Header Ads Widget

Responsive Advertisement

शहरों को गांव की ओर ले जाकर ही पलायन रोका जा सकता है...

भाग-5 

-रूपेश कुमार सिंह 
 पलायन का जिक्र आते ही मुझे अपने राज्य उत्तराखण्ड  के वीरान गांव, सूने मकान, चैपट खेत-खलियान, शान्त रास्ते और दूर तक फैली खामोशी लिये सैकड़ों गांव का मंजर याद आता है। उत्तराखण्ड में पलायन को लेकर मास्साब हर छोटे-बड़े आन्दोलन में हमेशा शरीक रहे। पहाड़ के सीमांत गांव के खाली होने और लोगों के पलायन पर मैंने भी कई बार रिपोर्ट की है। कभी सोचा भी नहीं कि जिस तरह पहाड़ के गांव खाली हो रहे हैं, उसी तरह मैदान के गांव से भी लोगों के शहर जाने का सिलसिला बदस्तूर जारी है। कारण कमोवेश एक जैसे ही हैं। लेकिन परिणाम जुदा हैं। मैदान की अपेक्षा पहाड़ का पलायन ज्यादा घातक व विनाशकारी है। बावजूद मैदान के गांव से लोगों के बाहर जाने को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। 
बेतहाशा बढ़ती शहरीकरण व उपभोक्तावादी संस्कृति की चकाचैंध ने गांव व कस्वे को अपनी ओर खींचा है। रोजगार की तलाश भी पलायन का बड़ा कारण है। मैं कई साल बाद इस बार शाही, बरेली अपने पैतृक गांव गया तो मुझे पहली बार मैदान के गांव का खालीपन स्पष्ट तौर पर दिखायी दिया। दर्जनों घरों पर ताला था। जिन घरों ंपर अभी ताला नहीं लगा है, वहां बच्चे और बुजुर्गों  की संख्या ज्यादा थी। नौजवान काम की तलाश में शहरों का रुख कर चुके हैं। तीज-त्योहार पर ही घर लौटना होता है। बड़ा अजीब सा खालीपन देखा मैंने। पीपल की छांव में बैठकर ताश खेलने वालों का झुंड पता नहीं कहां गुम हो गया। 
 बात उत्तराखण्ड की। उत्तराखण्ड में खाली हो चुके गांव व जगह को ’’भुतहा’’ कहा जाता है। एक आंकड़े के मुताबिक राज्य में पिछले सात साल में सात सौ से ज्यादा गांव खाली होकर वीरान पड़े हैं। दस साल में लगभग चार लाख लोगों ने पहाड़ से पलायन किया है। 2011 की जनगणना के हिसाब से 968 गांव पूरी तरह से खाली हो चुके थे। 2018 में यह संख्या 1668 हो चुकी है। यह आंकड़ा वास्तव में भयावह है। लेकिन शासन-प्रशासन की काहिली का क्या कहना! तमाम योजनाओं का शोर मचाया जाता है पलायन को रोकने के लिए। राज्य सरकार ने अलग से आयोग भी गठित किया है। लेकिन जमीनी स्तर पर परिणाम शुन्य ही है। एक रिपोर्ट के अनुसार 50 फीसदी पलायन रोजगार के कारण हुआ। पलायन का दवाब झेलते-झेलते शहर और महानगर भी बुरी तरह हांफने लगे हैं। शहरी जिन्दगी बद से बदतर हो गयी है। लेकिन लोगों की मजबूरी उस नरकीय जीवन जीने को मजबूर करती है। 
यूं तो 85 साल पहले कथाकार मुंशी प्रेमचन्द ने अपने उपन्यास ’’गोदान’’ में पलायन का दर्द जबर्दस्त तरह से उकेरा था, इसके बाद तमाम साहित्यकारों ने अपनी रचना में पलायन का मुद्दा उठाया है। इस आधार पर कह सकते हैं कि पलायन कोई आज की समस्या या प्रक्रिया नहीं है। पुराने समय से इसकी त्रासदी को महसूस किया जा सकता है। 1990 के बाद देश में नयी आर्थिक नीति लागू होने की वजह से औद्योगीकरण पर सरकार का ज्यादा फोकस रहा। उद्योग भी शहरों तक सीमित रहे। कृषि पर सरकार ने ध्यान देना धीरे-धीरे बंद कर दिया। यहीं से गांव से पलायन का सिलसिला तेज हुआ। जो आज विकराल रूप धारण कर चुका है। पूर्व राष्ट्रपति और महान वैज्ञानिक अब्दुल कलाम ने कहा था, ’’शहरों को गांव की ओर ले जाकर ही पलायन रोका जा सकता है।’’ मतलब गांव को ही शहर बनाना होगा, साधन संपन्न बनाना होगा। उनका इशारा गांव को विकसित और रोजगार मुहैया कराने से है, लेकिन अफसोस गांव लगातार बदहाल हो रहे हैं।
कृषि जोत का छोटा होना, प्राकृतिक आपदा, रोजगार व सुविधाओं का अभाव, भेदभाव पूर्ण सामाजिक व्यवस्था, शिक्षा, चिकित्सा, परिवहन, सड़क की बदहाली, बिजली, पानी का अभाव, जाति व्यवस्था, नगरों की चकाचैंध आदि तमाम कारण हैं गांव से पलायन के। वास्तव में पहाड़ और मैदान में पलायन के कारणों में बहुत हद तक समानता है। स्वरूप और प्रक्रिया अलग हो सकती है। लेकिन पलायन का दर्द एक है। ग्लोबलाईजेशन के इस दौर में जब एक ओर पृथवी को उनमुक्त बाजार में तब्दील किया जा रहा है, तो हमारे गांव, पहाड़, कस्वे, शहर और महानगरों का अस्तित्व कैसे बचेगा? 
भारत जैसे विकासशील देश में गांव-कस्वे का जिन्दा रहना और फलना-फूलना बहुत जरूरी है।  यह कृषि व लघु उद्योग पर फोकस करके ही संभव है।

Post a Comment

0 Comments