Header Ads Widget

Responsive Advertisement

नेता जी की अब खैर नहीं

पहाड़ समाचार
-pahadsamachar.com
लगता है अब घात डालनी ही पड़ेगी। बोडी अर ब्वाडा तो गैरसैंण के लिए निकल भी पड़े हैं। नेता जी अब तुम्हारी खैर नहीं। कसम से छोड़ेगा नहीं मेरा भूत तुमको। ब्वाडा जी बोल रहे थे बल कि गैरसैंण की मिट्टी डालकर आऊंगा। ऐसी घात डालूंगा कि अगली बार विधायक बनना तो दूर जमानत जब्त हो जाएगी। वैसे भी नेता विधायक को भी लोग अब भूत-बेताल ही समझ रहे हैं। वो भी कभी-कभार ही नजर आते हैं पहाड़ में भूतों की तरह...हूं।
बोडी ने बोला कि भूत भी भौत ज्यादा गुस्से में होंगे बल आजकल। बसग्याल का महिना चल रहा है। लोग भोले बाबा की ही पूजा में रमे हैं। हमको भी तो भोले ही समझते हैं तुम। ठैरो जरा। ब्वाडा जी को तो ज्यादा ही गुस्सा आया हुआ था। ऐसे में अगर ब्वाडा ने भूत पर घात डाल दी तो समझो घात लगना पक्का। वैसे ही पहाड़ के लोगों पर बरसात भी किसी भूत से कम थोड़े है। पर नेता जी को क्या। किसी पर भूत लगे या किसी का भूत उतर जाए। 
अखबार वालों ने लिखा है कि मैदान के चार विधायकों के आगे पहाड़ के 35 फेल हो गए बल...। फेल नहीं इनको तो शर्म से डूब मरना चाहिए। नहीं डूब सकते तो जाओ और छलांग लगा दो रिस्पिना में, बिंदाल में। क्योंकि पहाड़ तो तुम जाते नहीं हो। पहाड़ में लोगों के साथ गांव भी मर रहे हैं। विस्थापन की मांग करते-करते लोग खुद ही विस्थापित हो गए। जिनको नेता बनाया वो अपना ही विस्थापन कर रहे हैं। 
किसी का विस्थापन देहरादून, किसी का हल्द्वानी, किसी का हरिद्वार, किसी का रुद्रपुर, किसी का दिल्ली। अब इनको पहाड़ के गांवों के विस्थापन की चिंता क्यों सताएगी। वो तो आराम फरमा रहे हैं। ना आपदा का डर ना मरने का डर। मलीन बस्तियों के मलीन सोच वाले नेताओं के साथ सरकार की सोच भी मलीन हो गई। इतनी मलीन कि उनको कुछ साफ-साफ दिखाई ही नहीं दे रहा। वोटों की फसल जो काटनी है। 
यह भी पढें--https://www.pahadsamachar.com/2018/07/blog-post_12.html
वैसे भूत उतारने की बारी अब हम पहाड़ियों की है। अकेले बोडी अर ब्वाडा जी ने ठेका थोड़े ले रखा है। विधायकों और नेताओं का भूत पूजना शुरू कर दो। हमारे गांव के गांव बर्बाद होने को हैं और ये देहरादूण में मौज कर रहे हैं। डूब मरो। आजकल वैसे भी गाड़-गदेरों में पानी खूब है। आपदा समझ कर लोग भूल जाएंगे। हर साल पहाड़ के दो-चार गांव आपदा की चपेट में आ जाते हैं। नेताओं को इनकी चिंता कम, आश्वासन देने के लिए शब्दकोष बनाने की ज्यादा रहती है। वो बस इसी चिंता में रहते हैं कि कैसे लोगों का उल्लू बनाया जाए। अगर हमारा उल्लू तुम्हारे सीधे उल्लू जितना टेढ़ा हो जाए, तो काम लग जाएगा नेता जी...बात पक्की समझो। ब्वाडा जी की घात-जैंकार अलग...। 
                                                                                                                 ... प्रदीप रावत (रवांल्टा)

Post a Comment

0 Comments