पहाड़ समाचार.com
...बोडी और ब्वाडा आज सुबह कुछ बड़-बड़ा रहे थे।कह रहे थे कि एक थे महाराजा मानवेंद्र शाह। मैंने कह दिया बोडी जी सुना क्या मैंने तो देखा भी। किसी से हाथ नहीं मिलाते थे। वो टिहरी रियासत के महाराज थे। बोडी ने खट से बोला...हां बेटा ठीक बोल रहा है तू। फिर बोली एक महाराज आजकल हैं। सरकार में मंत्री हैं, लेकिन हैं पूरी तरह महाराज ही। गजब के महाराज हैं। विदेश में हवाई जहाज से घूमते हैं और प्रदेश में हेलीकाॅप्टर से भ्रमण करते हैं।
बोडी का गुस्सा अभी शांत ही नहीं हुआ था कि ब्वाडा जी बोल पड़े...कोटद्वार की जनता खुद को धन्य महसूस कर रही है कि महाराज ने उनके घरों के ऊपर से हवाई दौरा किया। कह रहे हैं कि अब नदी-नालों ने जो तबाही मचाई थी। महाराज की कृपा से दूर हो गई है।
हूं...महाप्रतापी महाराज। लोगों को खुद को धन्य समझ ही लेना चाहिए। फिर बोडी कहां चुप रहने वाली...कहा दिया...जनता के हिस्से ऐसे दिन कम ही आते हैं, जब महाराज हवाई दौरा करते हैं। दौरे के दौरान उनके चरणों और मुख का जो तेज हेलीकाॅप्टर की खिड़की से बाहर निकला था बल...। उसीसे सारे नुकसान की भरपाई होगी।
अब बोडा जी पूरे रौ में आ चुके थे। फिर किसीकी क्या मजाल जो उनको रोक पाए। कहने लगे हमारे राज्य के राजा से लेकर उनके मंत्री और राजदरवारी सभी महाप्रतापी हैं। कुछ का प्रातप हवाई मार्ग से दिखता है, तो कुछ का अपने दफ्तारों में बैठे-बैठे ही फाइलों के जरिए लोगों तक पहुंच जाता है। ये तो रही बात महाराजाओं की।
मैंने सोचा ब्वाडा यहीं चुप हो जाएंगे बल...। पर वो कहां मानने वाले थे। जोर-जोर से बोल रहे थे। बोडी ने थोड़ा हड़काया तो ब्वाडा जी की आवाज जरा सी कम हुई। बोले एक और चक्रवर्ती मंत्री जी हैं, जो कोटद्वार में ही निवास करते हैं। उन पर एक पुत्र, सवा लख नाती वाली कहावती पूरी तरह फिट हो सकती है। भगवान उनको और प्रतापी बनाए। वो जमीन पर ही रहते हैं। पर वो इस धरती पर किसी वजनदार बोझ से कम थोड़े ही हैं। अगर इसी तरह राजा, महाराज हवा में उड़ते रहे तो, वह दिन दूर नहीं। जब देवभूमि के देवता इन पर कुपंत होंगे। बोडी ने पहले से घात तो डाल ही रखी है। ऐसी हालत होगी कि कहीं के नहीं रहेंगे। बोडी की घात खाली नहीं जाती। लग कर ही मानती है....। बुरा मानना होगा तो मान जाइए। बोडी और ब्वाडा ने बोल रखा है कि वो किसी के बुबा से नहीं डरते हैं बल...।
....प्रदीप रावत (रवांल्टा)

0 Comments