Header Ads Widget

Responsive Advertisement

सरकार रुपये का नुकसान हुआ है, चवनी से क्‍या होगा

प्रदीप रावत (रवांल्‍टा)
वाह सरकार। क्या मजाक किया आपने। मजाक तो सभी करते हैं, लेकिन जब मजाक ज्यादा ही निचले स्तर का हो तो मजाक भद्दा हो जाता है। वैसा ही कुछ आपने भी आपदा प्रभावितों के साथ किया है। पहाड़ इन दिनों बारिश से दरक रहे हैं। आसमान खुद ही गिरने को तैयार है। आफत तो बरस ही रही है। इसी आसमानी आफत ने चमोली जिले के जोशीमठ क्षेत्र के चांई गांव के काश्तकारों की फसल को पूरी तरह तबाह कर दिया था। सरकार ने उनको मदद का भरोसा दिया था। उसी मदद के भरोसे लोग बर्बाद फसल के दुख को भूलने की कोशिश कर ही रहे थे कि सरकार ने उनके सूखने की तरफ बढ़ रहे जख्मों को फिर से हरा कर दिया। 
अब आपको असल बात पर आते हैं। प्रदेश में बादल फटने का सिलसिला जारी है। आसमान से बरस रही आफत ने पहाड़ की आर्थिकी खेती को उजाड़ कर रख दिया। सात जुलाई को चमोली जिले के चांई गांव में भी आसमान से बरसी आफत ने तबाही मचा दी। काश्तकारों की खेती पूरी तरह तबाह कर दी। खेत बह गए। फसल बर्बाद हो गई। सरकार ने उसी दिन लोगों को उनकी पूरी मदद करने का भरोसा दिया था, लेकिन जब भरोसे और वादे को पूरा करने का वक्त आया, तो सरकार ने उनके साथ ऐसा मजाक किया, जिससे लोग खुश होने के बजाय और दुखी और परेशान हो गए। 
बारिश से गांव के 94 परिवारों की 1.87 हेक्टेयर खेती की जमीन को नुकसान पहुंचा था। गांव के 94 आपदा प्रभावित परिवारों के मुआवजे के लिए कुल 70,125 रुपये के चेक तैयार किए गए हैं। गांव के रघुवीर सिंह की पांच नाली काश्तकारी भूमि की क्षति के बदले उनको 112 रुपये 50 पैसे का मुआवजा दिया गया। बालक सिंह की आठ नाली में उगाई फसल और भूमि बर्बाद हो गई सरकार ने उनको भी 262 रुपये 50 पैसे का टीका लगाया। प्रेम लाल की आजीविका भी खेती से चलती है। उनकी सात नाली जमीन का नुकसान हुआ। उनको सरकार ने 187.50 रुपये का भारी भरकम चेक दिया। संजू लाल को 150 रुपये, सुरेश लाल को भी 150 रुपये का चेक दिया गया। कुंदन सिंह को 375 रुपये, ईश्वर सिंह को 375 रुपये, बिजेंद्र सिंह को 250 रुपये, बांके लाल को 112.50 रुपये के चेक दिया गया। 
आपदा की मार झेल रहे लोगों को इतने भारी-भरकम रकम के इन चेकों को लेने से इंकार कर दिया। मुआवजा राशि इतनी कम है कि इस राशि में ग्रामीणों के तहसील और जिला मुख्यालय आने-जाने तक का किराया भी नहीं निकल पा रहा है। 
सरकार से एक सवाल यह भी है कि जो 50 पैसे इन चेकों में दर्ज  है, मसलन 112 रुपये 50 पैसे और दूसरी राशियों के साथ जुड़ा 50 पैसा सरकार कहां से लेकर देगी। ये बात समझ से परे है। आखिर सरकार ने ऐसी कौन सी गणना और हिसाब-किताब लगाया, जिसमें पैसा-पैसा और पाई-पाई का ध्यान रखा गया। सरकार...इसे वास्तव में भद्दा मजाक ही कहते हैं...। मत कीजिए ऐसा। 

Post a Comment

0 Comments