Header Ads Widget

Responsive Advertisement

रंग लाई रंगोली की मुहिम, फूलदेई पर मिलेगी छुट्टी

पहाड़ समाचार:
फूल देई, छम्मा देई, देणी द्वार, भर भकार, फूल देई, छम्मा देई, ये देली स बारंबार नमस्कार, फूले द्वार फूल देई-छ्म्मा देई। फूलों के पर्व फूलदेई पर यही गीत गाते हुए इस त्योहार को मनाया जाता है। यह त्योहार कुछ खास है। इसके हर फूल के रंग में एक आस होती है, विश्वास और एहसास होता है। इसमें लोक परंपरा है, संस्कृति और सौंदर्य भी। अपने रंग को खोते इस त्योहार को बचाने की मुहिम में जुटे हैं रंगोली आंदोलन के प्रणेता शशि भूषण मैठाणी ’’पारस’’। उनकी यह मुहिम अब रंग लाने लगी है। 

मुख्यमंत्री त्रि‍वेंद्र सि‍ंह रावत ने शशि भूषण मैठाणी की मांग पर फूलदेई को बड़े स्तर पर मनाने और फूलदेई त्योहार के दिन हर साल सर्वाजनिक अवकाश घोषित करने की दिशा में संयुक्त सचिव कृष्ण सिंह को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देश दिए हैं। अगर ऐसा होता है, तो फूलदेई के पारंपरिक त्योहार को नई ऊर्जा के साथ मनाने का सिलसिला शुरू होगा और दम तोड़ते संस्कृति के इस त्योहार को नया जीवन मिलेगा। 
बसंत ऋतु के स्वागत का त्योहार फूलदेई हर साल चैत्र माह की संक्रांति को मनाया जाता है। फूलदेई के संरक्षण और संबर्धन में रंगोली आंदोलन की मुहीम 2008 में शुरू हुई और तब से लगातार चल रही है। इस अभियान के तहत प्रत्येक साल रंगोली आंदोलन एक रचनात्मक मुहीम के संस्थापक समाजसेवी शशि भूषण मैठाणी ’’पारस’’ राजधानी देहरादून में राज्यपाल और मुख्यमंत्री के द्वार से फूलदेई पर्व को मनाने की शुरुआत करते हैं। शशि भूषण मैठाणी का कहना है कि 6 साल पहले उन्होंने फूलदेई पर्व को परंपरागत तरीके से मनाने का शुभारंभ राज्यपाल और मुख्यमंत्री के द्वार से किया था। उसके बाद आम लोगों के घर-घर बच्चों की टोली को साथ लेकर गए। शुरू में लोगों को समझ नहीं आया, लेकिन धीरे-धीरे लोग इसमें रमते चल गए। उनकी मुहिम का असर स्कूलों पर नजर आया। स्कूलों में भी फूलदेई त्योहार मनाया जाने लगा। आज 22 से ज्यादा स्कूलों के बच्चों की टोली फूलदेई के पर्व को मनाने लगे हैं। 
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने लिया संज्ञान 
शशि भूषण हर वर्ष राज्यपाल और मुख्यमंत्री को फूलदेई के दिन अवकाश घोषित करने के संदर्भ में पत्र देते आए हैं, लेकिन किसी ने भी संज्ञान नहीं लिया। यह पहला मौका है कि किसी मुख्यमंत्री ने इस मांग पर गौर किया है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने शशि भूषण की मांग फूलदेई पर्व पर स्कूलों में अवकाश घोषित करने के सम्बंध में आवश्यक कार्रवाई हेतु सामान्य प्रशासन विभाग उत्तराखंड शासन को पत्र भेजा है। शशि भूषण ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मुझे उम्मीद है कि अब हमारी मुहिम रंग लाने लगी है। आने वाले दिनों में बच्चे बढ़-चढ़कर उत्साहपूर्वक फूलदेई पर्व को मनाने लगेंगे, जिसकी ख्याति देश-विदेश तक फैलेगी। 
गुजरात में हो चुकी शुरूआत

फूलदेई को देशभर में प्रसिद्धी दिलाने के लिए शशि भूषण मैठाणी की मुहिम गुजरात तक पंहुच चुकी है। इसी साल गुजरात में हुए यूथ आईकाॅन अवार्ड के दौरान खासतौर पर फूलदेई त्योहार मनाया गया। जिसे लोगों खासा पसंद किया। गुजरात में भी फूलदेई की तरह ही एक त्योहार मनाया जाता है। गुजरात में प्रवासी उत्तराखंडी फूलदेई को आने वाले दिनों में खासतौर पर आयोजित करेंगे। 

Post a Comment

0 Comments