Header Ads Widget

Responsive Advertisement

बराली में ही अटका छोटू का मन

बराली एक्सप्रेस-2 
... जगमोहन चोपता 
लम्बी छुट्टियों के बाद स्कूल खुला। नई किताबों को जिल्द लगाना, उन पर विषयवार नाम लिखने का काम भी निपट गया। लेकिन नई किताबों के चित्रों को देखने का आनंद ही था कि जो बार-बार बस्ते को खोलने और किताबों को पलटने के लिये उकसा रहा था। छोटू को स्कूल में भी बड़े दिनों बाद दोस्तों के साथ खेलना खूब भा रहा था। इन सबके बावजूद मन था कि बार-बार बराली पर अटक जाता। छप्पर में ताजे-ताजे आम, तिमला और मिल्क मेड के साथ रोटी का जो चस्का लग पड़ा था उसकी खुमारी ऐसी थी कि चाहकर भी स्कूल में मन नहीं लग पा रहा था। घर आकर बस्ता एक कोने में फेंककर बराली जाने की तैयारी हो जाती। 
अब धान की फसल पर बालियां आने लगी थी। गूल का पानी सभी सेरों में लबालब भरा हुआ रहता था। आम बिनने और रोटी खाने के बाद गदेरे से गूल के जरिये सेरों में आई मछलियों को पकड़ने की जुगत लगी रहती। आज खूब मशकत के बाद तीन चार छोटी छोटी मछलियों को ही पकड़ पाया था छोटू कि ताऊ की कड़क आवाज आई, ऐ कौख च रे, घौर नि जाण क्या?
आवाज सुनते ही छोटू मछलियों को लेकर दौड़कर छप्पर में लौटता है और बड़े उत्साह से ताऊ को मछलियों को दिखाता है। अब इनका क्या किया जाय? इसी उहापोह में कभी छप्पर के अंदर जलते चूल्हे को तो कभी ताऊ की तरफ देखता है। छप्पर के अंदर मांस मछली बनना वर्जित है। क्यों नहीं बना सकते पता नहीं। लेकिन मछलियो को तो पकाना भी जरूरी था फिर क्या बाहर भैंस के लिये धूली और मच्छरों को भगाने जलाए गए उप्पलों पर ही मछलियों को भूना गया। चोपता गदेरे की स्वादिष्ट मछलियों को भूनकर खाने का आनंद ही कुछ और है। 
इस बीच मां और ताई मवेशियों के लिये घास लेकर छप्पर पहुंच चुकि हैं। चाय की चुश्कियों के बाद ताई दूध दूहती हैं और फिर छोटू लग पड़ता है एक छोटी सी चढ़ाई चढ़ने। चढ़ाई में मां और ताई को बताने के लिये आज तो मछलियों के खूब किस्से हैं। उनको पकड़ने मे लगने वाली मेहनत, पकाने का सउर और खाने का स्वाद सब कुछ सुना डाला। 
बीच में मां की फटकार भी लगाई कि अकेले ऐसे मत जाया कर वहां, सांप और घेंघराजू काट लेंगे। इस फटकार में स्वीकारोक्ति के साथ हूं हां करता छोटू हांफते हुए धीरे-धीरे बराली की चढ़ाई चढ़े जा रहा था। 
इस सुनने-सुनाने में कब घर पहुंच गए पता ही नहीं लगा। घर आकर किताबों को किसी दुश्मन की तरह घूरने के साथ होमवर्क को जैसे-तैसे पूरा किया और दूसरे दिन का प्लान बनाने-बनाते गहरी नींद में सो गया छोटू। 
जारी......

Post a Comment

0 Comments