पहाड़ समाचार.com
प्रदीप रावत (रवांल्टा)
पिछले कई दिनों से चल रही डबल इंजन की दौड़ आखिरकार अनिल बलूनी की जीत के साथ समाप्त हो गई। ये दौड़ इतनी भयंकर थी कि कई बार डबल इंजन के उत्तराखंड वाली खटारा गाड़ी के स्टेयरिंग जीरो टाॅलरेंस वाले मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने एलान किया कि दौड़ में मैं भी हिस्सा लूंगा। फिर धोती वाले बूढ़े शेर। अरे अपने भगत....दा भी दौड़ने के लिए तैयार हो गए। कहने लगे अभी बहुत दम बचा है। इधर, दौड़ की तैयारियां चल ही रही थी कि, केंद्र में किसी फाइल की तरह दबे अजय टम्टा ने कहा कि, मैं भी दौडूंगा। जहां एक ओर ये सब दौड़ की तैयारी हो-हल्ला मचाकर कर रहे थे। दूसरी ओर, राज्य सभा सांसद अनिल बलूनी उसेन बोल्ट की तरह चुपचाप अपनी मैराथन को जीतने की तैयारी 100 मीटर की फर्राटा दौड़ की तरह कर रहे थे।
अभी दौड़ शुरू होने से पहले की तैयारियों की बात हो रही थी। अब दौड़ शुरू होने ही वाली थी। भगत दा ने सोचा थोड़ा दौड़ना पहले ही शुरू कर देता हूं। किसी को बुरा भी नहीं लगेगा। भगत दा का तर्क था कि मेरी थोड़ा उम्र ज्यादा है, किसी को बुरा भी नहीं लगेगा। उन्होंने ऐलान कर दिया कि ट्रेन तो मैं ही चलाऊंगा। मैंने जवानी खपा दी और बुढापे तक पहुंच गया। बेचारे भगत दा ने हुंकार भरी। पर जैसे ही आगे बढ़े, फिसल कर रेस से बाहर हो गए।
अब बारी केंद्र में किसी प्रोजेक्ट की दबी हुई फाइल की तरह सिमटे हुए अजय टम्टा की थी। उन्होंने भी ऐलान कर दिया कि मैं तो दिल्ली में मैराथन की तैयारी में जुटा हूं। मैराथन जीतकर ही रहूंगा। इसकी भनक भगत दा को लगी, तो उन्होंने जुगाड़ करके अजय टम्टा को कहीं बीच में ही लंगड़ी मार दी। ये मैं नहीं लोग कह रहे थे....बल। वो भी रेस से बाहर हो गए।
डबल इंजन के उत्तराखंड में स्टेयरिंग से पहाड़ के पहाड़ी रास्तों पर गाड़ी तो चलाई नहीं जा रही। साहब रेल दौड़ने के सपने संजोने लगे थे। जुगत बहुत लगाई पर चली एक नहीं। सब जानते थे कि डबल इंजन का उत्तराखंड वाला छोटा इंजन खटाड़ा गाड़ी की तरह है। रेस से बाहर हो जाएंगे। हुआ भी वही। एक-दो बार की बयानबाजी के बाद गला सूख गया। बारी-बारी से सब रेस से बाहर हो गए।
अब आप सोच रहे होंगे कि रेस खत्म हो गई और अब तक विजेता का पता ही नहीं चला। चलो बता ही देता हूं। विजेता और कोई नहीं राज्यसभा में सांसद अनिल बलूनी हैं। आज तक भले ही कुछ किया हो या ना किया हो, पर बंदा जब से राज्यसभा में गया है। मैराथन की तैयारी 100 मीटर की रेस के हिसाब से कर रहा है। एक बाद एक रिकार्ड तोड़े जा रहे हैं। नैनी-दून एक्सप्रेस राज्य के लिए अच्छी उपलब्धी है। इस पर जश्न तो होना ही चाहिए। इस दौड़ से एक बात तो साफ हो गई कि श्रेय लेने वालों की टागें वो आपस में तो खीचेंगे ही। लोग भी उनकी टांग खींच डालेंगे। अब मुझे मत कहना की तुमने भी टांग खींची है।

0 Comments