प्रदीप रावत (रवांल्टा)
गाली नि दे रा जी मैं। मैं तो दुखी हूं। खबरें पढ़-पढ़ कर और सुन-सुन कर। सुनने में आ रहा है बल कि त्रिवेंद्र सिंह रावत को बदल कर नया मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। वो भी पंडत जी। पता नि क्या मिलणु छिन युं थैं। ठाकुर और बामण के नाम की माला जपकर। पहले बात तो ये है बल कि मुख्यमंत्री नहीं बदला जाना चाहिए। उनके बुबा का क्या जाता है। घाटा तो हम उत्तराखंडियों का होता है। इंजन उनका अपना खराब। अर नुकसान हमारा करेंगे। भई वाह। ये भी कोई बात हुई। बहरहाल किसी चुगलेर ने बता दिया है कि ऐसा कुछ नहीं होने वाला।
अरे क्या है उत्तराखंड। कोई मशीन थोड़े है। हां तुम्हारे लिए हो सकता है। डबल इंजन वाले जो ठैरे। दिल्ली वाला इंजन तो ठीक से काम कर नहीं रहा। हमारे वाले इंजन का ग्रीस खत्म हो गया है। ग्रीस डालो उसमें। ऐसा थोड़े होता है कि नया-नया इंजन ही बदल देंगे।
मुख्यमंत्री बदलने से क्या होगा। ये कुछ नहीं कर पाए, तो जो बनेंगेे, वो क्या उखाड़ लेंगे। लोगों ने सोशल मीडिया पर बहुत गुस्से में बोली है ये बात। मेरा क्या मैं तो हूं ही चुगलेर, जो हाथ लगा लिख मारता हूं। एक और बात भी बोली है लोगों ने। वह भी गुस्से में। बार-बार जो गुस्सा लिख रहा हूं। डराना नहीं, लोग मारने थोड़े आ रहे रहे हैं आपको। वो तो बस ये कह रहे हैं कि पहाड़ के सीधे-साधे लोगों को परेशान करने वालों को सबक तो सिखाना ही पड़ेगा।
वैसे हमको अब आदत भी हो गई है। पिछले 18 साल में देखा और जाना ही क्या हमने। मुख्यमंत्रियों के नाम ही तो याद कर रहे हैं। वो भी गजब वाले। पहले हुए स्वामी जी, दूसरे हुए भगत सिंह, तीसरे हुए नारायण अपने एनडी तिवारी जी। फिर आए भुवन दा। उनको लंगड़ी मारकर आए शंकाओं से भरे और घिरे ’’निशंक’’। इनका चक्रवर्ती राज समाप्त हुआ तो आए बहुगुणों के धनी विजय, कोपभवन में बैठे हरदा ने बहुगुणा की विजय पर पर्दा डाल कर खुद आगे आ गए।
फिर हुई धुमाचैकड़ी। विधायक कौड़ियों के भाव बिक गए। तब लगा राष्ट्रपति शासन। हरदा ने फिर पर्दा डाला। एक दिन के लिए गद्दी संभाली। फिर से राष्ट्रपति शासन, फिर हरदा। चुनाव हुए। हरदा का पर्दा पूरी तरह बंद हो गया। मंच पुराना। पात्र नए। फिर बारी आई त्रिवेंद्र सिंह रावत कि। वो अभी भी जमे हुए हैं। पर जैसी चर्चा चल रही है। लगता है, उन पर भी हरदा के आम चूसने के बाद उनके आका पर्दा डालने वाले हैं। पर्दा डालो या कुछ और हम उत्तराखंडियों ने क्या बिगाड़ा है। हमारा घाटा क्यों करा रहे हो। अगर ऐसा-वैसा होता है कुछ तो दुख तो होगा ही ना। दुख में तो निकल ही पड़ता है... कन कपाल फुटी उत्तराखंड कु...।

0 Comments