पहाड़ समाचार.com
प्रदीप रावत (रवांल्टा)
देहरादून: इस्मत चुगताई। आम लोगों ने यह नमा कम ही सुना होगा। लेकिन, साहित्य के क्षेत्र में शायद ही कोई ऐसा होगा, जिसने ये नाम नहीं सुना हो। ये वो नाम है, जो उर्दू साहित्य की सबसे ज्यादा विवादास्पद होने के बावजूद सर्वप्रमुख और सर्वमान्य लेखिका रहींं। बेहद शानदार कहानीकार, जिन्होंने अपनी रचनाओं के जरिये महिलाओं के सवालों को नए सिरे से उठाया। इस्मत चुगताई का जन्म 21 अगस्त 1915, बदायूं (उत्तर प्रदेश) में हुआ था। उनकी आज 107वीं जयंति है। इस्मत चुगताई लिहाफ कहानी के कारण मशहूर हुई0 थी। 1941 में लिखी इस कहानी में उन्होंने महिलाओं के बीच समलैंगिकता के मुद्दे को उठाया था। उस दौर में किसी महिला के लिए यह कहानी लिखना एक दुस्साहस था। इस्मत को इस दुस्साहस की कीमत चुकानी पड़ी, क्योंकि उन पर अश्लीलता का मामला चला, मामला बाद में वापस ले लिया गया। इस्मत चुगताई ने मुहावरों में गंगा-जमुनी तहजीब की तर्ज पर भाषा का प्रयोग किया। जिसे हिन्दी-उर्दू की सीमाओं में कैद नहीं किया जा सकता।
चुगताई ने निम्न मध्यवर्गीय मुस्लिम तबके की दबी-कुचली संकुचाई और कुम्लाई, लेकिन जवान होती लड़कियों की मनोदशा को उर्दू कहानियों व उपन्यासों में पूरी सच्चाई से बयान किया है। उनकी कहानी लिहाफ के खिलाफ लाहौर हाईकोर्ट में मुकदमा चला। जो बाद में खारिज हो गया। उन्होंने अनेक चलचित्रों की पटकथा लिखने के साथ ही जुगनू फिल्म में अभिनय भी किया। उनकी पहली फिल्म छेड़-छाड़ 1943 में आई थी। वे कुल 13 फिल्मों से जुड़ी रहीं। उनकी आखिरी फिल्म गर्म हवा (1973) में आई थी, जिसे कई पुरस्कार मिले थे। उर्दू साहित्य में सआदत हसन मंटो, इस्मत चुगताई, कृष्ण चंद्र और राजेन्द्र सिंह बेदी को कहानी के चार स्तंभ माना जाता है। इनमें भी आलोचक मंटो और चुगताई को सबसे अधिक महत्व देते हैं। इनकी लेखनी से निकलने वाली भाषा, पात्रों, मुद्दों और स्थितियों ने उर्दू साहित्य को नई पहचान और ताकत दी।
उर्दू साहित्य की दुनिया में ‘इस्मत आपा’ के नाम से विख्यात इस लेखिका का निधन 24 अक्टूबर, 1991 को हुआ। उनकी वसीयत के अनुसार मुंबई के चन्दनबाड़ी में उन्हें अग्नि को समर्पित किया गया। महिला सशक्तीकरण की सालों पहले एक ऐसी लकीर खींच दी, जो आज भी अपनी जगह कायम है। उनकी रचनाओं में स्त्री मन की जटिल गुत्थियां सुलझती दिखाई देती हैं। महिलाओं की कोमल भावनाओं को जहां उन्होंने उकेरा, वहीं उनकी गोपनीय इच्छाओं की परतें भी खोलीं। इस्मत ने समाज को बताया कि महिलाएं सिर्फ हाड़-मांस का पुतला नहीं, उनकी भी औरों की तरह भावनाएं होती हैं। वे भी अपने सपने को साकार करना चाहती हैं।


0 Comments