थान सबसे ऊपर होता है। गुरु ही गोविंद तक पहुंचने का मार्ग बताते हैं। हर साल 5 सितंबर को शिक्षक दिवस आदर्श शिक्षक और महान दार्शनिक डाॅ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिन पर मनाया जाता है। दुनियाभर में अलग-अलग दिनों में शिक्षक दिवस मनाया जाता है। शिक्षकों और गुरूओं का हमारे जीवन में बेहद महत्वपूर्ण स्थान है। हमारे देश में प्राचीन काल से ही गुरूओं का स्थान सबसे ऊपर रहा है। चन्द्रगुप्त मौर्य ने अपने गुरू चाणक्य के मार्गदर्शन की बदौलत ही नंदवंश का नाश कर राजा बने थे। प्राचीन काल के कई गुरूओं की विचारधारा को लोग आज भी आत्मसात करते हैं। आपको भारतीय इतिहास के ऐसे ही कुछ गुरुओं के बारे में बताते हैं। शास्त्रों में गुरु पूर्णिमा पर गुरुओं की पूजा का विधान है।
द्रोणाचार्य- कौरवों और पांडवों के गुरु रहे द्रोणाचार्य भारतीय इतिहास के महान गुरुओं में से एक हैं। ऐसा कहा जाता है कि द्रोणाचार्य का जन्म उत्तराखंड की राजधानी द्रोणनगरी यानि देहरादून में हुआ था। महाभारत युद्ध के समय वह कौरव पक्ष के सेनापति थे। आपको बता दें कि गुरु द्रोणाचार्य को एकलव्य ने अपना अंगूठा गुरु दक्षिणा के रूप में दिया था।
गुरु वशिष्ठ- गुरु वशिष्ठ राजा दशरथ के चारों पुत्रों के गुरु थे। वशिष्ठ के कहने पर दशरथ ने अपने चारों पुत्रों को ऋषि विश्वामित्र के साथ आश्रम में राक्षसों का वध करने के लिए भेज दिया था। गुरु वशिष्ठ को राजा बने बिना जो सम्मान प्राप्त था उसके सामने राजा का पद छोटा दिखता था।
महर्षि वेद व्यास- महर्षि वेद व्यास महाभारत के रचयिता थे। महर्षि वेद व्यास का जन्म त्रेता युग के अन्त में हुआ था और वह पूरे द्वापर युग तक जीवित रहे। वेद व्यास महाभारत के रचयिता ही नहीं, बल्कि उन घटनाओं के साक्षी भी रहे हैं, जो क्रमानुसार घटित हुई। उन्होंने व्यास गुफा बद्रीनाथ में तपस्या की।
परशुराम- परशुराम को भगवान विष्णु का छठा अवतार माना जाता है। मान्यता है कि पराक्रम के प्रतीक भगवान परशुराम का जन्म 6 उच्च ग्रहों के योग में हुआ, इसलिए वह तेजस्वी, ओजस्वी और वर्चस्वी महापुरुष बने। प्रतापी एवं माता-पिता भक्त परशुराम ने जहां पिता की आज्ञा से माता का गला काट दिया, वहीं पिता से माता को जीवित करने का वरदान भी मांग लिया। इस तरह हठी, क्रोधी और अन्याय के खिलाफ संघर्ष करने वाले परशुराम का लक्ष्य मानव मात्र का हित था। उत्तराखंड के सरनौल में उनकी माता रेणुका का मंदिर है। कहा जाता है कि बड़कोट में उन्होंने राजा शहस्त्रबाहु का वध किया था।
चाणक्य- चाणक्य चन्द्रगुप्त मौर्य के महामंत्री थे। उन्हें कौटिल्य के नाम से भी जाना जाता था। चाणक्य के नाम से प्रसिद्ध एक नीतिग्रंथ ‘चाण-क्य नीति’ भी प्रचलित है। उन्होने नंदवंश का नाश करके चन्द्रगुप्त मौर्य को राजा बनाया। वे जितने महान ज्ञानी थे, उतने ही राष्ट्रभक्त भी थे।
शौनक- शौनक ऋषि ने 10 हजार विद्यार्थियों के गुरुकुल को चलाकर कुलपति का विलक्षण सम्मान हासिल किया और किसी भी ऋषि ने ऐसा सम्मान पहली बार हासिल किया। वैदिक आचार्य और ऋषि जो शुनक ऋषि के पुत्र थे। गुरु वशिष्ठ, विश्वामित्र, कण्व, भारद्वाज, अत्रि, वामदेव और शौनक ये वे सात ऋषि हैं, जिन्हें सप्तर्षि कहा जाता है।
महर्षि सांदीपनि- भगवान कृष्ण, बलराम और सुदामा के गुरु थे महर्षि सांदीपनि। इनका आश्रम आज भी मध्यप्रदेश के उज्जैन में है। सांदीपनि के गुरुकुल में कई महान राजाओं के पुत्र पढ़ते थे। श्रीकृष्ण जी की आयु उस समय 18 वर्ष की थी और वे उज्जयनी के सांदीपनि ऋषि के आश्रम में रहकर उनसे शिक्षा प्राप्त कर चुके थे। सांदीपनि ने ही भगवान श्रीकृष्ण को 64 कलाओं की शिक्षा दी थी।
स्वामी समर्थ रामदास- स्वामी समर्थ रामदास छत्रपति शिवाजी के गुरु थे। उन्होंने ही देशभर में अखाड़ों का निर्माण किया था। महाराष्ट्र में उन्होंने रामभक्ति के साथ हनुमान भक्ति का भी प्रचार किया। हनुमान मंदिरों के साथ उन्होंने अखाड़े बनाकर महाराष्ट्र के सैनिकीकरण की नींव रखी, जो राज्य स्थापना में बदली।
रामकृष्ण परमहंस- स्वामी विवेकानंद के गुरु आचार्य रामकृष्ण परमहंस भक्तों की श्रेणी में श्रेष्ठ माने गए हैं। मां काली के भक्त श्री परमहंस प्रेममार्गी भक्ति के समर्थक थे। ऐसा माना जाता है कि समाधि की अवस्था में वे मां काली से साक्षात वार्तालाप किया करते थे। उन्हीं की शिक्षा और ज्ञान से स्वामी विवेकानंद ने दुनिया में हिंदू धर्म की पताका फहराई।

0 Comments