Header Ads Widget

Responsive Advertisement

हादसों को भूलना क्या इतना आसान है?

मेरी बात 
प्रदीप रावत (रवांल्टा)
उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से सड़क हादसों की संख्या में जबरदस्त इजाफा हुआ है। भगवान ना करे कि और हादसा हो। जब भी कोई हादसा होता है। किसी का बेटा चला जाता है। किसी के सिर से पिता का साया छिन जाता है। किसी भाई की बहिन चली जाती है। केवल रिश्ते ही तबाह नहीं होते। एक हादसा पूरा परिवार ही बर्बाद कर देता है। कई जिंदगियों को उजाड़ देता है। और छोड़ जाता है जीवनभर का दर्द। सवाल यह है कि क्या हादसों को भूलना इतना आसान हो गया?
2018 में हादसों का दौर कुछ ऐसा रहा। इस साल में अब तक कई हादसे हो चुके। कई जिंदगियों को हादसे लील चुके हैं। एक साथ एक ही परिवार के लोगों की चिताओं को आग दे चुका है। हादसों पर खबरें भी हर रोज होती हैं। खबरों की हेडिंगें भले ही उनके लिए कोई मायने ना रखती हों, जिन्होंने किसीको खोया नहीं, दुआ भी यही है कि किसीके परिवार पर हादसे की आंच ना आए, लेकिन उन परिवारों के लिए बहुत मायने रखती हैं, जिन्होंने अपनों को खो दिया, जिनके अपनों के जाने की यादें हमेशा के लिए इन हेडिंगों और खबरों में समा गई हैं। उत्तराखंड में सड़क हादसों में चार की मौत..., सड़क हादसे में गई चार लोगों की जान..., पूर्णागिरी मार्ग पर श्रद्धालुओं पर चढ़ा डंपर, 11 की मौत कई घायल..., अल्मोड़ा में दर्दनाक हादसा, दो की मौत..., सतपुली में दो दिन में दो सड़क दुर्घटनाएं..., उत्तराखंड में बड़ा सड़क हादस, खाई में गिरी यात्रियों की बस..., दून में बढ़ता जा रहा सड़क हादसों का ग्राफ, हर तीसरे दिन एक की मौत..., लोक गायक पप्पू कार्की समेत तीन लोगों की मौत..., नानकमत्ता में कार और ट्रक की टक्कर, पांच लोगों की मौके पर ही मौत..., सड़क हादसे में पांच श्रद्धालुओं की मौत..., रामनगर में खाई में गिरी बस, 13 की मौत, 14 जख्मी..., सड़क हादसे में महिला की मौत, 7 घायल..., हरिद्वार में सड़क हादसा, 15 यात्री घायल... और सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत..., सड़क हादसे में दो युवकों की मौत, उत्तरकाशी में  बस पलटी 15 घायल---, हादसे में मरे पिता-पुत्र की साथ जली चिताएंकृ। ये केवल हेडिंग नहीं। ये हेडिंगें उन हादसों का दर्द बयां करती हैं, जिन हादसों ने कई जिंदगियों को आपना शिकार बना लिया।  
ये ओ खबरों की हेडिंगें हैं, जिनको हम लगभग हर रोज बढ़ते हैं। कुछ हादसे ऐसे भी होते हैं, जो बड़ी हेडिंग नहीं बन पाते हैं। क्या इतनी आसानी से इन हादसों को भुलाया जा सकता है। क्या सरकार की कोई जिम्मेदारी नहीं है। जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सड़क हादसों पर मुख्य सचिव को निर्देश दिए थे कि इनको रोकने के उपाय किए जाएं। पर क्या हुआ? मुख्य सचिव ने डीजीपी, डीजीपी ने यातायात विभाग और सभी जिलोें के एसपी और एसएसपी को नियमों का पालन कराने के निर्देश दे दिए और हो गया बस। 
उन निर्देशों और आदेशों का पालन भी हुआ या नहीं? इस बात को देखने वाला कोई नहीं। क्या ओवर लोडिंग समाप्त हो गई? क्या कोई शराब पीकर गाड़ी नहीं चला रहा? क्या सभी वाहनों की फिटनेस ठीक है? क्या सड़कोें पर डेंजर जोन को सुरक्षित कर लिया गया? क्या खतरनाक जगहों पर साइन बोर्ड लगा दिए गए हैं? अगर नही तो फिर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई क्यों नहीं? सरकार सख्ती दिखाइये ता, हो सकता है किसी परिवार को उजड़ने से बचा दे, किसी की जिंदगी बचा दे, किसी को हादसे के जख्मों से सुरक्षित कर दे।  

Post a Comment

0 Comments