पहाड़ समाचार.com
प्रदीप रावत (रवांल्टा)
‘‘जीरो’’ का जिक्र आते ही मन में सोये हुए प्रश्न जागने लगते हैं। खासकर तब, जब बात उत्तराखंड की हो रही हो। आप समझ ही चुके होंगे कि मैं जीरो टाॅललरेंस की बात कर रहा हूं। जीरो भी गज है। अगर किसी संख्या में पीछे लगा दिया जाए तो उस संख्या का मान बढ़ जाता है। लेकिन, जीरो हटाते ही उसका मान भी घट जाता है। अकेले जीरो का मान कुछ नहीं होता। कुछ ऐसी ही स्थिति सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत की भी है। उनका मान भी आजकल ‘‘जीरो’’ पर टिका हुआ है। अब देखना यह होगा कि उनका जीरो उनको हीरो बनाता है या फिर जीरो साबित करेगा। असल में यह सब भी उन पर ही निर्भर करता है कि उनको ‘‘जीरो’’ बनना है या हीरो।
असल मसला जीरो टाॅलरेंस का है। जीरो टाॅलरेंस सीएम के लिए जीरो की तरह ही है। जीरो टाॅलरेंस की बातें बहुत हुई। दावे भी हुए, लेकिन नजर केवल एनएच-74 मामले में आया। यहीं से सीएम के जीरो और हीरो बनने का खेल भी शुरू हुआ। खेल अब चरम पर है। बैटिंग सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत की है। अब तक उनकी पारी सिंगल, डबल और चैकों के सहारे ही आगे बढ़ रही है। उन्होंने छक्का मारने का भी प्रयास किया है, लेकिन वो छक्का ना मार पाएं, इसके लिए अब सरकार के खिलाफ मैदान में उतरी आईएएस अधिकारियों की टीम ने अपने सारे खिलाड़ी मैदान की बाउंड्री पर लगा दिए हैं। वो पूरी कोशिश में हैं कि सीएम छक्का मारना तो दूर, छक्का मारने के बारे सोचना ही छोड़ दें।
आईएएस अधिकारियों की टीम के सभी खिलाड़ी सीएम दरवार में दरवारी अपने एक बड़े खिलाड़ी से भी मिल चुके हैं। बात बिल्कुल साफ है कि अभी 99 रनों पर खेल रहे सीएम के रनों में एक रन और जुड़ते ही उनके साथ जीरो भी जुड़ जाएगा। आईएएस अधिकारी अपनी बाॅल फेंक चुके हैं। बाॅल अभी आधे पिच तक ही पंहुच पाई है। सीएम ने बैट भी कुछ ज्यादा ही चैड़ा रखा हुआ है। तय है कि अगर बाॅल बैट पर लगी तो छक्का लगना तय है। देखना यह है कि छक्का मारकर सीएम दो खराब गेंदों को मैदान से स्टेडियम के बाहर भेजते हैं या फिर नर्वस 90 का शिकार होते हैं। जीतने के लिए भी एक रन की ही और जरूरत है। एक रन जुड़ते ही जीरो का मान भी बढ़ जाएगा और सीएम 99 से 100 तक पंहुचकर शतक जमाने में कामयाब रहेंगे।
उनके खाते में जुड़ने वाला जीरो उनको हीरो बना सकता है और अगर सीएम दबाव में नर्वस 90 का शिकार हुए, तो वो जीरो साबित होंगे। सीएम के शतक और नर्वस 90 पर आउट होने का असर उनकी पूरी टीम पर तो पड़ेगा ही। 2019 में होने वाली टीम इंडिया के चयन में उत्तराखंड के खिलाड़ियों का चुना जाना भी निर्धारित करेगा। सीएम के पास यह सटीक और शानदार मौका है। उनको यहां मौके पर चाैैका नहीं छक्का मारना होगा। यही वो मौका है जब एक साथ दो खराब गेंदों को बाउंड्रीलाइन के साथ ही स्टेडियम से भी बाहर पंहुचा सकेंगे। इससे उनकी जगह टीम में पक्की होगी ही। साथ ही भविष्य में उनकी टीम के विजेता बनने और उनके फिर से कप्तान बनने की संभावनाएं और मौके बढ़ जाएंगे। फिर एक बार वही बात है कि ‘‘जीरो’’ से ‘‘हीरो’’ बनना भी उन्हीं के हाथ में है और ‘‘जीरो’’ से ‘‘जीरो’’ बनना भी।

0 Comments