चमोली: चमोली जिले में विभिन्न जगहों पर तड़के ढाई बजे हुई अतिवृष्टि से भारी नुकसान की खबर है। भारी के बारिश के चलते कई जगहों पर बाढ़ जैसे हालात बन गए। मकान, दुकान और कई वाहन उफनाए नालों में बह गए। हालांकि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य शुरू कर दिया गया है। एसडीआरएफ, आपदा प्रबंधन और पुलिस की टीमें रेसक्यू में जुटी हुई हैं।
आज सुबह तड़के करीब दो बजकर 30 मिनट पर थराली ब्लाक के ढाडरबगड़ (रतगांव), घाट ब्लाक के धुरमा-कुंडी तोक, तहसील चमोली के सेराबगड़ में अतिवृष्टि और भू-स्खलन से सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र से मिली जानकारी के अनुसार ढाडर बगड़ में सात वाहन नालों के तेज बहाव में बह गए। 11 दुकानें और मकान भी क्षतिगस्त हुए हैं। जबकि एक मोटर पुल, आठ आरसीसी पुलिया क्षतिग्रस्त होने की भी सूचना है। धुरमा-कुंडी तोक में पांच परिवार और कुछ गौशालाएं क्षतिग्रस्त हुई हैं। जबकि जबकि सेराबगड में भी कुछ मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं।
जिलाधिकारी आशीष जोशी ने सुबह करीब चार बजे घटना स्थलों की जानकारी लेते हुए आईआरएस से जुड़े अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने तहसील स्तरीय आईआरएस टीम को तत्काल राहत एवं खोज बचाव उपकरणों के साथ घटना स्थलों के लिए रवाना करने के साथ ही खुद भी घटना स्थलों का निरीक्षण किया।


0 Comments