Header Ads Widget

Responsive Advertisement

निकाय चुनाव: सरकार चुप क्यों है ?

...प्रदीप रावत (रवांल्टा)
लगता है निकाय चुनाव को लेकर खिंची तलवारें अब वापस म्यान में आराम फरमाने चली गई हैं। अखबारों में चैनलों में एक अंतराल के बाद की खामोशी किसी खबर की हेडलाइन से ही टूटती है। गहरी नींद में सो रहे विपक्षियों की नींद भी टीवी पर हेडलाइन की बुलंद आवाज को सुनकर खुलती है। ऐसा लगता है जैसे सरकार चुनाव कराए बगैर ही जीत जाना चाहती हो। विपक्ष भी पता नहीं हारने के डर से चुप है या चुप रहने में उसकी कोई चाल है। समय बीता जा रहा है, लेकिन कहीं कोई हलचल नहीं। आखिर निकाय चुनाव पर सरकार चुप क्यों है...?
कहीं ऐसा तो नहीं। सरकार और विपक्ष मैच फिक्सिंग में जुटें हों। ये सीट तुम्हारी वो सीट हमारी। लगता तो नहीं ऐसा हो रहा होगा। सवाल भी इसी कारण ज्यादा उठ रहे हैं। पिछले दिनों कोर्ट ने सरकार को झटका दिया। विपक्ष में करंट सा दौड़ गया। ऐसा लगा, सरकार के हर कंडिटेट को मात देकर ही मानेंगे। जैसे ही सरकार ने फिर से कोर्ट की शरण ली। मजबूती से अपनी बात रखी। राहत मिली। विपक्ष को फिर से सांप सूंघ गया। पता ही नहीं चल रहा कि प्रदेश में नगरों और शहरों की सरकारों का कोई वजूद है भी या नहीं।
खुद को पार्षद, सभासद, चेयरमैन, मेयर बनने का सपना संजोए कंडीडेटों के खर्च का मीटर बेवहज बढ़ता जा रहा है। पिछले दो माह से जो शराब पीने-पिलाने का दौर सेंचुरी मार रहा था। वह जीरो तक आ पहुंचा है। चुनाव प्रचार में उसेन बोल्ट की तेजी से मोहल्ले-मोहल्ले घूम रहे छोटे-बड़े नेताओं का दम फुल चुका है। मसलन अब अधिकांश अपने घर में ही गर्मी से झुलसने के डर से एसी में ही सुस्ता रहे हैं। लग रहा है, जैसे उनके पैरों में किसीने...कसीने नहीं सरकार ने बेड़ियां डाल दी हों।
खरगोश की चाल से चुनाव कराने को लेकर हाईकोर्ट पहुंचा चुनाव आयोग भी कछुआ हो चला है। आधे रास्ते तक तेज दौड़ लगाने के बाद किसी पेड़ के नीचे सुस्ताने चले जाने का एहसास करा रहा है। इस बात का आभास भी इन दिनों तकई नहीं हो रहा कि चक्रवर्ती सम्राट कब अपना अश्वमेघ का घोड़ा लेकर निकलेंगे और सभी को रौंददे हुए सभी गढ़ों पर विजयश्री हासिल कर लौट आएंगे। पता नहीं कब होंगे निकाय चुनाव। राम मालिक...?


Post a Comment

0 Comments